
नारी डेस्क: जब आमिर खान ने मुंबई स्थित अपने घर पर एक निजी समारोह में गौरी स्प्राट से शादी की, तो सबकी नज़रें जोड़े के सादे आइवरी रंग के कपड़ों पर टिकी थीं। दुल्हन से ज्यादा तो दूल्हे राजा लाइमलाइट लूट गए। उनके लुक की चर्चा धोती या कुर्ते की वजह से नहीं बल्कि पारंपरिक कपड़ों के नीचे से दिख रही मोटी चांदी की पायल की वजह से हो रही थी। एक्टर ने भी इसे खूब फ्लॉन्ट किया।
अपनी शादी के मौके पर दुल्हन गौरी स्प्राट बारीक कढ़ाई वाले आइवरी रंग के एथनिक कपड़ों में बेहद खूबसूरत लग रही थीं। भारी सजावट वाले इस आउटफिट में बेहतरीन कारीगरी और फुल-स्लीव डिज़ाइन है। गौरी ने अपने लुक को लेयर्ड स्टेटमेंट नेकपीस, मैचिंग इयररिंग्स और एक स्लीक ब्रेसलेट के साथ पूरा किया। हेयरस्टाइल के लिए उन्होंने ताज़े सफेद फूलों से सजी ढीली चोटी बनाई। उन्होंने हल्के मेकअप वाली आंखों और न्यूड लिप शेड के साथ अपने मिनिमलिस्टिक लेकिन शानदार ब्राइडल लुक को पूरा किया।
आमिर भी पूरी तरह सफेद कुरते में हैंडसम लग रहे थे, जिसे उन्होंने एक शानदार स्टेटमेंट ब्रोच के साथ और भी आकर्षक बनाया। 'लगान' एक्टर ने अपने सिग्नेचर काले फ्रेम वाले चश्मे और अच्छी तरह से संवारी हुई दाढ़ी के साथ इस लुक को पूरा किया। इसमें कोई शक नहीं कि उनकी चांदी की पायल ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। हालांकि आजकल पुरुषों के पहनावे में पायल आम नहीं है, लेकिन भारतीय उपमहाद्वीप में पुरुषों के बीच इसका लंबा इतिहास रहा है।
ऐतिहासिक मूर्तियों, मंदिरों की नक्काशी और शाही तस्वीरों में राजाओं, योद्धाओं और नर्तकों को तरह-तरह के गहने पहने हुए दिखाया गया है, जिनमें पायल, बाजूबंद और शानदार हार शामिल हैं। समय के साथ, इनमें से कई गहने मुख्य रूप से महिलाओं के फ़ैशन से जुड़ गए। हालाकि, आज डिज़ाइनर और मशहूर हस्तियां बिना किसी सख़्त जेंडर-भेद के पारंपरिक गहनों को फिर से अपना रहे हैं। आम तौर पर सेलिब्रिटी शादियाँ शानदार डिज़ाइनर कपड़ों और भारी-भरकम गहनों के लिए जानी जाती हैं, लेकिन आमिर और गौरी ने अपनी शादी की रस्मों को बहुत ही सादगी से पूरा किया। इतने सादे और हल्के रंगों के बीच, ऑक्सीडाइज़्ड सिल्वर की पायल दूल्हे राजा के पूरे लुक की सबसे खास चीज़ बन गई।