29 APRMONDAY2024 1:55:29 AM
Nari

अगले बरस जल्दी आना... बप्पा के फिर आने की उम्मीद के साथ भक्त कर रहे हैं विसर्जन

  • Edited By vasudha,
  • Updated: 28 Sep, 2023 05:53 PM
अगले बरस जल्दी आना... बप्पा के फिर आने की उम्मीद के साथ भक्त कर रहे हैं विसर्जन

मुंबई में 10 दिवसीय गणेश उत्सव के समापन पर  विभिन्न गणेश मंडलों द्वारा ढोल-नगाड़ों और ‘गणपति बप्पा मोरया' के जयकारों के साथ विघ्नहर्ता की प्रतिमाओं को विदा किया जा रहा है। भगवान गणेश की विभिन्न रूपों और आकारों की सुसज्जित प्रतिमाओं को प्रार्थना, अगले बरस फिर से आने के अनुरोध, संगीत और नृत्य के साथ विसर्जन के लिए पंडालों से बाहर निकाला गया। 

PunjabKesari

अपने प्रिय देवता की एक झलक पाने के लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। ‘गणेश चतुर्थी' के साथ 19 सितंबर को शुरू हुआ यह उत्सव बृहस्पतिवार को ‘अनंत चतुर्दशी' पर अरब सागर और यहां के अन्य जलाशयों में गणपति प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ समाप्त होगा। 

PunjabKesari
इस उत्सव को भव्यता के साथ मनाने के लिए मशहूर मुंबई के लालबाग इलाके में तेजुकाया और गणेश गली मंडलों की विसर्जन यात्रा ‘गणपति बप्पा मोरया, पुढच्या वर्षी लवकर या' (अगले साल जल्दी आना भगवान) के जयकारों के साथ शुरू हुई। प्रसिद्ध लालबागचा राजा की प्रतिमा के विसर्जन का जुलूस आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा।

PunjabKesari
 उत्सव के दौरान भगवान गणेश के दर्शन के लिए सबसे अधिक भीड़ यहीं देखी गई। यहां विसर्जन यात्रा 11 बजकर करीब 30 मिनट बजे शुरू हुई और बप्पा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त सड़कों के दोनों ओर इंतजार करते दिखे। गणेश प्रतिमाओं पर 'पुष्पवृष्टि' (फूलों की वर्षा) देखने के लिए लालबाग की श्रॉफ इमारत में भी काफी संख्या में श्रद्धालु जुटे रहे। 

PunjabKesari
दक्षिण मुंबई में गिरगांव की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर भी भीड़ उमड़ी। इसी मार्ग से सबसे ज्यादा विसर्जन जुलूस गुजरते हैं, जिनमें फोर्ट, गिरगांव, मझगांव, भायखला, दादर, माटुंगा, सायन, चेंबूर और अन्य क्षेत्रों की गणेश प्रतिमाएं विसर्जन के लिए ले जाई जाती हैं। 

PunjabKesari
बृहन्मुंबई महानगर पालिका के अनुसार, त्योहार के सातवें दिन तक 1,65,964 प्रतिमाएं कृत्रिम तालाबों और विभिन्न जलाशयों में विसर्जित की गईं। इनमें घरों तथा सार्वजनिक स्थानों पर स्थापित की गई प्रतिमाएं और देवी गौरी की मूर्तियां शामिल हैं। 

Related News