नारी डेस्क: शहनाज गिल आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। पंजाबी इंडस्ट्री से अपने करियर की शुरुआत करने वाली शहनाज ने 'बिग बॉस 13' में हिस्सा लेने के बाद घर-घर में अपनी पहचान बना ली थी। शो के दौरान उनका चुलबुला और बेबाक अंदाज लोगों को खूब पसंद आया। हालांकि, इस सफर के दौरान उन्हें काफी ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ा था। शहनाज भले ही 'बिग बॉस 13' की विनर नहीं बन पाईं, लेकिन वह टॉप 3 कंटेस्टेंट्स में शामिल थीं। शो से बाहर आने के बाद उन्होंने अपनी पहचान को एक अलग मुकाम तक पहुंचाया। आज वह एक्टिंग के साथ-साथ अपनी फिटनेस और पर्सनैलिटी को लेकर भी चर्चा में रहती हैं। अब एक्ट्रेस ने एक पॉडकास्ट में अपने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि बिग बॉस के दौरान उन्हें किस तरह की बातें सुननी पड़ती थीं।
'मुझे अनपढ़-गंवार तक कहा जाता था'
शहनाज ने बताया कि बिग बॉस के घर में उन्हें उनकी बॉडी और बोलने के अंदाज को लेकर काफी ट्रोल किया जाता था। उनके पंजाबी लहजे की वजह से भी लोग उन्हें निशाना बनाते थे। एक्ट्रेस ने कहा कि लोग उन्हें 'अनपढ़-गंवार' तक कहते थे। उस वक्त ये बातें उन्हें परेशान जरूर करती थीं, लेकिन बाद में यही चीजें उनकी ताकत बन गईं। शहनाज का मानना है कि उनके पंजाबी टच को लेकर होने वाली ट्रोलिंग ने उन्हें कमजोर करने के बजाय और मजबूत बनाया। शो में शहनाज 'पंजाब की कैटरीना कैफ' के नाम से आई थीं, लेकिन आज उनकी पहचान किसी दूसरे नाम की मोहताज नहीं है। उन्होंने अपनी मेहनत से इंडस्ट्री में खुद की अलग जगह बनाई है।

वजन कम करना कोई बड़ी बात नहीं- शहनाज
शहनाज ने अपने वेट लॉस को लेकर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि बिग बॉस से बाहर आने के बाद उन्होंने यह साबित किया कि थोड़ा वजन कम करना कोई बहुत बड़ी बात नहीं है। हालांकि, एक्ट्रेस ने यह भी कहा कि अगर कभी उनका वजन 4-5 किलो बढ़ जाता है तो उन्हें इससे कोई परेशानी नहीं होती। बल्कि कई बार उन्हें अपने बढ़े हुए वजन को लेकर अच्छा महसूस होता है। उनके मुताबिक, जब किसी के वजन में बदलाव आता है तो लोगों की नजर भी उस पर जाती है और सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं भी शुरू हो जाती हैं। लेकिन अगर कोई इंसान अपनी बॉडी में सहज है और उसे खुद अच्छा महसूस हो रहा है, तो इसमें कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए।
ये भी पढ़ें: सोते वक्त लार गिरने की वजह कोई आदत नहीं, हो सकती है इस Vitamin की कमी!
'हर किसी के लिए Hourglass Figure जरूरी नहीं'
शहनाज ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि लोगों को क्यों लगता है कि हर किसी की बॉडी एक खास शेप की होनी चाहिए। उनके मुताबिक, हर इंसान का शरीर अलग होता है और हर किसी के लिए एक जैसा फिगर जरूरी नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी समय मोटी बॉडी को खूबसूरत मानने का ट्रेंड शुरू हो जाए, तो लोग उसे भी फॉलो करने लगेंगे। लेकिन किसी भी ट्रेंड की शुरुआत किसी एक व्यक्ति को ही करनी पड़ती है।
फिल्म के लिए बढ़ाना पड़ा था वजन
शहनाज ने अपनी फिल्म 'इश्कनामा' का उदाहरण देते हुए बताया कि फिल्म के डायरेक्टर ने उनसे वजन थोड़ा बढ़ाने के लिए कहा था, ताकि उनका चेहरा ज्यादा भरा हुआ लगे। एक्ट्रेस ने बताया कि जब वह अपनी फिल्मों में खुद को देखती हैं तो कई बार उन्हें लगता है कि वह थोड़ी गोल-मटोल दिख रही हैं। लेकिन उन्हें अपना वह लुक भी अच्छा लगता है और वह खुद से कहती हैं कि वह अच्छी लग रही हैं।

'वजन घटाऊं तो भी लोग सवाल करते हैं'
शहनाज ने कहा कि जब वह वजन कम करती हैं तो लोग पूछते हैं कि उन्होंने अपना वजन क्यों घटा लिया और कहते हैं कि वह पहले ज्यादा अच्छी लगती थीं। वहीं, जब उनका वजन थोड़ा बढ़ जाता है तो वही लोग उन्हें मोटा कहने लगते हैं और खुद पर काम करने की सलाह देते हैं।
ऐसे में शहनाज का सवाल है कि आखिर लोग चाहते क्या हैं
एक्ट्रेस का मानना है कि अगर किसी व्यक्ति को अपनी सेहत से जुड़ी कोई परेशानी नहीं है और वह अपनी बॉडी में खुश और कंफर्टेबल है, तो उसे दूसरों की बातों की ज्यादा परवाह नहीं करनी चाहिए। शहनाज गिल का यह नजरिया बताता है कि अब वह सोशल मीडिया की ट्रोलिंग को पहले की तरह अपने ऊपर हावी नहीं होने देतीं। कभी अपने वजन और पंजाबी लहजे के लिए निशाने पर आने वाली शहनाज आज अपनी शर्तों पर जिंदगी जीने और करियर बनाने के लिए जानी जाती हैं।