30 NOVMONDAY2026 12:31:23 AM
Nari

निगलने में हो रही परेशानी से लेकर काले मल तक, खाने की नली के कैंसर के हैं लक्षण

  • Edited By Monika,
  • Updated: 25 Nov, 2026 11:46 AM
निगलने में हो रही परेशानी से लेकर काले मल तक, खाने की नली के कैंसर के हैं लक्षण

नारी डेस्क : खाने की नली में होने वाला कैंसर (Oesophagus Cancer) शुरुआत में कई बार सामान्य पाचन संबंधी समस्याओं जैसा लग सकता है, लेकिन समय के साथ इसके लक्षण गंभीर होने लगते हैं। खाना निगलने में परेशानी, अचानक वजन कम होना, लगातार खांसी और छाती में दर्द जैसी समस्याएं इसके संकेत हो सकती हैं। कई बार मरीज मल के रंग में बदलाव और कमजोरी को भी नजरअंदाज कर देते हैं, जबकि ये अंदरूनी ब्लीडिंग की ओर इशारा कर सकते हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा साझा की गई जानकारी के मुताबिक, इन लक्षणों को पहचानना और समय रहते जांच करवाना बेहद जरूरी है, क्योंकि शुरुआती अवस्था में कैंसर का पता चलने पर इलाज के विकल्प बेहतर हो सकते हैं।

क्या है खाने की नली का कैंसर?

खाने की नली, जिसे ग्रासनली (Oesophagus) कहा जाता है, मुंह से भोजन को पेट तक पहुंचाने का काम करती है। जब इस नली की कोशिकाओं में असामान्य बदलाव होने लगते हैं और वे अनियंत्रित रूप से बढ़ने लगती हैं, तो ट्यूमर बन सकता है। यही स्थिति कैंसर का रूप ले सकती है। इस कैंसर के कारण भोजन निगलने में परेशानी से लेकर शरीर में कमजोरी और वजन घटने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। यदि कैंसर बढ़ जाए तो यह शरीर के दूसरे हिस्सों में भी फैल सकता है।

PunjabKesari

खाने की नली के कैंसर के लक्षण क्या हैं?

ग्रासनली के कैंसर में शरीर कुछ संकेत देने लगता है, जिन्हें समय रहते पहचानना जरूरी है।
खाना निगलने में परेशानी: ठोस भोजन निगलने में दिक्कत होना और धीरे-धीरे तरल पदार्थ निगलने में भी परेशानी बढ़ना।
छाती में दर्द: सीने में दर्द, दबाव या बेचैनी महसूस होना।
अचानक वजन कम होना: बिना डाइट या एक्सरसाइज में बदलाव किए वजन घटना।

यें भी पढ़ें : रिपोर्ट में हुआ खुलासा: इन दो ब्लड ग्रुप वालों को सबसे ज्यादा Heart Attack का खतरा!

आवाज में बदलाव: आवाज बैठना या भारीपन महसूस होना।
लगातार खांसी: लंबे समय तक खांसी बने रहना, जो सामान्य उपचार से ठीक न हो।
उल्टी आना: बार-बार मतली या उल्टी की समस्या होना।
हड्डियों में दर्द: यदि कैंसर हड्डियों तक फैल गया हो तो हड्डियों में दर्द महसूस हो सकता है।
ब्लीडिंग और काला मल: खाने की नली से खून बहने पर मल काला पड़ सकता है। लंबे समय तक ब्लीडिंग होने से शरीर में खून की कमी (Anemia) हो सकती है, जिससे थकान और कमजोरी महसूस होती है।

PunjabKesari

खाने की नली के कैंसर की जांच कैसे होती है?

अगर व्यक्ति में ग्रासनली के कैंसर से जुड़े लक्षण दिखाई देते हैं, तो डॉक्टर उसकी स्थिति के अनुसार कुछ जांच करवाने की सलाह दे सकते हैं।
बेरियम स्वैलो एक्स-रे (Barium Swallow X-ray): इसमें बेरियम युक्त तरल पिलाकर एक्स-रे किया जाता है, जिससे ग्रासनली में रुकावट, संकुचन या असामान्य बदलाव देखे जा सकते हैं।
अपर GI एंडोस्कोपी (Upper GI Endoscopy): एक पतली, लचीली कैमरे वाली ट्यूब की मदद से ग्रासनली के अंदर देखा जाता है। इससे असामान्य हिस्सों की पहचान की जा सकती है।
बायोप्सी (Biopsy): संदिग्ध ऊतक का छोटा नमूना लेकर जांच की जाती है। कैंसर की पुष्टि करने के लिए यह अहम जांच है।

यें भी पढ़ें : फैटी लिवर की दुश्मन हैं ये 5 हरी सब्जियां, खाते ही घटने लगेगा फैट और सूजन

एंडोस्कोपिक अल्ट्रासाउंड (EUS): इससे ट्यूमर कितनी गहराई तक पहुंचा है और आसपास के लिम्फ नोड्स प्रभावित हुए हैं या नहीं, इसकी जानकारी मिल सकती है।
सीटी स्कैन और PET-CT स्कैन: कैंसर की स्थिति और शरीर के अन्य हिस्सों में फैलाव का पता लगाने के लिए इनका इस्तेमाल किया जाता है।
MRI स्कैन: आसपास के सॉफ्ट टिशू में कैंसर के फैलाव का आकलन करने में मदद करता है।
ब्रोंकोस्कोपी (Bronchoscopy): यदि ट्यूमर ग्रासनली के ऊपरी या मध्य हिस्से में हो, तो यह जांच वायुमार्ग पर उसके प्रभाव को देखने के लिए की जा सकती है।
लैब टेस्ट: खून की जांच से एनीमिया, लिवर की स्थिति, पोषण और मरीज की सामान्य सेहत का आकलन किया जाता है।

PunjabKesari

लक्षण दिखने पर जांच में देरी न करें

खाना निगलने में लगातार परेशानी, बिना वजह वजन कम होना, खून की उल्टी या काला मल जैसे लक्षण दिखाई देने पर इन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। जरूरी नहीं कि हर लक्षण कैंसर की वजह से हो, लेकिन लगातार बने रहने वाले लक्षणों की डॉक्टर से जांच करवाना जरूरी है। समय पर बीमारी की पहचान होने से इलाज जल्दी शुरू किया जा सकता है और मरीज के लिए उपचार के विकल्प बेहतर हो सकते हैं।

Related News