नारी डेस्क: लड़कियों को मेकअप करना बहुत पसंद आता है, और लिपस्टिक तो एक ऐसा मेकअप प्रोडक्ट है, जो बिना ज्यादा मेहनत के भी इस्तेमाल किया जा सकता है। चाहे कॉलेज जाना हो, ऑफिस जाना हो या घर में रहना हो, लिपस्टिक तो लगाई ही जाती है। लेकिन कई बार लिपस्टिक बार-बार केकी हो जाती है, या फिर बिना वजह हट जाती है। कभी पपड़ी बन जाती है, तो कभी लिपस्टिक स्मज हो जाती है। ऐसे में कई लड़कियों को यह परेशानी होती है कि लिपस्टिक देर तक क्यों नहीं टिकती। लेकिन अब चिंता करने की कोई बात नहीं, क्योंकि यहां कुछ टिप्स और हैक्स दिए गए हैं, जिनकी मदद से लिपस्टिक को स्मज प्रूफ और लंबी देर तक टिका रखा जा सकता है।
होंठों को एक्सफोलिएट करें
लिपस्टिक को लंबे समय तक टिकाए रखने के लिए सबसे पहले जरूरी है कि होंठों को अच्छे से एक्सफोलिएट किया जाए। जब होंठों पर डेड स्किन सेल्स जमा होते हैं, तो लिपस्टिक पपड़ी बनकर लुक को खराब कर देती है। इसलिए, होंठों की सही एक्सफोलिएशन से यह डेड स्किन हट जाएगी, और होंठ मुलायम, चमकदार नजर आएंगे। एक्सफोलिएट करने के लिए आप चीनी का स्क्रब या फिर कॉफी का स्क्रब इस्तेमाल कर सकती हैं। इस स्क्रब से होंठों की मृत कोशिकाएं हट जाएंगी और लिपस्टिक लगाने पर एक स्मूद और परफेक्ट लुक मिलेगा।

होंठों को मॉइश्चराइज करें
होंठों को मॉइश्चराइज करना भी बेहद जरूरी है। अगर होंठ सूखे होंगे, तो लिपस्टिक ठीक से नहीं टिकेगी और जल्दी ही स्मज हो जाएगी। लिपस्टिक को लंबे समय तक टिके रहने के लिए, होंठों को पहले अच्छे से हाइड्रेटेड होना चाहिए। इसके लिए आप लिप बाम का इस्तेमाल कर सकती हैं। लिप बाम लगाने से होंठ नरम रहते हैं, और लिपस्टिक को लंबे समय तक टिकने में मदद मिलती है। आप चाहें तो नारियल तेल भी लगा सकती हैं, जो होंठों को प्राकृतिक नमी प्रदान करता है। लिप बाम लगाने के बाद थोड़ी देर रुकें और फिर लिपस्टिक लगाएं।
लिप लाइनर का इस्तेमाल करें
लिपस्टिक लगाने से पहले लिप लाइनर का इस्तेमाल करना बहुत फायदेमंद हो सकता है। लिप लाइनर से होंठों की आउटलाइन तो बनती है ही, साथ ही यह लिपस्टिक के लिए एक बेहतरीन बेस भी तैयार करता है। लिप लाइनर लगाने से लिप्स की शेप डिफाइन हो जाती है और लिपस्टिक को एक परफेक्ट फिनिश मिलता है। एक ट्रिक यह भी है कि लिप लाइनर की हार्श लाइन्स लगाने के बजाय, इसे होंठों के पूरे हिस्से पर हल्के से फैला लें। फिर इस पर लिपस्टिक की एक लेयर लगाएं। इस ट्रिक से लिपस्टिक काफी देर तक टिकी रहती है और स्मज भी नहीं होती।

लिपस्टिक की बहुत सारी लेयर्स ना लगाएं
कभी-कभी लड़कियां लिपस्टिक की बहुत सारी मोटी लेयर्स लगा देती हैं, जिससे लिप्स भारी नजर आने लगते हैं और लिपस्टिक केकी हो जाती है। अगर आप लिपस्टिक की अधिक लेयर्स लगाती हैं, तो वह हल्की और स्मूथ नजर नहीं आती। इसके बजाय, एक पतली और नॉर्मल लेयर लगाएं, जिससे लिपस्टिक हल्की, चिकनी और लंबे समय तक टिकने वाली लगेगी।
टिशू पेपर का इस्तेमाल करें
लिपस्टिक को लंबे समय तक टिकाए रखने के लिए एक और आसान तरीका है टिशू पेपर का इस्तेमाल। जब आपने लिपस्टिक लगा ली हो, तो एक टिशू पेपर लें और उसे हल्के से होंठों पर रखें। फिर, धीरे से टैप करें ताकि एक्सेस प्रोडक्ट हट जाए। इससे लिपस्टिक की एक परफेक्ट लेयर बन जाएगी और लिप्स पर स्मूथ और फ्लॉलेस लुक आएगा। यह टिप लिपस्टिक को लंबे समय तक टिकाए रखने में मदद करती है और स्मजिंग को भी रोकती है।

पाउडर की एक हल्की लेयर
एक और तरीका जिससे लिपस्टिक को लंबे समय तक टिकाया जा सकता है, वह है पाउडर का इस्तेमाल। जब आप लिपस्टिक लगाएं, तो हल्का सा ट्रांसलूसेंट पाउडर अपने होंठों पर लगा लें। इस पाउडर की लेयर से लिपस्टिक सेट हो जाएगी और स्मज होने का खतरा कम हो जाएगा।