
नारी डेस्क: चैत्र नवरात्रि का पावन पर्व पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। नवरात्र के तीसरे दिन 21 मार्च को मां चंद्रघंटा की पूजा की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां को दूध से बनी मिठाइयां और खीर बेहद प्रिय होती हैं। ऐसे में इस खास दिन पर आप माता को स्वादिष्ट मखाना खीर का भोग लगाकर उन्हें प्रसन्न कर सकते हैं। यह खीर न केवल व्रत के लिए उत्तम फलाहार है, बल्कि स्वाद और सेहत से भी भरपूर होती है। सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाना बेहद आसान है और यह कम समय में तैयार हो जाती है।
मखाना खीर बनाने के लिए सामग्री
मखाने – 2 कप
दूध – 1 लीटर (फुल क्रीम बेहतर)
चीनी – आधा कप (स्वादानुसार)
देसी घी – 2-3 बड़े चम्मच
इलायची पाउडर – आधा छोटी चम्मच
सूखे मेवे – 2 चम्मच (काजू, बादाम, पिस्ता, किशमिश)

मखाना खीर बनाने की आसान विधि
1. सबसे पहले कड़ाही में देसी घी गरम करें और उसमें मखाने डालकर क्रिस्पी होने तक भून लें।
2. भुने हुए मखानों को थोड़ा ठंडा करके चाहें तो आधे मखाने दरदरे पीस लें, इससे खीर और गाढ़ी बनेगी।
3. अब एक भारी तले वाले बर्तन में दूध उबालें और फिर आंच धीमी कर दें।
4. उबलते दूध में मखाने डालकर 10–15 मिनट तक पकाएं और बीच-बीच में चलाते रहें।
5. जब दूध गाढ़ा हो जाए, तब इसमें चीनी और इलायची पाउडर मिलाएं।
6. अंत में सूखे मेवे डालकर अच्छी तरह मिक्स करें।
भोग लगाने का तरीका: तैयार खीर को पहले मां चंद्रघंटा को श्रद्धा के साथ अर्पित करें, फिर इसे प्रसाद के रूप में परिवार के साथ ग्रहण करें।

नवरात्र के तीसरे दिन मखाना खीर बनाकर माता को भोग लगाने से न केवल उनकी कृपा प्राप्त होती है, बल्कि यह घर में सकारात्मक ऊर्जा और सुख-समृद्धि भी लाता है।