
नारी डेस्क: पंजाब के संगरूर जिले से बेहद ही हैरान और परेशान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मंदिर में आयोजित नि:शुल्क गंजापन उपचार शिविर में "बाल झड़ने का उपाय" लगाने के बाद 65 से अधिक लोगों ने आंखों में जलन और पानी आने की शिकायत हुई। हालात यह पैदा हो गए कि कुछ लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा।

एक डॉक्टर ने बताया कि रविवार को शिविर में शामिल हुए कई लोगों ने वहां बाल झड़ने के इलाज के लिए उपलब्ध कराए गए तेल को लगाया। इसके तुरंत बाद कई लोगों की आंखों में जलन और लालिमा महसूस हुई। एक मरीज ने कहा कि उसने तेल लगाने के 10 मिनट बाद अपना सिर धोया लेकिन उसके बाद उसकी आंखों में जलन होने लगी। सिविल अस्पताल के एक डॉक्टर ने बताया कि 65 से अधिक मरीजों ने आंखों में लालिमा, पानी आना और जलन सहित लक्षणों के लिए उपचार मांगा।

पुलिस के अनुसार शिविर के आयोजक सहित दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और औषधि एवं जादुई उपचार अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। दरअसल इस कैंप का सोशल मीडिया पर जबरदस्त प्रचार किया गया था, जिसमें दावा किया गया था कि इस चमत्कारी दवा से बाल झड़ना बंद हो जाएंगे और नए बाल उग आएंगे। बालों का तो पता नहीं लेकिन आंखों का जो हाल हुआ वो यह लोग उम्र भर नहीं भूल पाएंगे।