
नारी डेस्क: भारतीय मूल की विधु इशिका ने Mrs Earth International 2025 का खिताब जीतकर देश का नाम रोशन कर दिया है। उन्होंने इस जीत के साथ सिर्फ ताज ही नहीं पहना, बल्कि हर उस लड़की की उम्मीद को भी उड़ान दी है, जिसे कभी समाज ने यह कहकर रोका था कि वह कुछ नहीं कर सकती।
सोशल मीडिया पर दी खुशी जाहिर, कहा शुक्रिया
विधु इशिका ने अपने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर सभी को धन्यवाद कहा। उन्होंने इस खास उपलब्धि को अपने फैन्स और उन सभी लोगों के साथ साझा किया जो हमेशा उनके साथ खड़े रहे।
टीवी होस्ट से अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर
विधु इशिका पहले टीवी होस्ट रह चुकी हैं। इसके साथ ही उन्होंने सस्टेनेबल फैशन को बढ़ावा देने के लिए एक प्लेटफॉर्म की भी शुरुआत की थी। अब उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर Mrs Earth International 2025 का खिताब जीतकर खुद को एक प्रेरणा के रूप में स्थापित कर दिया है।
जीत पर इशिका का भावुक संदेश
अपनी जीत के बाद इशिका ने कहा, "यह सिर्फ मेरी जीत नहीं है, यह हर उस लड़की की जीत है, जिसे कभी कहा गया था कि वह ऐसा नहीं कर सकती। यह जीत भारतीय संस्कृति, संगीत और नारीत्व की एक खुली घोषणा है।" उनके ये शब्द आज हजारों लड़कियों को अपने सपनों पर विश्वास करने की प्रेरणा दे रहे हैं।
परिजनों और चाहने वालों ने दी ढेरों बधाइयां
इस उपलब्धि पर परिवार, दोस्त और फैन्स ने विधु को खूब बधाइयां दीं। उन्होंने सभी शुभकामनाओं को इंस्टाग्राम स्टोरी में शेयर करते हुए सभी को दिल से धन्यवाद कहा।
विधु इशिका की यह जीत केवल एक ब्यूटी कॉन्टेस्ट का खिताब नहीं है, बल्कि यह एक सोच की जीत है—कि अगर विश्वास हो, तो कोई भी लड़की कुछ भी कर सकती है। उन्होंने यह साबित कर दिया कि सपनों की कोई सीमा नहीं होती।