30 NOVMONDAY2026 2:48:38 AM
Nari

नहीं रहीं दुनिया की पहली Super mode, 87 साल की उम्र में हुआ निधन

  • Edited By Monika,
  • Updated: 27 Nov, 2026 01:34 PM
नहीं रहीं दुनिया की पहली Super mode, 87 साल की उम्र में हुआ निधन

नारी डेस्क : फैशन जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। दुनिया की पहली सुपरमॉडल्स में शुमार जर्मन मॉडल और अभिनेत्री वेरा ‘वेरूश्का’ वॉन लेहन्डॉर्फ का 87 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने 24 नवंबर 2026 को बर्लिन स्थित अपने घर पर आखिरी सांस ली। उनके निधन की खबर से फैशन और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में शोक की लहर है। वेरूश्का अपने दौर की सबसे चर्चित और महंगी मॉडल्स में से एक थीं। उनकी खूबसूरती, लंबे कद और अलग अंदाज ने उन्हें दुनियाभर में खास पहचान दिलाई थी।

परिवार ने दी निधन की जानकारी

वेरूश्का के निधन की जानकारी उनकी बहन कैथरीना कैपेलहॉफ वुल्फ ने दी। उन्होंने अपने कपड़ों के ब्रांड की वेबसाइट पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए बताया कि काउंटेस वेरा वॉन लेहन्डॉर्फ अब इस दुनिया में नहीं रहीं। उन्होंने अपनी बहन को एक शानदार कलाकार और बेहतरीन महिला बताते हुए श्रद्धांजलि दी। जर्मन अखबार ‘बिल्ड’ की रिपोर्ट के मुताबिक, वेरूश्का ने अपने परिवार और दोस्तों के बीच शांति से अंतिम सांस ली। वहीं, उनकी संपत्ति का कुछ हिस्सा जर्मनी के ल्यूनेबर्ग स्थित ईस्ट प्रशियन स्टेट म्यूजियम को दान किया गया है।

PunjabKesari

मुश्किल बचपन से शुरू हुआ सुपरमॉडल बनने का सफर

वेरूश्का का जन्म 14 मई 1939 को कोनिग्सबर्ग (ईस्ट प्रशिया) में हुआ था। उनका बचपन काफी संघर्षों में बीता। जब वह महज 5 साल की थीं, तभी उनके पिता की मौत हो गई। उनके पिता का नाम एडोल्फ हिटलर की हत्या की साजिश से जुड़ा था, जिसके चलते उन्हें मौत की सजा दी गई थी। इस घटना ने पूरे परिवार की जिंदगी बदल दी और वेरूश्का को बचपन से ही कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

यें भी पढ़ें : हार्ट अटैक की असली वजह: मीट-तेल नहीं, बल्कि 5 गलत आदतें जो नाइट्रिक ऑक्साइड घटाती हैं

ऐसे शुरू हुआ मॉडलिंग करियर

तमाम मुश्किलों के बावजूद वेरूश्का ने हार नहीं मानी। उन्होंने हैम्बर्ग में कला की पढ़ाई की और बाद में फ्लोरेंस चली गईं। साल 1959 में मशहूर फोटोग्राफर उगो मुलास की नजर उन पर पड़ी। यहीं से उनके मॉडलिंग करियर की शुरुआत हुई। इसके बाद पेरिस में उनकी मुलाकात मशहूर फोर्ड मॉडलिंग एजेंसी की प्रमुख एलीन फोर्ड से हुई, जिन्होंने उनके करियर को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाई।

PunjabKesari

एक दिन के काम के लिए लेती थीं 10 हजार डॉलर

6 फीट से ज्यादा लंबे कद और अपनी अलग पहचान के चलते वेरूश्का जल्द ही फैशन इंडस्ट्री का बड़ा नाम बन गईं। वह अपने दौर की सबसे लोकप्रिय और महंगी मॉडल्स में गिनी जाती थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह एक दिन के फोटोशूट या काम के लिए करीब 10 हजार डॉलर तक फीस लेती थीं। उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ‘वोग’ मैगजीन की तत्कालीन एडिटर डायना व्रीलैंड ने उन्हें एक दर्जन से ज्यादा बार मैगजीन के कवर पर जगह दी थी। उनकी तस्वीरों और अनोखे स्टाइल ने फैशन की दुनिया में एक अलग पहचान बनाई।

यें भी पढ़ें : महिला ने अपने 2BHK फ्लैट में ही 20 हजार कदम चलकर 14 Kg वजन घटाया

फिल्मों में भी दिखाया अभिनय का हुनर

वेरूश्का ने अपनी पहचान सिर्फ मॉडलिंग तक सीमित नहीं रखी, बल्कि फिल्मों में भी काम किया। वह मशहूर निर्देशक माइकलएंजेलो एंटोनियोनी की चर्चित फिल्म ‘ब्लोअप’ में नजर आई थीं। इसके अलावा साल 2006 में रिलीज हुई जेम्स बॉन्ड फिल्म ‘कैसिनो रॉयल’ में भी उन्होंने काम किया था।

PunjabKesari

फोटोग्राफर ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

वेरूश्का के निधन के बाद फोटोग्राफर फ्रेंको रुबार्टेली ने भी उन्हें याद किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीर साझा करते हुए श्रद्धांजलि दी। फ्रेंको ने उन्हें सिर्फ एक शानदार मॉडल ही नहीं, बल्कि शालीन, संवेदनशील और साहसी महिला बताया। उनके मुताबिक, वेरूश्का की खूबसूरती केवल कैमरे तक सीमित नहीं थी, बल्कि वह लोगों के दिलों पर भी अपनी छाप छोड़ जाती थीं।

Related News