
नारी डेस्क : कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थन में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान अभिनेत्री स्वरा भास्कर के पति और राजनीतिक कार्यकर्ता फहाद अहमद को मुंबई पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस घटना के बाद स्वरा भास्कर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो साझा करते हुए पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए और इसे "शर्मनाक" बताया।
प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए फहाद अहमद
सोमवार को आयोजित 'चलो संसद' मार्च में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी शामिल हुए। इसी दौरान फहाद अहमद भी प्रदर्शन में मौजूद थे। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में पुलिस उन्हें अन्य प्रदर्शनकारियों के साथ ले जाती हुई दिखाई दे रही है। वीडियो में फहाद अहमद पुलिसकर्मियों से यह पूछते हुए भी सुनाई देते हैं, "आप मुझे क्यों गिरफ्तार कर रहे हैं?

स्वरा भास्कर ने सोशल मीडिया पर जताया विरोध
स्वरा भास्कर ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि फहाद अहमद को मुंबई के चैत्यभूमि में प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें माहिम पुलिस स्टेशन में रखा गया है। स्वरा के मुताबिक, यह वीडियो सोमवार शाम करीब 4:30 बजे रिकॉर्ड किया गया था। वीडियो के साथ स्वरा भास्कर ने लिखा कि मुंबई पुलिस ने 20 जुलाई 2026 को चैत्यभूमि में फहाद अहमद और अन्य प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। उन्होंने पोस्ट में लिखा, यह है भारत का लोकतंत्र। शर्मनाक स्थिति।

कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने का दावा
सूत्रों के अनुसार, CJP के समर्थन में चैत्यभूमि पर जुटे कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कार्रवाई के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों के घायल होने का भी दावा किया गया है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।