
नारी डेस्क : नेटफ्लिक्स का चर्चित रियलिटी शो 'Lock Upp 2' लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। शो में हर दिन नए ट्विस्ट और इमोशनल मोमेंट्स देखने को मिल रहे हैं। हाल ही में प्रसारित एपिसोड में आकांक्षा चमोला के पति गौरव खन्ना विजिटर बनकर पहुंचे थे, वहीं अब मेकर्स ने नया प्रोमो जारी किया है जिसमें बॉलीवुड स्टार गोविंदा अपनी पत्नी सुनीता आहूजा के लिए शो में नजर आए हैं।
जजमेंट डे पर हुई गोविंदा की धमाकेदार एंट्री
जारी किए गए प्रोमो में जजमेंट डे के दौरान फराह खान और रितेश देशमुख स्टेज पर गोविंदा का स्वागत करते दिखाई देते हैं। गोविंदा ने अपनी चिर-परिचित हाजिरजवाबी से माहौल को हल्का बना दिया और अपनी पत्नी सुनीता आहूजा को लेकर भी कई मजेदार बातें कहीं।
सुनीता के बयान पर गोविंदा का मजाकिया जवाब
प्रोमो में फराह खान, सुनीता आहूजा के उस वायरल बयान का जिक्र करती हैं जिसमें उन्होंने मजाक में कहा था कि "इसको मारो कोई। इस पर गोविंदा मुस्कुराते हुए कहते हैं, लेकर आया हूं जेब में। फराह खान तुरंत पूछती हैं, गोली लाए हो?" जिस पर गोविंदा हंसते हुए जवाब देते हैं, ये सीने पर मारना चाह रही थी, तो मार ले पूरा। गोविंदा का यह जवाब सुनकर फराह खान समेत पूरा सेट ठहाकों से गूंज उठता है। वहीं सुनीता आहूजा भी अपनी हंसी नहीं रोक पातीं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ गोविंदा का अंदाज
प्रोमो सामने आते ही गोविंदा का यह फनी अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। हालांकि वीडियो में सिर्फ उनकी स्टेज एंट्री दिखाई गई है। अभी यह साफ नहीं किया गया है कि वह जेल के अंदर जाकर सुनीता आहूजा से मुलाकात करेंगे या नहीं।
शो में लगातार भावुक नजर आ रही हैं सुनीता
पिछले कुछ एपिसोड्स से सुनीता आहूजा काफी भावुक दिखाई दे रही हैं। वह कई बार कह चुकी हैं कि अब वह घर जाना चाहती हैं और चाहती हैं कि उन्हें शो से बाहर कर दिया जाए। उन्होंने शो के दौरान यह भी कहा, गोविंदा ने मुझे इस शो में आने से मना किया था। जब-जब मैं उनकी बात नहीं सुनती, मुझे बाद में पछताना पड़ता है।
एलिमिनेशन के लिए हुईं नॉमिनेट
सुनीता आहूजा की लगातार इमोशनल स्थिति को देखते हुए इस सप्ताह घरवालों ने उन्हें एलिमिनेशन के लिए नॉमिनेट भी कर दिया है। अब दर्शकों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या वह इस हफ्ते सुरक्षित रहेंगी या फिर उनका Lock Upp 2 का सफर यहीं खत्म हो जाएगा।