
नारी डेस्क : साउथ एक्ट्रेस श्रुति हासन अपनी बेबाक राय के लिए जानी जाती हैं। फिल्मों के साथ-साथ वह अपनी निजी जिंदगी और महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर भी खुलकर बात करती हैं। हाल ही में 40 साल की एक्ट्रेस ने पीरियड्स के दौरान होने वाले दर्द और कामकाजी महिलाओं की परेशानियों को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि PCOS की वजह से उन्हें काफी दर्दनाक पीरियड्स का सामना करना पड़ता है। इसी दौरान उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्होंने हजारों बार भगवान से प्रार्थना की है कि पुरुषों को भी पीरियड्स हों, ताकि वे इस तकलीफ को समझ सकें और शायद काम की जगहों पर 'पीरियड हॉलिडे' को लेकर गंभीरता आए।
'पुरुषों को भी पीरियड्स हों तो कॉन्ट्रैक्ट में पीरियड हॉलिडे होगा'
श्रुति हासन ने एक्ट्रेस सोहा अली खान के पॉडकास्ट पर पीरियड्स को लेकर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए हर महीने होने वाली इस परेशानी को समझना जरूरी है, खासकर तब जब उन्हें इसी दौरान काम भी करना पड़ता है। एक्ट्रेस ने मजाकिया अंदाज में कहा, “मैंने हजारों बार प्रार्थना की है कि पुरुषों को पीरियड्स हों। फिर हमारे कॉन्ट्रैक्ट में पीरियड हॉलिडे का प्रावधान होता।” श्रुति की इस बात पर सोहा अली खान भी सहमत नजर आईं। उन्होंने मजाक में कहा कि अगर पुरुषों को भी पीरियड्स होते तो शायद वे ब्लीडिंग और टैम्पोन के साइज को लेकर भी आपस में मुकाबला करते।

करियर की शुरुआत में सेट पर नहीं बताती थीं पीरियड्स की बात
श्रुति ने बताया कि करियर के शुरुआती दिनों में वह सेट पर अपने पीरियड्स या उनसे होने वाली तकलीफ के बारे में बात करने से झिझकती थीं। उन्हें लगता था कि शायद लोग इस बारे में बात नहीं करना चाहेंगे और उनकी परेशानी को समझना भी मुश्किल होगा। लेकिन समय के साथ उनका नजरिया बदला। उन्हें समझ आया कि अगर वह पहले से अपनी परेशानी के बारे में टीम को बता दें, तो शूटिंग के दौरान लोग उनके साथ उसी हिसाब से काम कर सकते हैं। इससे उन्हें जरूरत के मुताबिक आराम या सहयोग मिल सकता है।
को-स्टार की सर्जरी से मिली अपनी बात कहने की हिम्मत
श्रुति ने एक अनुभव का जिक्र करते हुए बताया कि उनके एक को-स्टार की घुटने की सर्जरी हुई थी। जब टीम को इस बारे में पता चला तो सभी ने उनकी स्थिति को ध्यान में रखते हुए शूटिंग का काम करने की बात कही। यह देखकर श्रुति को लगा कि अगर किसी दूसरी शारीरिक परेशानी के बारे में खुलकर बात की जा सकती है, तो पीरियड्स को लेकर भी अपनी तकलीफ बताने में झिझक नहीं होनी चाहिए। इसके बाद उन्होंने पहली बार एक डायरेक्टर से अपने पीरियड्स और तेज क्रैम्प्स के बारे में बात की। डायरेक्टर ने बताया कि उनकी अपनी बेटी को भी पीरियड्स के दौरान काफी दर्द होता है। श्रुति के मुताबिक, उस बातचीत के बाद उन्हें महसूस हुआ कि अपनी परेशानी बताने से माहौल असहज होने के बजाय समझदारी और सहयोग वाला हो सकता है।
PCOS की वजह से दर्दनाक होते हैं पीरियड्स
श्रुति ने बताया कि PCOS की वजह से उनके पीरियड्स काफी दर्दनाक होते हैं। इस परेशानी का असर उनके काम और रोजमर्रा की जिंदगी पर भी पड़ता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पीरियड्स को लेकर महिलाओं को शर्मिंदा होने के बजाय अपनी जरूरत और परेशानी के बारे में खुलकर बात करनी चाहिए। उनका कहना है कि अगर काम करने वाली महिला पहले से अपनी स्थिति के बारे में बता दे, तो टीम उसके साथ बेहतर तरीके से तालमेल बैठा सकती है। उनके मुताबिक, जिस तरह किसी चोट या सर्जरी के बारे में बताने पर काम में बदलाव किया जाता है, उसी तरह पीरियड्स के दौरान होने वाली गंभीर तकलीफ को भी समझने की जरूरत है।

शादी को लेकर भी खुलकर बोल चुकी हैं श्रुति
श्रुति हासन अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी कई बार खुलकर बात कर चुकी हैं। हाल ही में उन्होंने शादी के विचार को लेकर अपने डर का जिक्र किया था। एक्ट्रेस ने कहा था कि अपनी पहचान और आजादी बनाने में उन्होंने काफी मेहनत की है, इसलिए शादी का ख्याल उन्हें डराता है। हालांकि, उन्होंने प्यार और कमिटमेंट में अपना भरोसा भी जाहिर किया है।
इन फिल्मों में नजर आएंगी श्रुति हासन
वर्कफ्रंट की बात करें तो श्रुति हासन आखिरी बार 2025 में रिलीज हुई फिल्म 'कुली' में नजर आई थीं। अब उनके पास विजय सेतुपति के साथ 'ट्रेन' और दुलकर सलमान के साथ 'आकासमलो ओका तारा' जैसे प्रोजेक्ट्स हैं। 'आकासमलो ओका तारा' 20 नवंबर 2026 को रिलीज होने वाली है। इसके अलावा श्रुति ने एसएस राजामौली की अपकमिंग फिल्म 'वाराणसी' के एक गाने के लिए अपनी आवाज भी दी है। इस फिल्म में महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी रुद्र नाम के किरदार के इर्द-गिर्द घूमती है और इसमें अलग-अलग समय-काल और महाद्वीपों की कहानी देखने को मिलेगी।