14 JULTUESDAY2026 1:57:40 AM
Nari

बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं Govinda, 7 साल बाद फिर चलेगा उनका 90s वाला जादू

  • Edited By vasudha,
  • Updated: 13 Jul, 2026 08:01 PM
बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं Govinda, 7 साल बाद फिर चलेगा उनका 90s वाला जादू

नारी डेस्क: अभिनेता गोविंदा अपनी आने वाली फिल्म 'रूपा' के साथ बड़े पर्दे पर वापसी करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, जो कई सालों बाद उनकी वापसी होगी। अभिनेता ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस प्रोजेक्ट की घोषणा की, जहां उन्होंने नई अभिनेत्री रानी स्वर्णकार से भी परिचय कराया, जो उनके साथ मुख्य भूमिका में होंगी। गोविंदा इस फिल्म को प्रोड्यूस भी कर रहे हैं। फिल्मों में अपनी वापसी के बारे में बात करते हुए, गोविंदा ने कहा कि लोगों द्वारा उन्हें खारिज किए जाने से वे और मजबूत हुए हैं। 


इसे "किस्मत" बताते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें हमेशा फिर से शुरुआत करने में विश्वास रहा है और उन्हें उम्मीद है कि 'रूपा' युवा दर्शकों से जुड़ेगी। उन्होने कहा- "शायद यह किस्मत ही थी कि मुझे इतनी बार खारिज किया गया। लोग कहते रहते थे अब वह फिल्मों में नजर नहीं आएंगे लेकिन मैंने हमेशा फिर से शुरुआत की। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि यह फिल्म वह हासिल करे जिसकी मैंने कल्पना की है - कुछ ऐसा जिसकी लोग कल्पना भी न कर सकें - और अपना जादू दिखाए।" उन्होंने आगे कहा, "यह फिल्म खास तौर पर युवाओं के लिए है। जब वे इसे थिएटर में देखेंगे, तो मुझे उम्मीद है कि यह उन्हें सपने देखने और उन सपनों के सच होने में विश्वास करने के लिए प्रेरित करेगी। मैं इससे आगे किसी आध्यात्मिकता पर बात नहीं करूंगा।" अभिनेता ने अंक ज्योतिष में अपने गहरे विश्वास के बारे में भी बात की।
 

 संख्या "14" को अपना लकी नंबर बताते हुए, गोविंदा ने याद किया कि कैसे इसने उनके जीवन के विभिन्न चरणों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और कहा कि उन्हें उम्मीद है कि यह वापसी एक "नई यात्रा" की शुरुआत होगी। "नंबर 14 हमेशा से मेरा लकी नंबर रहा है। मैं न्यूमरोलॉजी (अंक ज्योतिष) में यकीन करता हूं और मेरा नाम भी इसी पर आधारित है। मैंने तब इसमें यकीन करना शुरू किया जब मैं सिर्फ़ 14 साल का था। भगवान की कृपा से, मैंने एक ही हफ़्ते में 14 फ़िल्में साइन कीं और इससे मुझे 14 साल तक सुपरस्टारडम मिला। बाद में मैं 14वीं लोकसभा में सांसद बना। उसके बाद फ़िल्मों में वापसी करने से पहले मुझे 14 साल तक संघर्ष करना पड़ा। हालांकि, इस बार मैं और पाच साल इंतजार नहीं करना चाहता था। मैंने खुद से कहा- 'मैं फिर से शुरुआत करूंगा।' अब, मुझे उम्मीद है कि यह एक नए सफ़र की शुरुआत होगी।" गोविंदा आखिरी बार 2019 की फ़िल्म 'रंगीला राजा' में दिखे थे, जिसमें उन्होंने डबल रोल निभाया था। वह 2022 की डॉक्यूमेंट्री 'नाम था कन्हैयालाल' में भी नज़र आए थे।
 

Related News