
नारी डेस्क : बॉलीवुड एक्ट्रेस और डांसर नोरा फतेही एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका डांस या कोई फिल्म नहीं, बल्कि एक कानूनी विवाद है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक एविएशन कंपनी ने नोरा फतेही के खिलाफ 3 करोड़ रुपये का सिविल मानहानि का केस दायर किया है। कंपनी का आरोप है कि नोरा ने एक चार्टर्ड विमान में यात्रा के दौरान सोशल मीडिया पर कुछ ऐसे कमेंट किए, जिससे उसकी प्रतिष्ठा और कारोबार को नुकसान पहुंचा। आखिर क्या है पूरा मामला और कंपनी ने नोरा से 3 करोड़ रुपये की मांग क्यों की है? आइए जानते हैं।
नोरा फतेही पर क्यों हुआ मानहानि का केस?
रिपोर्ट्स के अनुसार, Dunes Aviation नाम की कंपनी ने नोरा फतेही के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया है। कंपनी का दावा है कि नोरा ने एक चार्टर्ड विमान से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया था, जिसमें विमान को लेकर की गई उनकी कथित टिप्पणियों से कंपनी की छवि प्रभावित हुई। कंपनी ने इन टिप्पणियों को अपमानजनक और गैर-जिम्मेदाराना बताया है और दावा किया है कि इससे उसके कारोबार पर भी असर पड़ा। बताया जा रहा है कि यह मामला पिछले साल दिसंबर का है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नोरा फतेही ने मुंबई से जयपुर की यात्रा के दौरान Cessna Citation CJ2 विमान के अंदर वीडियो बनाया था। बाद में उन्होंने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया। कंपनी का आरोप है कि वीडियो में विमान को लेकर नोरा ने कथित तौर पर 'मिनिएचर', 'टॉय' और 'लेगो एयरप्लेन' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था।

कंपनी ने बुकिंग में गिरावट का किया दावा
Dunes Aviation का दावा है कि नोरा फतेही की सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में फॉलोअर्स हैं। ऐसे में उनके द्वारा विमान को लेकर की गई कथित टिप्पणियों का व्यापक असर हुआ। कंपनी के अनुसार, इस घटना के बाद उसकी बुकिंग में करीब 15 से 20 फीसदी तक गिरावट आई और कैंसिलेशन भी बढ़े। कंपनी ने आरोप लगाया है कि इससे उसकी गुडविल, प्रतिष्ठा और व्यावसायिक गतिविधियों को नुकसान पहुंचा। हालांकि, ये कंपनी द्वारा लगाए गए दावे हैं और मामले का अंतिम निष्कर्ष अदालत की कार्यवाही के बाद ही सामने आएगा।
विमान को लेकर कंपनी ने क्या कहा?
कंपनी ने उस विमान की सुरक्षा और संचालन पर उठाए गए सवालों पर भी आपत्ति जताई है। उसके मुताबिक, विमान यात्रा के लिए उचित स्थिति में था और DGCA-certified तथा airworthy था। कंपनी का दावा है कि विमान वैध NSOP (Non-Scheduled Operator Permit) के तहत संचालित किया जा रहा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी ने मानहानि के मामले में नोरा फतेही से 3 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति की मांग की है। इसके अलावा कंपनी ने अदालत से सोशल मीडिया पर मौजूद कथित आपत्तिजनक पोस्ट और कंटेंट को हटाने का निर्देश देने की मांग भी की है। कंपनी की ओर से सार्वजनिक स्पष्टीकरण की मांग किए जाने की बात भी सामने आई है। यह मामला अदालत में है, इसलिए अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि नोरा फतेही वास्तव में मानहानि के लिए जिम्मेदार हैं या नहीं। कंपनी ने अपने आरोपों और नुकसान के दावों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की है, जबकि मामले में अंतिम फैसला अदालत की प्रक्रिया के बाद ही सामने आएगा।