नारी डेस्क: तमिलनाडु के कोयंबटूर में 10 साल की बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और हत्या ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक घटना को लेकर लोगों में पहले ही भारी गुस्सा था, लेकिन मामले पर पुलिस की प्रेस कॉन्फ्रेंस का एक वीडियो सामने आने के बाद विवाद और बढ़ गया। वीडियो में कुछ पुलिस अधिकारी हंसते और ठहाके लगाते दिखाई दिए, जिसके बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। इस पूरे मामले पर अब अभिनेत्री कुनिका सदानंद ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों के व्यवहार को बेहद असंवेदनशील बताते हुए नाराजगी जाहिर की है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस का वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ा विवाद
दरअसल, बच्ची के अपहरण, यौन उत्पीड़न और हत्या के मामले में पुलिस ने मीडिया ब्रीफिंग आयोजित की थी। इसी दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें आईपीएस अधिकारी राम्या भारती समेत अन्य पुलिसकर्मी हंसते नजर आए। वीडियो सामने आते ही लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए कि इतने गंभीर और संवेदनशील मामले में आखिर इस तरह का व्यवहार कैसे किया जा सकता है। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने इसे पीड़ित परिवार के दर्द का अपमान बताया।
कुनिका सदानंद ने जताया गुस्सा
एक्ट्रेस कुनिका सदानंद ने वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की। उन्होंने कहा कि अगर ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जाता, तो शायद हर रोज बच्चियों के साथ होने वाली घटनाएं इतनी आम न होतीं। कुनिका ने यह भी कहा कि एक महिला अधिकारी को इस तरह हंसते देखना बेहद दुखद है, खासकर तब जब मामला एक मासूम बच्ची के यौन उत्पीड़न और हत्या से जुड़ा हो। उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर यह मुद्दा और ज्यादा चर्चा में आ गया।
जानकारी के मुताबिक
कोयंबटूर की 10 साल की बच्ची 21 मई की शाम घर के पास एक दुकान पर सामान लेने गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन जब उसका कोई पता नहीं चला तो पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। अगले दिन बच्ची का शव कन्नमपालयम इलाके की एक झील के पास मिला। शुरुआती जांच में सामने आया कि बच्ची के साथ पहले यौन उत्पीड़न किया गया और बाद में उसकी हत्या कर दी गई। इस खबर के सामने आते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
दो आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी की पहचान कार्तिक के रूप में हुई है, जो नागपट्टिनम का रहने वाला बताया जा रहा है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। वहीं, मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने भी बच्ची के परिवार से बात कर दोषियों को सख्त सजा दिलाने का भरोसा दिया है।
सोशल मीडिया पर पुलिस अधिकारियों की हो रही आलोचना
वायरल वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। कई यूजर्स ने पुलिस अधिकारियों के व्यवहार को शर्मनाक बताया है। कुछ लोगों ने तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग भी उठाई है। लोगों का कहना है कि जब समाज में बच्चियों की सुरक्षा को लेकर इतना डर और चिंता है, तब जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों से संवेदनशीलता की उम्मीद की जाती है। ऐसे में इस तरह की तस्वीरें और वीडियो लोगों के भरोसे को कमजोर करती हैं।
मासूम के लिए इंसाफ की मांग तेज
इस दर्दनाक घटना के बाद कोयंबटूर समेत कई जगहों पर प्रदर्शन हो रहे हैं। लोग बच्ची के लिए इंसाफ और आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं। परिवार अभी भी सदमे में है और पूरे मामले ने एक बार फिर महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।