
नारी डेस्क : बॉलीवुड के ग्रीक गॉड कहे जाने वाले सुपरस्टार ऋतिक रोशन का हालिया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसमें वह वॉकिंग स्टिक का सहारा लेते हुए नजर आए, जिसे देखकर उनके फैंस काफी चिंतित हैं और उनकी सेहत को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
वायरल वीडियो में ऋतिक की हालत
शनिवार रात को मुंबई में ऋतिक रोशन को पैपराजी के कैमरों ने कैद किया। वीडियो में साफ दिखा कि वह एक कार की ओर बढ़ते हुए वॉकिंग स्टिक का इस्तेमाल कर रहे हैं। कैप पहने और साधारण लुक में नजर आने वाले अभिनेता को देखकर फैंस को इस हालात में देखना चौंकाने वाला रहा। सोशल मीडिया पर वीडियो के वायरल होते ही फैन्स ने चिंता जाहिर की और कई कमेंट्स में उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
चोट की वजह पर फैन्स में सवाल
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि ऋतिक रोशन को यह चोट कैसे लगी। फिलहाल इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। वीडियो में भी ऋतिक ने पैपराजी से दूरी बनाए रखी और किसी से बातचीत नहीं की। बॉलीवुड में यह आम बात है कि कलाकार कभी-कभी शूटिंग या पर्सनल ट्रेनिंग के दौरान चोटिल हो जाते हैं। ऋतिक पहले भी फिल्मों के लिए भारी ट्रेनिंग कर चुके हैं और चोट का सामना कर चुके हैं।
फिटनेस के लिए जाने जाते हैं ऋतिक
ऋतिक रोशन बॉलीवुड के उन चुनिंदा एक्टर्स में शामिल हैं, जिनकी फिटनेस मिसाल मानी जाती है। उनकी बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन की कहानियां अक्सर युवाओं को प्रेरित करती हैं। ‘कृष’, ‘वॉर’ और ‘बैंग बैंग’ जैसी फिल्मों में उनकी फिटनेस और एक्शन को खूब सराहा गया। वर्कफ्रंट पर ऋतिक रोशन ‘कृष 4’ में नजर आएंगे। खास बात यह है कि इस फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी भी खुद ऋतिक संभाल रहे हैं। ‘कृष’ फ्रेंचाइजी के फैंस इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। वहीं, उनकी पिछली फिल्म ‘वॉर 2’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई थी।