02 FEBMONDAY2026 12:06:34 AM
Nari

डिलीवरी के बाद क्यों लगती है बहुत ज्यादा भूख? नई मां को होनी चाहिए इसकी जानकारी

  • Edited By vasudha,
  • Updated: 12 Dec, 2024 06:05 PM
डिलीवरी के बाद क्यों लगती है बहुत ज्यादा भूख? नई मां को होनी चाहिए इसकी जानकारी

नारी डेस्क: कहा जाता है कि बच्चे के जन्म के साथ- साथ मां का भी नया जन्म होता है। डिलीवरी के बाद बच्चे के जन्म के बाद महिलाओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य में कई तरह के बदलाव आते हैं, ऐसे में वह खुद को भी समझ नहीं पाती है। अचानक से मूड बदलना, गुस्सा आना ये सब नई मां में अकसर देखने को मिल ही जाते हैं। एक और समस्या जिसे लेकर महिलाएं परेशान रहती है वह है भूख बढ़ना। बच्चे के जन्म के बाद ये सामान्य है और इसका संबंध शरीर की बदलती जरूरतों और हार्मोनल परिवर्तनों से होता है। इसके साथ ही यह वज़न बढ़ने का कारण भी बन सकता है। इसे समझने और नियंत्रित करने के लिए आपको ये आर्टिकल पूरा पढ़ना होगा।

यह भी पढ़ें: गैस, एसिडिटी ने कर दिया है परेशान तो हो जाइए सावधान
 

डिलीवरी के बाद भूख बढ़ने के कारण


डिलीवरी के दौरान शरीर ने बहुत ऊर्जा खर्च की होती है। इसे पुनः भरने के लिए अधिक पोषण की आवश्यकता होती है। स्तनपान के दौरान शरीर को दूध बनाने के लिए अतिरिक्त कैलोरी की जरूरत होती है। यह भूख को बढ़ा सकता है। इसके अलावा प्रोलैक्टिन और ऑक्सीटोसिन जैसे हार्मोन दूध उत्पादन और भूख को नियंत्रित करते हैं, इससे भूख अधिक लग सकती है। नवजात शिशु की देखभाल के दौरान नींद पूरी न होने से तनाव बढ़ता है, जो अधिक खाने की आदत को बढ़ावा देता है।
 

भूख को नियंत्रित करने के उपाय

संतुलित आहार लें: प्रोटीन, फाइबर, और स्वस्थ वसा से भरपूर आहार लें। यह लंबे समय तक भूख को नियंत्रित करता है।  प्रोसेस्ड और शुगर युक्त खाद्य पदार्थों से बचें।

अल्प मात्रा में बार-बार खाएं: दिनभर में छोटे-छोटे भोजन करें। इससे मेटाबॉलिज्म भी अच्छा रहेगा और अधिक भूख महसूस नहीं होगी।

हाइड्रेटेड रहें:  पानी की पर्याप्त मात्रा पिएं। कभी-कभी प्यास को भूख समझ लिया जाता है।

व्यायाम शामिल करें:  हल्के व्यायाम और वॉकिंग से शरीर का संतुलन बना रहता है और तनाव कम होता है।

नींद पूरी करें:  शिशु की नींद के साथ खुद की भी नींद का ध्यान रखें। यह भावनात्मक खाने से बचने में मदद करेगा।

तनाव को दूर रखें:  ध्यान और योग से तनाव कम करें। तनाव से अक्सर अधिक खाने की प्रवृत्ति होती है।
 

यह भी पढ़ें: धरती का स्वर्ग घूमने का ये है बेस्ट टाइम

यदि वज़न बढ़ने लगे तो क्या करें?

वज़न का ट्रैक रखें और धीरे-धीरे स्वास्थ्यवर्धक आदतें अपनाएं। ब्रेस्टफीडिंग के दौरान क्रैश डाइट न करें।  डॉक्टर या डाइटिशियन से सलाह लें।
डिलीवरी के बाद भूख बढ़ना सामान्य है, लेकिन इसे संतुलित आहार और स्वस्थ आदतों से नियंत्रित किया जा सकता है। महिलाओं को खुद के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखना चाहिए, ताकि वज़न बढ़ने की समस्या से बचा जा सके।
 

Related News