05 FEBTHURSDAY2026 4:19:50 PM
Nari

जावेद अख्तर और शबाना आजमी का बंगला ‘सुकून’: जंगल के बीच बसा किसी महल से कम नहीं

  • Edited By Priya Yadav,
  • Updated: 05 Feb, 2026 02:21 PM
जावेद अख्तर और शबाना आजमी का बंगला ‘सुकून’: जंगल के बीच बसा किसी महल से कम नहीं

नारी डेस्क:  मशहूर लेखक और गीतकार जावेद अख्तर और दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी का खंडाला स्थित घर ‘सुकून’ वाकई अपने नाम की तरह ही शांति और खूबसूरती से भरा हुआ है। यह बंगला किसी आम घर जैसा नहीं, बल्कि एक आलीशान हेरिटेज होटल जैसा एहसास कराता है। हाल ही में फराह खान के यूट्यूब चैनल पर इस खूबसूरत घर की झलक देखने को मिली, जिसने लोगों का दिल जीत लिया।

प्रकृति की गोद में बसा खास आशियाना

चारों तरफ 150 साल पुराने विशाल पेड़, रंग-बिरंगे फूल, हरियाली और विंटेज फव्वारे इस घर को एक अलग ही पहचान देते हैं। ऐसा लगता है जैसे यह बंगला किसी जंगल के बीच शांति से बसा हुआ हो। बाहर से लेकर अंदर तक, हर कोना सादगी और शाही अंदाज़ का खूबसूरत मेल दिखाता है।

PunjabKesari

‘सुकून’ का शानदार एंट्रेंस

घर का मुख्य गेट देखते ही मन खुश हो जाता है। लकड़ी से बना बड़ा विंटेज गेट, उसके चारों ओर ऊंचे पेड़ और हरी-भरी झाड़ियां इसे किसी महल जैसा लुक देती हैं। ईंटों के खंभों पर लगी पुरानी स्टाइल की लाइटें और दीवार पर लिखा ‘Sukoon’ नाम घर की सादगी और शांति को बखूबी दर्शाता है।

बाहर से दिखता है लग्जरी हेरिटेज होटल जैसा

इस बंगले का बाहरी लेआउट किसी महंगे हेरिटेज होटल से कम नहीं है। ईंटों की दीवारें, ऊंचे मेहराब और ढलान वाली छतें इसकी खास पहचान हैं। आंगन के बीच में लगा विंटेज फव्वारा और पत्थर के खंभों पर टंगी पुरानी लाइटें पूरे माहौल को क्लासिक और रॉयल बना देती हैं।

PunjabKesari

ये भी पढ़ें: अशनूर कौर का आलीशान घर: कांच की छत, बड़ा झूमर और शानदार बालकनी, देखें अंदर की तस्वीरें

गुंबद जैसी बड़ी और खुली छत

घर के अंदर कदम रखते ही एक गोलाकार बरामदा नजर आता है, जिसकी सबसे बड़ी खासियत है इसकी ऊंची और चौड़ी छत। गहरे रंग की लकड़ी से बनी यह छत गुंबद जैसा एहसास देती है। बीच में बना एट्रियम ऊपर से सूरज की रोशनी को सीधे अंदर लाता है, जिससे पूरा हिस्सा प्राकृतिक रोशनी से भर जाता है। नक्काशीदार आइने, बड़ी खिड़कियां और लकड़ी की मेज इसे शाही लुक देती हैं।

PunjabKesari

हेरिटेज होटल जैसा लिविंग एरिया

लिविंग एरिया में लग्जरी और कला का बेहतरीन संगम देखने को मिलता है। ईंटों की दीवारों के साथ गहरे हरे रंग का कॉन्ट्रास्ट बहुत आकर्षक लगता है। बड़े क्रिस्टल झूमर, विंटेज वॉल लैंप, रंगीन सोफे और आलीशान कालीन इस जगह को खास बनाते हैं। फर्श से छत तक बनी बड़ी खिड़कियों से आती धूप पूरे कमरे को और खूबसूरत बना देती है।

शांत और खूबसूरत गलियारा

घर का गलियारा सादगी और भव्यता का शानदार उदाहरण है। फर्श पर बना शेवरॉन पैटर्न इसे मॉडर्न टच देता है। एक तरफ ईंटों की दीवार है, तो दूसरी तरफ कांच के बड़े दरवाजे, जिनसे बाहर की हरियाली साफ दिखाई देती है। यहां रखा काला विंटेज कैबिनेट और क्लासिक लाइट्स इसकी खूबसूरती बढ़ाते हैं।

PunjabKesari

किचन और डाइनिंग एरिया

घर का किचन और डाइनिंग एरिया जितना सुंदर है, उतना ही व्यवस्थित भी। डाइनिंग एरिया में गहरे हरे रंग की दीवारें और चेकर्ड फर्श हैं, जहां झूमर और भारी लकड़ी की डाइनिंग टेबल रॉयल फील देती है। वहीं किचन पूरी तरह मॉडर्न है, जिसमें सफेद कैबिनेट्स, काला ग्रेनाइट प्लेटफॉर्म और बड़ी खिड़कियां हैं, जिससे रोशनी और हवा भरपूर आती है।

PunjabKesari

बालकनी से दिखता है हरियाली का नजारा

घर की बालकनी भी बेहद खास है। यहां विंटेज और मॉडर्न डिजाइन का खूबसूरत मेल देखने को मिलता है। मेटल रेलिंग, ऊंचे खंभे और कांच की दीवारें इसे शाही लुक देती हैं। बालकनी से बाहर फैले घने पेड़ और बगीचे का नजारा मन को सुकून देता है।

सबसे खास है घर का बगीचा

‘सुकून’ का बगीचा इस घर की सबसे बड़ी खूबसूरती है। चारों तरफ फैली हरियाली, 150 साल पुराने पेड़, रंग-बिरंगे फूलों की क्यारियां और लकड़ी से बने बेंच इसे बेहद खास बनाते हैं। बीच में बना पत्थर का विंटेज फव्वारा पूरे गार्डन का आकर्षण है। बगीचे की हरियाली घर की दीवारों तक को ढंक लेती है, जिससे यह जगह और भी शांत और सुंदर लगती है।

डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी यूट्यूब वीडियो और इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारियों पर आधारित है।  

  

Related News