
नारी डेस्क: टीवी की मशहूर एक्ट्रेस और लाखों दिलों पर राज करने वाली रुबीना दिलैक आज जुड़वा बेटियों की मां हैं, लेकिन उनका मां बनने का सफर आसान नहीं रहा। हाल ही में एक इंटरव्यू में उन्होंने न सिर्फ अपनी IVF जर्नी के बारे में बात की, बल्कि अपनी मां के संघर्ष भरे प्रसव की कहानी भी साझा की, जिसे सुनकर हर कोई भावुक हो गया।
शिमला की साधारण शुरुआत से टीवी की स्टार बनने तक
Rubina Dilaik का जन्म हिमाचल प्रदेश के शिमला में हुआ था, जहां उन्होंने अपनी पढ़ाई भी पूरी की। उनके पिता गोपाल दिलैक एक सर्विसमैन और लेखक हैं, जबकि मां शकुंतला दिलैक गृहिणी हैं। रुबीना तीन बहनों में सबसे बड़ी हैं और बचपन से ही उनका सपना अलग था। वह IAS अफसर बनना चाहती थीं, लेकिन किस्मत उन्हें मनोरंजन की दुनिया में ले आई।

19 साल की उम्र में मां की संघर्षभरी डिलीवरी का खुलासा
एक इंटरव्यू में रुबीना ने बताया कि उनकी मां ने बेहद मुश्किल परिस्थितियों में उन्हें जन्म दिया था। महज 18-19 साल की उम्र में उनकी मां ने उन्हें गौशाला में जन्म दिया, जहां उनके साथ सिर्फ उनकी बड़ी दादी मौजूद थीं। उस समय न तो अस्पताल जैसी सुविधाएं थीं और न ही आज जैसी मेडिकल मदद। रुबीना ने बताया कि उनकी मां ने खुद ही ब्लेड की मदद से नाल काटी थी। यह सुनकर आज के समय में कल्पना करना भी मुश्किल लगता है, लेकिन यह उस दौर की सच्चाई थी।
मां के संघर्ष से मिला जीवन का असली सबक
रुबीना ने कहा कि आज जब लोग हॉस्पिटल के आरामदायक माहौल में डिलीवरी की सुविधा पाते हैं, तब उनकी मां ने जो सहा, उसकी तुलना नहीं की जा सकती। उनकी मां ने बहुत कम उम्र में अकेले ही सभी मुश्किलों का सामना किया और सिर्फ अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए हर तकलीफ झेली। रुबीना का करियर भी आसान नहीं रहा। उन्होंने 2006 में मिस शिमला का खिताब जीता और यहीं से उनके करियर की शुरुआत हुई। साल 2008 में टीवी शो छोटी बहू से उन्होंने डेब्यू किया, जिसमें उनके किरदार राधिका को दर्शकों ने काफी पसंद किया। इसके बाद वह टीवी इंडस्ट्री का बड़ा नाम बन गईं।
हालांकि कम ही लोग जानते हैं कि एक समय ऐसा भी था जब उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा था। लगातार 12-12 घंटे की शिफ्ट और लंबे समय तक पेमेंट न मिलने की वजह से स्थिति इतनी खराब हो गई थी कि उन्हें अपना घर तक बेचना पड़ा।

शादी और मां बनने तक का सफर
साल 2018 में Abhinav Shukla से शादी के बाद रुबीना ने अपने जीवन में एक नया अध्याय शुरू किया। शादी के छह साल बाद उन्होंने IVF के जरिए मां बनने का फैसला किया और जुड़वा बेटियों को जन्म दिया। आज रुबीना दिलैक सिर्फ एक सफल अभिनेत्री ही नहीं, बल्कि एक ऐसी महिला के रूप में जानी जाती हैं जिन्होंने संघर्ष, मेहनत और धैर्य के दम पर अपनी पहचान बनाई। उनकी कहानी सिर्फ ग्लैमर नहीं, बल्कि मजबूत इरादों और पारिवारिक जड़ों से जुड़ी प्रेरणा भी देती है।