नारी डेस्क : वास्तु शास्त्र में ऐसी कई अहम बातें बताई गई हैं, जिन्हें अपनाकर घर में सुख-समृद्धि और धन लाभ पाया जा सकता है। घर के निर्माण से लेकर उसकी सजावट और दिशा तक, हर छोटी-बड़ी चीज का प्रभाव व्यक्ति के जीवन पर पड़ता है। अगर घर में वास्तु दोष हो, तो इसका असर सीधे करियर, आर्थिक स्थिति और पारिवारिक माहौल पर दिखाई देने लगता है। जहां एक ओर तरक्की में रुकावट आती है, वहीं दूसरी ओर घर में तनाव और कलह भी बढ़ने लगता है। ऐसे में घर की अलमारी, जहां धन-दौलत रखी जाती है, विशेष महत्व रखती है। वास्तु के अनुसार, अगर अलमारी सही दिशा और नियमों के तहत रखी जाए, तो घर में कभी भी पैसों की कमी नहीं होती। आइए जानते हैं अलमारी से जुड़े वास्तु के महत्वपूर्ण नियम।
जानें कहां रखनी चाहिए अलमारी
वास्तु शास्त्र के अनुसार अलमारी को घर की दक्षिण-पश्चिम दिशा में रखना सबसे शुभ माना जाता है, क्योंकि इस दिशा में रखने से धन का स्थायित्व बना रहता है और घर में पैसों की कमी नहीं होती। वहीं, अलमारी को कभी भी उत्तर-पूर्व दिशा में नहीं रखना चाहिए, क्योंकि इसे अशुभ माना जाता है। इसके साथ ही अलमारी का दरवाजा दक्षिण दिशा की ओर खुलना भी सही नहीं माना जाता, क्योंकि इससे घर की आर्थिक स्थिति पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।

अलमारी सीधे जमीन पर न रखें
यदि घर में अलमारी दीवार के साथ फिक्स नहीं है, तो उसे सीधे जमीन पर रखना शुभ नहीं माना जाता। वास्तु के अनुसार, इसके नीचे लकड़ी का स्टैंड या कोई आधार जरूर रखना चाहिए। पैसों की अलमारी को मां लक्ष्मी का प्रतीक माना जाता है, इसलिए उसे जमीन से ऊपर रखना बेहतर होता है। यदि ऐसा संभव न हो, तो दोष दूर करने के लिए अलमारी के नीचे कपड़ा बिछाना या लकड़ी का टुकड़ा रखना भी शुभ माना जाता है।
ऐसे रखें अलमारी तो नहीं होगी पैसे की कमी
अगर आप घर में धन की कमी नहीं चाहते, तो पैसों की अलमारी में चांदी के सिक्के और गोमती चक्र को लाल कपड़े में बांधकर रखना शुभ माना जाता है। साथ ही, दिवाली के दिन इन चीजों की विधि-विधान से पूजा करना भी बेहद लाभकारी होता है। माना जाता है कि इससे घर की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है और परिवार के सदस्यों की तरक्की के रास्ते खुलते हैं।

अलमारी रखने से पहसें इस बात का भी रखें ध्यान
घर में संगमरमर या फिर किसी ओर पत्थर की अलमारी नहीं रखनी चाहिए। वास्तु की अनुसार, लोहे या फिर लकड़ी की अलमारी घर में रखनी शुभ होती है। इसके अलावा अलमारी पर शीशा न लगाएं यहां लगा शीशा घरेलू कलह-कलेश का कारण माना जाता है।