
फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी आखिरकार रिलीज हो गई है। धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनाई गई इस फिल्म में रणवीर और आलिया का एक दिलकश अंदाज देखने को मिलेगा। इस फिल्म के साथ करण जौहर फिल्म इंडस्ट्री में अपने यादगार 25 साल पूरे कर रहे हैं। ऐसे में फिल्म की स्टारकास्ट जी जान से प्रमोशन में जुटी हुई है। हालांकि कंगना को यह फिल्म बिल्कुल भी पसंद नहीं आई है।

कंगना के मुताबिक करण जौहर ने इस फिल्म को बनाकर पैदा बर्बाद किया है। कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर नेपो किड्स को लेकर अपनी जमकर भड़ास निकाली है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा- 'दर्शकों को अब और बेवकूफ नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने नकली सेट और ऊपर से नकली कपड़ों से भरी खराब फिल्मों को रिजेक्ट कर दिया है, जो वास्तविक जीवन में भी इस तरह के कपड़े पहनते हैं, उनके दिल्ली जैसे गंदे घर कहां हैं? क्या बकवास है।

कंगना आगे लिखती हैं- नब्बे के दशक की अपनी पुरानी फिल्मों की नकल करने के लिए करण जौहर को शर्म आनी चाहिए। साथ ही वह इस मूर्खता पर 250 करोड़ कैसे खर्च कर देते हैं? उन्हें इस तरह का पैसा कौन देता है जबकि अच्छा टैलेंट पैसे पाने के लिए संघर्ष कर रहा है।' उन्होंने रॉकी और रानी की तुलना हॉलीवुड फिल्म ओपेनहाइमर से करते हुए लिखा- भारतीय दर्शक परमाणु बम और विज्ञान पर बनी 3 घंटे लंबी फिल्म देख रहे हैं, और यहां नेपोटिज्म गैंग का वही सास बहू का रोना शुरू है।

कंगना इतने में कहां रूकने वाली थी, उन्होंने आगे लिखा- करण जौहर को एक ही चीज बार-बार बनाने पर शर्म आनी चाहिए। खुद को आप भारतीय सिनेमा का ध्वजवाहक मानते हैं और खुद ही इसे पीछे ले जा रहे हैं। पैसों को बर्बाद मत करिए। इंडस्ट्री इस वक्त आर्थिक रूप से हिली हुई है। अब समय आ गया है कि आप रिटायर हो जाएं और यंग फिल्म मेकर्स को मौका दें।

इस बार तो पंगा गर्ल ने रणवीर को भी नसीहत दे डाली। उन्होंने लिखा- 'रणवीर सिंह को मेरी ईमानदारी से सलाह है कि उन्हें करण जौहर और उनके ड्रेसिंग सेंस से इम्प्रेस होना बंद कर देना चाहिए। उन्हें एक नॉर्मल इंसान की तरह कपड़े पहनने चाहिए, जैसे धर्मेंद्र या विनोद खन्ना जी अपने दिनों के भारतीय लोगों की तरह कपड़े पहनते थे। कृपया सभी साउथ के हीरोज को देखें कि वे कैसे कपड़े पहनते हैं और खुद को बड़ी गरिमा के साथ रखते हैं। वे मर्दाना और प्रतिष्ठित दिखते हैं। वे लोग हमारे देश में संस्कृति को बर्बाद नहीं करते हैं।'

बता दें कि रॉकी और रानी की प्रेम कहानी ड्रामा, मस्ती और मनोरंजन से भरपूर फिल्म है। इस फिल्म में रणवीर का अनोखा अवतार देखने को मिलेगा। रणवीर ने काफी समय से ऐसा किरदार नहीं निभाया है, वहीं मां बनने के बाद आलिया की यह पहली फिल्म है जो बड़े पर्दे पर रिलीज़ होगी। फिल्म में रणवीर सिंह और आलिया भट्ट के अलावा भी फिल्म में कई बड़े सितारे एक साथ नजर आएँगे। इनमें धर्मेंद्र, जया बच्चन और शबाना आजमी जैसे नाम भी शामिल हैं।