
नारी डेस्क : मुंबई में फिल्म ‘धुरंधर-2’ की शूटिंग के दौरान नियमों की अनदेखी का गंभीर मामला सामने आया है। साउथ मुंबई के एक संवेदनशील और हाई-सिक्योरिटी इलाके में बिना प्रशासनिक अनुमति ड्रोन उड़ाए जाने के आरोप में मुंबई पुलिस ने फिल्म के लोकेशन मैनेजर के खिलाफ FIR दर्ज की है। मुंबई पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को लेकर की गई है। मामले की जांच जारी है।
शूटिंग के दौरान नियमों की अनदेखी
बॉलीवुड की बहुचर्चित फिल्म ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों और समीक्षकों दोनों से खूब सराहना बटोरी थी। रणवीर सिंह, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, अक्षय खन्ना और सारा अर्जुन जैसे दमदार सितारों से सजी इस फिल्म के सीक्वल ‘धुरंधर-2’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। इसी बीच शूटिंग से जुड़ी यह खबर सामने आने के बाद फिल्म एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, 1 फरवरी को साउथ मुंबई के हाई-सिक्योरिटी फोर्ट इलाके में फिल्म की शूटिंग चल रही थी। इस दौरान बिना किसी वैध अनुमति के ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल किया गया। इस मामले में MRA मार्ग पुलिस स्टेशन ने फिल्म के लोकेशन मैनेजर रिंकू राजपाल वाल्मीकि के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि प्रशासनिक निर्देशों के बावजूद सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किया गया, जिसे गंभीरता से लिया गया है।
शूटिंग सेट पर मौजूद थे संजय दत्त
जानकारी के मुताबिक, यह फिल्म की शूटिंग का तीसरा दिन था और उस समय अभिनेता संजय दत्त समेत पूरी फिल्म यूनिट सेट पर मौजूद थी। 30 जनवरी से ऐतिहासिक फोर्ट क्षेत्र को एक पुराने और भीड़भाड़ वाले पाकिस्तानी मोहल्ले के रूप में सजाया गया था। इस शूटिंग से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया।
कब रिलीज होगी ‘धुरंधर-2’?
फिल्म ‘धुरंधर-2’ का टीज़र 3 फरवरी को रिलीज किया गया है। आदित्य धर द्वारा लिखित और निर्देशित यह फिल्म 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। हालांकि, फिल्म की रिलीज से पहले ही बिना इजाज़त ड्रोन उड़ाने के इस विवाद ने माहौल गर्मा दिया है और अब इस मामले में कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।