नारी डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो के बाद मशहूर सिंगर और म्यूजिक कंपोजर विशाल ददलानी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पीएम मोदी ने अपने वीडियो में हाल के छात्र प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए कहा था कि कुछ छात्रों ने उन्हें अपशब्द कहे, लेकिन उन्होंने ऐसे छात्रों को "भटके हुए" और "शरारती बच्चे" बताते हुए उन्हें माफ करने की बात कही। प्रधानमंत्री का कहना था कि असहमति लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन भाषा की मर्यादा भी बनी रहनी चाहिए।
विशाल ददलानी ने वीडियो शेयर कर साधा निशाना
पीएम मोदी के इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विशाल ददलानी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया। वीडियो में उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज अपनाते हुए सरकार और प्रधानमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छात्रों पर गोलियां चलवा दी जाएं, आंसू गैस के गोले छोड़े जाएं, लाठियां बरसाई जाएं या छात्र आत्महत्या कर लें, लेकिन अगर कोई गाली दे दे तो वही सबसे बड़ा मुद्दा बन जाता है। अपने वीडियो में विशाल ददलानी ने कहा, "फ्रेंड्स, आज मेरा लंबी-लंबी बातें करने का मन कर रहा है। छात्रों पर गन चलवा दो, आंसू गैस के गोले छुड़वा दो, लाठियां चलवा दो, बच्चों ने आत्महत्या कर ली तो क्या हुआ, लेकिन गाली... बस गाली नहीं। देश के युवाओं के संस्कार कहां जा रहे हैं, यही सबसे बड़ा दर्द है?"
छात्रों के मुद्दों को लेकर सरकार पर उठाए सवाल
वीडियो में विशाल ददलानी ने यह भी कहा कि जो छात्र अपनी आवाज उठाते हैं, उन्हें दबाने की कोशिश की जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होती है और कई मामलों में चेहरा पहचानकर एफआईआर तक दर्ज कराई जाती है। उनके मुताबिक, छात्रों की समस्याओं और उनके आक्रोश पर ध्यान देने के बजाय सरकार गाली जैसे मुद्दों पर ज्यादा फोकस कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि अगर लोगों के घरों तक कार्रवाई पहुंच रही है और विरोध की आवाजों को कुचलने की कोशिश हो रही है, तो इन गंभीर मुद्दों पर भी चर्चा होनी चाहिए। ददलानी ने अंत में सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि "घमंड कम कीजिए और कोई नई स्क्रिप्ट लाइए।"
ये भी पढ़ें: World Lung Cancer Day: सिर्फ सिगरेट ही नहीं, रोज की ये आदतें भी बढ़ाती हैं Lung cancer का खतरा
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ वीडियो
विशाल ददलानी का यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ यूजर्स ने उनके बयान का समर्थन किया, जबकि कई लोगों ने उनकी आलोचना भी की। राजनीतिक मुद्दों पर इस तरह की प्रतिक्रियाओं को लेकर सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है।
पहले भी बेबाक राय रखते रहे हैं विशाल ददलानी
यह पहला मौका नहीं है जब विशाल ददलानी ने किसी राजनीतिक या सामाजिक मुद्दे पर खुलकर अपनी बात रखी हो। वह पहले भी कई राष्ट्रीय और सामाजिक विषयों पर अपनी राय सार्वजनिक रूप से व्यक्त करते रहे हैं। सरकार की नीतियों और समसामयिक घटनाओं पर उनके बयान अक्सर चर्चा का विषय बन जाते हैं और सोशल मीडिया पर व्यापक बहस छेड़ देते हैं।
नोट: यह खबर संबंधित पक्षों के सार्वजनिक बयानों और सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो पर आधारित है। इसमें व्यक्त विचार संबंधित व्यक्तियों के हैं।