07 JUNSUNDAY2026 1:30:02 PM
Nari

पैरों में दिख रहे हैं ये लक्षण तो हो जाएं सतर्क! Diabetes की हो सकती है दस्तक

  • Edited By Priya Yadav,
  • Updated: 07 Jun, 2026 10:53 AM
पैरों में दिख रहे हैं ये लक्षण तो हो जाएं सतर्क! Diabetes की हो सकती है दस्तक

नारी डेस्क: हमारे शरीर का हर अंग किसी न किसी तरह हमारी सेहत का हाल बयां करता है। लेकिन अक्सर लोग पैरों में होने वाले बदलावों को सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। फटी एड़ियां, पैरों में सूजन, लगातार दर्द या नाखूनों में बदलाव जैसी समस्याएं सिर्फ बाहरी परेशानी नहीं होतीं, बल्कि कई बार ये शरीर के अंदर पनप रही गंभीर बीमारियों का संकेत भी हो सकती हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि जब कोई व्यक्ति बार-बार एड़ियां फटने, पैरों में सूजन या दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचता है, तो सिर्फ उस समस्या का इलाज करना पर्याप्त नहीं होता। ऐसे मामलों में डायबिटीज, किडनी, लिवर और हृदय संबंधी बीमारियों की जांच भी जरूरी हो जाती है।

फटी एड़ियां सिर्फ सुंदरता की नहीं, सेहत की भी समस्या

अधिकतर लोग फटी एड़ियों को केवल त्वचा की समस्या मानते हैं, लेकिन कई बार इसके पीछे गंभीर कारण छिपे हो सकते हैं। जब पैरों की त्वचा अत्यधिक शुष्क हो जाती है तो एड़ियों पर दरारें पड़ने लगती हैं। लंबे समय तक खड़े रहना, गलत फुटवियर पहनना या पैरों पर ज्यादा दबाव पड़ना इस समस्या को और बढ़ा सकता है।

PunjabKesari

डायबिटीज का संकेत हो सकती हैं फटी एड़ियां

डायबिटीज के मरीजों में ब्लड शुगर बढ़ने से नसों को नुकसान पहुंच सकता है। इसके कारण पसीने की ग्रंथियां ठीक तरह से काम नहीं कर पातीं और त्वचा की नमी कम होने लगती है। नतीजतन एड़ियां रूखी होकर फटने लगती हैं।

थायराइड की समस्या भी हो सकती है वजह

हाइपोथायरायडिज्म यानी थायराइड हार्मोन की कमी होने पर शरीर की कई प्रक्रियाएं धीमी पड़ जाती हैं। इससे त्वचा का प्राकृतिक मॉइस्चर कम हो जाता है और एड़ियां फटने लगती हैं। जिन लोगों का वजन अधिक होता है, उनके पैरों और एड़ियों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। इससे त्वचा फैलने लगती है और धीरे-धीरे उसमें दरारें पड़ सकती हैं।

त्वचा रोग भी जिम्मेदार

सोरायसिस, एक्जिमा और अन्य त्वचा संबंधी बीमारियों में भी एड़ियां मोटी और फटी हुई दिखाई दे सकती हैं। इसके अलावा फंगल इंफेक्शन, पोषण की कमी, बढ़ती उम्र और धूम्रपान जैसी आदतें भी इस समस्या को बढ़ा सकती हैं।

PunjabKesari

पैरों में सूजन को हल्के में लेना पड़ सकता है भारी

अगर आपके पैरों या टखनों में बार-बार सूजन आ रही है तो इसे सिर्फ थकान समझकर नजरअंदाज न करें। चिकित्सा भाषा में इसे "पेडल एडिमा" कहा जाता है। यह शरीर में अतिरिक्त तरल पदार्थ जमा होने का संकेत हो सकता है। जब दिल पर्याप्त ताकत से खून पंप नहीं कर पाता तो शरीर के निचले हिस्सों में तरल पदार्थ जमा होने लगता है। ऐसे में पैरों और टखनों में सूजन दिखाई देने लगती है।

ये भी पढ़ें: 5 साल पहले ही चल जाएगा फेफड़ों के कैंसर का पता! लाखों लोगों की बच सकती है जान

किडनी की बीमारी का इशारा

किडनी शरीर से अतिरिक्त पानी और सोडियम बाहर निकालने का काम करती है। जब किडनी ठीक तरह से काम नहीं करती, तो शरीर में पानी जमा होने लगता है और पैरों में सूजन दिखाई देती है। इसकेअलावा लिवर शरीर में तरल पदार्थों का संतुलन बनाए रखने में मदद करता है। लिवर की कार्यक्षमता कम होने पर पैरों और टखनों में सूजन आ सकती है।

ब्लड क्लॉट भी हो सकता है कारण

यदि किसी एक पैर में अचानक सूजन दिखाई दे तो यह नसों में खून का थक्का बनने का संकेत भी हो सकता है। ऐसी स्थिति में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। पैरों में लगातार दर्द भी देता है बीमारी का संकेत पैरों में दर्द कई कारणों से हो सकता है। कभी यह सामान्य थकान की वजह से होता है, तो कभी यह किसी गंभीर समस्या का संकेत बन जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार उम्र बढ़ने के साथ मांसपेशियों की कमजोरी, मोटापा, ऑस्टियोआर्थराइटिस, प्लांटर फैशियाइटिस, कॉर्न, बर्साइटिस और एकिलीस टेंडिनाइटिस जैसी समस्याएं पैरों में दर्द का कारण बन सकती हैं। अगर दर्द लंबे समय तक बना रहे या चलने-फिरने में परेशानी होने लगे, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

नाखूनों में बदलाव भी बताते हैं शरीर का हाल

पैरों के नाखून भी आपकी सेहत के बारे में काफी कुछ बताते हैं। नाखूनों का रंग बदलना, उनका मोटा होना, टूटना या उनमें असामान्य रेखाएं दिखना शरीर के अंदर चल रही किसी बीमारी का संकेत हो सकता है। कई बार नाखूनों में होने वाले बदलाव फंगल इंफेक्शन, पोषक तत्वों की कमी, डायबिटीज या रक्त संचार से जुड़ी समस्याओं की ओर इशारा करते हैं।

PunjabKesari

कब डॉक्टर से मिलना जरूरी है

अगर आपकी एड़ियां बार-बार फट रही हैं, पैरों में लगातार सूजन बनी रहती है, दर्द बढ़ रहा है या नाखूनों में असामान्य बदलाव दिखाई दे रहे हैं, तो इसे केवल सामान्य समस्या समझकर नजरअंदाज न करें। समय रहते जांच और सही इलाज कई गंभीर बीमारियों को शुरुआती अवस्था में पकड़ने में मदद कर सकता है। शरीर के ये छोटे-छोटे संकेत भविष्य में बड़ी परेशानी से बचाने का काम कर सकते हैं।
 

 
 

Related News