05 DECFRIDAY2025 10:11:27 PM
Nari

मुंबई से चेन्नई जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट में जलने की गंध, इमरजेंसी में वापस उतारना पड़ा विमान

  • Edited By Priya Yadav,
  • Updated: 29 Jun, 2025 05:25 PM
मुंबई से चेन्नई जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट में जलने की गंध, इमरजेंसी में वापस उतारना पड़ा विमान

नारी डेस्क: शुक्रवार रात को मुंबई एयरपोर्ट से चेन्नई के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI 639 को तकनीकी कारणों से उड़ान के कुछ समय बाद ही वापस मुंबई एयरपोर्ट पर आपात स्थिति में उतारना पड़ा। विमान में बैठे यात्रियों और क्रू मेंबर्स को अचानक केबिन में जलने जैसी गंध महसूस हुई, जिसके बाद पायलट ने एहतियात के तौर पर मुंबई लौटने का फैसला किया।

यह घटना शुक्रवार रात लगभग 10:55 बजे की है, जब फ्लाइट ने मुंबई से चेन्नई के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के थोड़ी ही देर बाद यात्रियों और केबिन क्रू को केबिन के अंदर कुछ जलने जैसी अजीब गंध आने लगी। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और विमान को वापस मुंबई लैंड कराने का निर्णय लिया।

एयर इंडिया का बयान

एयर इंडिया के प्रवक्ता ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि यह एहतियाती कदम था, ताकि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने बताया कि विमान को सुरक्षित रूप से मुंबई एयरपोर्ट पर उतारा गया, और सभी यात्रियों को तुरंत विमान से बाहर निकाल दिया गया।

PunjabKesari

ये भी पढ़ें: शेफाली जरीवाला पर भूत का साया? एक पार्टी में सुनाई थी डरावनी कहानी

क्या कार्रवाई की गई?

फ्लाइट को लैंड करने के बाद तकनीकी जांच के लिए अलग पार्क कर दिया गया। जांच के दौरान विमान में तकनीकी सुधार किए गए। सभी यात्रियों को एयरपोर्ट स्टाफ की मदद से अस्थायी रूप से ठहराया गया और उन्हें पूरी सहायता दी गई। एयर इंडिया ने यात्रियों को दूसरे विमान से चेन्नई भेजने की व्यवस्था की, ताकि उनकी यात्रा पूरी हो सके।

यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि

प्रवक्ता ने कहा कि एयर इंडिया अपने यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को सबसे ऊंची प्राथमिकता देती है और इस तरह की किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए हमेशा तैयार रहती है।  

 

Related News