05 MAYSUNDAY2024 12:14:20 AM
Nari

ब्रिटेन को मिलेगा नया राजा! King Charles III के बाद ब्रिटिश सिंहासन के उत्तराधिकार का  जानें क्रम

  • Edited By vasudha,
  • Updated: 08 Feb, 2024 11:48 AM
ब्रिटेन को मिलेगा नया राजा! King Charles III के बाद ब्रिटिश सिंहासन के उत्तराधिकार का  जानें क्रम

ब्रिटेन के महाराजा चार्ल्स तृतीय इन दिनाें कैंसर से जंग लड़ रहे हैं, ऐसे में  उनसे अलग हो चुके छोटे बेटे  ड्यूक ऑफ ससेक्स प्रिंस हैरी उनसे मिलने लंदन पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि किंग चार्ल्स ने इस बीमारी के बारे में अपने दोनों बेटों को ख़ुद बताया है। अब इस खबर के सामने आने के बाद लोगों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि क्या  ब्रिटेन को फिर से नया राजा मिलने वाला है? चार्ल्स अपनी मां महारानी एलिजाबेथ की मृत्यु के बाद 18 महीने से भी कम समय पहले सिंहासन पर बैठे थे। 

PunjabKesari

किंग का चल रहा है इलाज

बकिंघम पैलेस ने सोमवार शाम घोषणा की थी कि 75 वर्षीय महाराजा ने कैंसर के एक अनिर्दिष्ट रूप का पता चलने के बाद उपचार लेना शुरू कर दिया है और उनकी सोच "पूरी तरह से सकारात्मक" है। उपचार शुरू होने के बाद महाराजा ने खुद को कैंसर होने की बात को सार्वजनिक करने का फैसला किया। उन्होंने यह निर्णय इस बात को ध्यान में रखते हुए किया कि प्रिंस ऑफ वेल्स के रूप में वह कैंसर से जुड़े परमार्थ कार्य के संरक्षक थे। बकिंघम पैलेस का कहना है कि इलाज के दौरान भी किंग चार्ल्स सरकार से जुड़े कामों और जरूरी दस्तावेजों को सामान्य रूटीन की तरह ही निपटाते रहेंगे।

PunjabKesari

 विलियम बन सकते हैं अगले किंग

हालात पर नजर डालें तो चार्ल्स के सबसे बड़े बेटे प्रिंस विलियम सिंहासन की कतार में हैं। यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि ताज पर राज करने वाले राजाओं से उनके जीवनसाथी को हस्तांतरित नहीं होता है, इसलिए  चार्ल्स तृतीय के बाद रानी कैमिला उत्तराधिकार की पंक्ति में नहीं हैं। तो चलिए जानते हैं ब्रिटिश सिंहासन के उत्तराधिकार का क्रम।

 

ब्रिटिश राजशाही के उत्तराधिकार का क्रम इस प्रकार से है :


1.प्रिंस विलियम : चार्ल्स और दिवंगत राजकुमारी डायना के सबसे बड़े बेटे। उन्होंने डचेस ऑफ कैम्ब्रिज केट शादी की है। उनके तीन बच्चे उत्तराधिकार की पंक्ति में उनके बाद आते हैं।

2.प्रिंस जॉर्ज : कैम्ब्रिज के राजकुमार, जुलाई 2013 में पैदा हुए।

3.राजकुमारी शैरलट : कैम्ब्रिज की राजकुमारी, मई 2015 में पैदा हुईं।

4.प्रिंस लुइस : कैम्ब्रिज के राजकुमार, अप्रैल 2018 में पैदा हुए।

5.प्रिंस हैरी : चार्ल्स और डायना के छोटे बेटे।

6.आर्ची माउंटबेटन-विंडसर : हैरी और मेघन के बेटे, मई 2019 में पैदा हुए।

7.लिलिबेट माउंटबेटन-विंडसर : हैरी और मेगन की संतान, जून 2021 में जन्मी।

8.प्रिंस एंड्रयू : महारानी एलिजाबेथ द्वितीय और प्रिंस फिलिप के दूसरे बेटे।

9.राजकुमारी बीट्राइस : एंड्रयू और उनकी पूर्व पत्नी सारा फर्ग्यूसन की बड़ी बेटी।

10.सिएना एलिजाबेथ : बीट्राइस और एडोआर्डो मैपेली मोजी की बेटी, सितंबर 2021 में पैदा हुई।

11.राजकुमारी यूगिनी : एंड्रयू और सारा फर्ग्यूसन की छोटी बेटी।

12.अगस्त ब्रुकबैंक : फरवरी 2021 में जन्मी यूगिनी और जेम्स ब्रूक्सबैंक की संतान।

13.प्रिंस एडवर्ड : एलिजाबेथ और फिलिप के सबसे छोटे बेटे।

14.जेम्स : एडवर्ड और उनकी पत्नी सोफी के बेटे।

15.लेडी लुइस माउंटबेटन-विंडसर : एडवर्ड और सोफी की बेटी।

PunjabKesari
 ब्रिटेन में अब क्वीन नहीं किंग का राज

वहीं राजकुमारी ऐनी, महारानी एलिजाबेथ द्वितीय और प्रिंस फिलिप की दूसरी संतान और एकमात्र बेटी। वह भाइयों एंड्रयू और एडवर्ड से बड़ी हैं लेकिन सदियों से बेटियों की तुलना में बेटों को प्राथमिकता देने वाले नियमों के कारण छोटी हैं, अब देखना यह है कि ब्रिटेन का अगला किंग कौन होगा। दावा तो यही किया जा रहा है कि आने वाले समय में चार्ल्स के बाद विलियम ही ब्रिटिश राज की सत्ता संभालेंगे।  महारानी एलिजाबेथ की मौत के बाद ब्रिटेन में क्वीन की जगह किंग ने ले ली थी।

Related News