11 SEPFRIDAY2026 11:14:15 AM
Nari

बेटे शमशेर की कब्र पर टूटीं सेलिना जेटली, छलके आंसू; बोलीं- ‘मां का प्यार कोर्ट को कैसे समझाऊं?’

  • Edited By Priya Yadav,
  • Updated: 11 Sep, 2026 10:47 AM
बेटे शमशेर की कब्र पर टूटीं सेलिना जेटली, छलके आंसू; बोलीं- ‘मां का प्यार कोर्ट को कैसे समझाऊं?’

 नारी डेस्क: बॉलीवुड एक्ट्रेस सेलिना जेटली इन दिनों जिंदगी के बेहद मुश्किल दौर से गुजर रही हैं। बेटे को खोने का दर्द, परिवार से जुड़े कानूनी मामले और बच्चों से दूर रहने की मजबूरी ने उनकी जिंदगी को काफी मुश्किल बना दिया है। इसी बीच उन्होंने अपने दिवंगत बेटे शमशेर के जन्मदिन पर एक ऐसा वीडियो शेयर किया, जिसे देखकर किसी की भी आंखें नम हो जाएं। वीडियो में सेलिना अपने बेटे की कब्र के पास जमीन पर बैठी दिखाई दे रही हैं। वह कब्र पर फूल रखती हैं और कुछ देर वहीं बैठकर बेटे को याद करती हैं। इस दौरान उनकी आंखों से आंसू छलक पड़ते हैं। बेटे को खोने का दर्द उनके चेहरे पर साफ दिखाई देता है। वीडियो के साथ सेलिना ने एक लंबा और बेहद भावुक नोट भी लिखा है। इसमें उन्होंने अपने बेटे को याद करते हुए अपने दिल की बात कही और बताया कि एक मां के लिए अपने बच्चे से दूर रहना कितना मुश्किल होता है।

शमशेर के जन्मदिन पर मां ने किया याद

सेलिना ने पोस्ट की शुरुआत #HappyBirthdayInHeaven के साथ की। उन्होंने लिखा कि उनकी इच्छा है कि जब जिंदगी का अंत हो तो भारत में उनका अंतिम संस्कार किया जाए और उनकी अस्थियां ऑस्ट्रिया में उनके बेटे शमशेर के पास रखी जाएं। एक मां के लिए इससे बड़ी इच्छा और क्या हो सकती है कि वह उस बच्चे के करीब रहे, जिसे वह ज्यादा समय तक अपनी बाहों में नहीं रख पाई। सेलिना ने बताया कि उन्होंने यह वीडियो अप्रैल में ऑस्ट्रिया की यात्रा के दौरान रिकॉर्ड किया था। उस वक्त उन्हें खुद नहीं पता था कि अगली बार वह अपने बेटे की कब्र पर कब जा पाएंगी। इसलिए उन्होंने उस पल को कैमरे में कैद कर लिया, ताकि जब वह शमशेर से दूर हों तो इस याद को अपने पास रख सकें।

‘मैं टूटी हूं, लेकिन बच्चों के लिए मजबूत हूं’

अपने बेटे को याद करते हुए सेलिना ने लिखा कि वह अपने बच्चों के लिए आगे बढ़ती रहेंगी। उन्होंने बताया कि अप्रैल में ऑस्ट्रिया जाने के दौरान वह अपने दूसरे बेटों से भी नहीं मिल पाईं। उन्होंने माना कि यह पूरी स्थिति उन्हें अंदर से तोड़ देती है, लेकिन अपने बच्चों की खातिर वह खुद को संभालती हैं। सेलिना ने कहा कि वह अपने चारों बच्चों को हमेशा अपने दिल में लेकर चलती हैं। उन्होंने शमशेर के जुड़वां भाई अर्थु का भी जिक्र किया। सेलिना ने बताया कि वह अर्थु की आंखों में भी अपने भाई के लिए तड़प देखती हैं। उन्हें लगता है कि शमशेर कहीं न कहीं अपने भाई पर नजर रखता है और शायद अपनी मां को भी देख रहा है।

परिवार से जुड़े कानूनी मामलों का भी दर्द

सेलिना ने अपने पोस्ट में परिवार से जुड़े चल रहे कानूनी मामलों और उससे पैदा हुई अनिश्चितता के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि वह दोबारा कब ऑस्ट्रिया जाकर अपने बेटे की कब्र के पास बैठ पाएंगी। एक मां के लिए अपने बच्चे की कब्र के पास कुछ पल बैठना बहुत छोटी-सी इच्छा हो सकती है, लेकिन सेलिना के लिए इस समय यह भी आसान नहीं है। उन्होंने लिखा कि अपने परिवार के साथ जिंदगी बनाने के लिए उन्होंने अपना देश, माता-पिता, काम और अपना जाना-पहचाना जीवन पीछे छोड़ दिया था। लेकिन अब उन्हें कभी-कभी ऐसा महसूस होता है कि उन्हें दस्तावेजों और शब्दों के जरिए यह साबित करना पड़ रहा है कि अपने बच्चों के लिए उनका प्यार कितना गहरा है।

‘मां का प्यार कोर्ट को कैसे समझाऊं’

सेलिना के पोस्ट की सबसे भावुक बातों में से एक उनका यह सवाल है कि आखिर एक मां अदालत के सामने अपनी पूरी जिंदगी के प्यार को कैसे शब्दों में समझा सकती है? उन्होंने अपने बेटे से माफी मांगते हुए कहा कि उन्हें ये बातें रिकॉर्डिंग के जरिए कहनी पड़ रही हैं। वह चाहती हैं कि वह अपने दूसरे बेटों से सीधे बात कर सकें और उन्हें खुद बता सकें कि उनकी मां हमेशा उनके साथ है। सेलिना ने अपने बच्चों के लिए लिखा कि उन्हें उनका प्यार पाने के लिए कुछ भी करने की जरूरत नहीं है। उनका प्यार हमेशा उनके साथ रहेगा और उनसे कभी दूर नहीं होगा।

‘मैं हमेशा तुम्हारी मां रहूंगी’

पोस्ट के आखिर में सेलिना ने शमशेर और अर्थु दोनों को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वह हमेशा उन दोनों बच्चों की मां रहेंगी, जिन्हें उन्होंने उसी दिन दुनिया में लाया था। उन्होंने अपने बेटे से दोबारा मिलने की उम्मीद भी जताई और कहा कि तब तक वह खुद को आगे बढ़ाने की ताकत जुटाती रहेंगी। सेलिना का यह वीडियो सिर्फ एक मां का अपने दिवंगत बेटे को याद करने वाला पल नहीं है। इसमें उस दर्द की झलक भी दिखाई देती है, जो किसी बच्चे को खोने के बाद शायद कभी पूरी तरह खत्म नहीं होता। कब्र के पास बैठी सेलिना के आंसू और उनके शब्द सोशल मीडिया पर लोगों को भावुक कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें:  डॉक्टरों ने कहा था 'बचना मुश्किल': कीमो छोड़ा जंगल में बिताई रातें, 10 महीने में कैंसर हुआ गायब!

जल्द बॉलीवुड में करेंगी कमबैक

सेलिना की निजी जिंदगी इस समय कई मुश्किलों से गुजर रही है। उनके पति के साथ तलाक का मामला चल रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके बच्चे फिलहाल पिता के साथ रहते हैं और सेलिना उनसे मिलने को लेकर मुश्किलों का सामना कर रही हैं। इसके अलावा अभिनेत्री के भाई भी एक विदेशी जेल में हैं। सेलिना समय-समय पर उनके लिए सरकार से मदद की गुहार लगाती रही हैं। उनके भाई पूर्व आर्मी अफसर हैं।

इन सब मुश्किलों के बीच सेलिना अब अपनी प्रोफेशनल जिंदगी में भी वापसी की तैयारी कर रही हैं। शादी के बाद वह ऑस्ट्रेलिया में बस गई थीं, लेकिन अब भारत लौटकर एक बार फिर फिल्मों में काम कर रही हैं। सेलिना जल्द ही फिल्म ‘सिस्टर निबेदिता’ में नजर आएंगी। मेकर्स ने फिल्म का पोस्टर जारी कर इसकी घोषणा भी कर दी है। ऐसे में निजी जिंदगी की तमाम मुश्किलों के बीच अभिनेत्री एक बार फिर बॉलीवुड में अपनी नई पारी शुरू करने जा रही हैं।

  

 
 

Related News