
नारी डेस्क: इन दिनों फिल्म ‘बॉर्डर 2’ बॉक्स ऑफिस पर चर्चा में बनी हुई है। फिल्म के साथ-साथ इसके कलाकार भी सुर्खियों में हैं। इसी फिल्म में सनी देओल की पत्नी का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस मोना सिंह ने हाल ही में अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़ा एक अहम खुलासा किया है। मोना सिंह ने बताया कि उन्होंने शादी से पहले अपने एग्स फ्रीज करवाने का फैसला लिया था। इस बारे में उन्होंने ह्यूमन्स ऑफ बॉम्बे को दिए एक इंटरव्यू में खुलकर बात की और बताया कि यह फैसला उन्होंने क्यों लिया और इसकी पूरी प्रक्रिया कैसी रही।
फैमिली गायनेकोलॉजिस्ट की सलाह पर लिया फैसला
मोना सिंह ने इंटरव्यू में बताया कि उनके फैमिली गायनेकोलॉजिस्ट एक बार डिनर पर अपनी पत्नी के साथ उनके घर आए थे। उस दौरान उन्होंने मोना और उनके माता-पिता से एग फ्रीजिंग को लेकर बात की। डॉक्टर ने उन्हें समझाया कि वक्त के साथ महिलाओं की फर्टिलिटी कम होती जाती है। अगर आने वाले कुछ सालों में शादी या बच्चे की कोई प्लानिंग नहीं है, तो एग फ्रीज करवाना एक समझदारी भरा फैसला हो सकता है। इससे भविष्य में जब भी बच्चा चाहें, तो उस ऑप्शन पर भरोसा किया जा सकता है। मोना ने कहा कि उन्हें यह बात बिल्कुल सही लगी और उन्होंने बिना किसी हिचक के इस फैसले के लिए खुद को तैयार कर लिया।
एग फ्रीजिंग की प्रक्रिया कैसी होती है?
मोना सिंह ने बताया कि एग फ्रीजिंग कोई एक-दो दिन की प्रक्रिया नहीं होती। इसमें करीब 3 से 6 महीने का समय लग सकता है। इस दौरान शरीर में हार्मोनल बदलाव होते हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रोसेस के दौरान हार्मोन इंजेक्शन दिए जाते हैं, जिसकी वजह से मूड स्विंग्स, ब्लोटिंग और शरीर में बदलाव महसूस होते हैं। कई बार ऐसा भी लगता है कि खुद को लेकर अच्छा महसूस नहीं हो रहा, लेकिन यह सब कुछ समय के लिए होता है। मोना के मुताबिक, यह प्रोसेस थोड़ा असहज हो सकता है, लेकिन लंबे समय के फायदे को देखते हुए यह पूरी तरह से काबिल-ए-तारीफ है।
4 महीने तक काम से लिया ब्रेक
एक्ट्रेस ने बताया कि उन्होंने यह पूरी प्रक्रिया पुणे में करवाई थी। इसके लिए उन्होंने टीवी और काम से करीब 4 महीने का ब्रेक लिया। मोना ने कहा कि इस दौरान वह पूरी तरह घर पर रहीं और सभी जरूरी टेस्ट उनकी मां के साथ कराए गए। धीरे-धीरे पूरी प्रक्रिया पूरी की गई और अंत में एग्स सफलतापूर्वक फ्रीज कर लिए गए।
उस समय महंगा था एग फ्रीजिंग का खर्च
मोना सिंह ने यह भी बताया कि जब उन्होंने एग फ्रीज करवाए थे, तब यह प्रक्रिया काफी महंगी थी। हालांकि अब पहले के मुकाबले यह थोड़ा ज्यादा सुलभ हो गई है। उन्होंने इसे अपने जीवन की एक बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि यह उनके लिए किसी मैराथन जीतने जैसा एहसास था।
महिलाओं को दिया खास मैसेज
मोना सिंह का मानना है कि जो महिलाएं अभी शादी के बारे में नहीं सोच रही हैं, उन्हें एग फ्रीजिंग पर जरूर विचार करना चाहिए। इससे शादी को लेकर किसी तरह का दबाव नहीं रहता और सही समय पर सही फैसले लेने की आज़ादी मिलती है। एक्ट्रेस ने साफ कहा कि कम से कम इस वजह से किसी गलत रिश्ते में जाने की मजबूरी नहीं होती और महिलाएं अपने भविष्य को लेकर ज्यादा सुरक्षित महसूस करती हैं।
मोना सिंह का यह खुलासा कई महिलाओं के लिए प्रेरणादायक हो सकता है। उन्होंने न सिर्फ एग फ्रीजिंग जैसी संवेदनशील प्रक्रिया पर खुलकर बात की, बल्कि यह भी दिखाया कि सही जानकारी और समय पर लिया गया फैसला भविष्य को सुरक्षित बना सकता है।