
नारी डेस्क: अभिनेता सनी देओल ने सोशल मीडिया पर अपने पिता दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के लिए अपनी यादें साझा कीं। वे अपने बेटे करण देओल के साथ उनके फार्महाउस पर गए थे। इस मुलाकात की एक झलक साझा करते हुए, 'गदर' अभिनेता ने एक भावुक नोट लिखा, जिसमें कहा गया- "पापा आपकी याद आ रही है।" सनी ने फार्महाउस से एक वीडियो शेयर किया, जिसमें खेतों में फसलों से जुड़े काम होते दिख रहे हैं। क्लिप में अभिनेता अपने बेटे करण के साथ खड़े होकर इन कामों को देखते हुए नजर आ रहे हैं। सनी इस जगह को "पापा का फार्म" कहते हुए भी सुनाई देते हैं।
अभिनेता की इस पोस्ट में अपने पिता के प्रति उनकी गहरी यादें झलक रही थीं। उन्होंने वीडियो में अपनी फिल्म 'अपने' का टाइटल ट्रैक भी जोड़ा, जिससे यह पोस्ट और भी भावुक हो गई। उन्होंने अपने पिता को याद करते हुए फार्महाउस की एक झलक दिखाई, जो धर्मेंद्र की खास यादों से जुड़ा है। धर्मेंद्र के पास महाराष्ट्र की खूबसूरत लोनावला-खंडाला पहाड़ियों में, मुंबई के करीब लगभग 100 एकड़ में फैला एक बड़ा फार्महाउस है। यह जगह दिग्गज अभिनेता के लिए एक शांत ठिकाना थी, जहाँ वे फिल्म इंडस्ट्री की भागदौड़ से दूर समय बिताते थे।
यह विशाल फार्महाउस अपने प्राकृतिक परिवेश और ग्रामीण डिजाइन के लिए जाना जाता है। यहां लकड़ी और पत्थर का इस्तेमाल किया गया है, जो इसे एक गांव जैसा अहसास देता है। इसमें बैठने के लिए एक बड़ी जगह और एक हीटेड स्विमिंग पूल भी है। बताया जाता है कि धर्मेंद्र को इस फार्महाउस पर समय बिताना बहुत पसंद था, जहां वे खुद फल और सब्जियां उगाते थे। यह जगह उनके कई सोशल मीडिया वीडियो में भी दिखाई दी है, जिससे उनके निजी जीवन की एक झलक मिलती है। बता दें कि दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का निधन 24 नवंबर 2025 को 89 वर्ष की आयु में मुंबई स्थित उनके आवास पर हुआ था। इससे पहले भी सनी देओल ने अपने पिता धर्मेंद्र के लिए एक सोशल मीडिया पोस्ट लिखकर उनके प्रति अपना प्यार और सम्मान जाहिर किया था।