
नारी डेस्क: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना ने सुरक्षा को लेकर कई चिंताएं पैदा कर दी हैं। मंगलवार को, 'बागी' अभिनेता की टीम ने इस घटना के बाद अपना पहला बयान जारी किया। इसमें उन्होंने उन सभी लोगों को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है जो टाइगर से जोड़कर फर्जी खबरें और AI-जनरेटेड कंटेंट फैला रहे हैं। टीम ने बताया कि रविवार शाम को हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बारे में टाइगर ने न तो कोई सार्वजनिक टिप्पणी की है और न ही कोई वीडियो जारी किया है। उन्होंने आगे कहा कि अगर कोई भी ऐसा भ्रामक कंटेंट फैलाते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बयान में कहा गया - "हम स्पष्ट रूप से बताना चाहते हैं कि टाइगर श्रॉफ ने हाल ही में हुई घटना या इससे जुड़ी किसी भी बात पर कोई बयान नहीं दिया है, कोई वीडियो जारी नहीं किया है और न ही किसी तरह के संचार (कम्युनिकेशन) को अधिकृत किया है।" उन्होंने आगे कहा- "सोशल मीडिया पर कई ऐसे पेज और डिजिटल प्लेटफॉर्म हैं जो मनगढ़ंत कहानियां, AI-जनरेटेड वीडियो और स्क्रिप्टेड बातें फैला रहे हैं, जिनका टाइगर से कोई लेना-देना नहीं है। ये पूरी तरह से झूठे और अनधिकृत हैं, जिनका मकसद जनता को गुमराह करना है।" उन्होंने मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म से अपील की है कि वे सावधानी बरतें और टाइगर के बारे में कोई भी कंटेंट प्रकाशित या साझा करने से पहले जानकारी की पुष्टि जरूर कर लें।
बयान में आगे कहा गया- "हम ऐसे कंटेंट का समर्थन नहीं करते हैं और न ही हमारा इससे कोई लेना-देना है। हम मीडिया आउटलेट्स, डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया पेजों से आग्रह करते हैं कि वे जिम्मेदारी से काम लें, कुछ भी प्रकाशित करने से पहले जानकारी की पुष्टि करें, और केवल एंगेजमेंट या पैसे कमाने के लिए गलत जानकारी न फैलाएं।" बयान के अंत में कहा गया- "हम सभी से अनुरोध करते हैं कि वे केवल टाइगर श्रॉफ और उनकी आधिकारिक टीम की ओर से दी गई सत्यापित जानकारी पर ही भरोसा करें।"