
नारी डेस्क: कहते हैं कि आपकी सफलता, तरक्की या खुशी लोगों को हजम नहीं होती, ऐसा ही कुछ हुआ 'धुरंधर' अभिनेता रणवीर सिंह के साथ। उनके खिलाफ फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज़ (FWICE) ने बैन लगा दिया था। इंडस्ट्री को रणवीर सिंह संग काम न करने के लिए कहा गया है। 'असहयोग निर्देश' (NCD) की घोषणा किए जाने के बाद, अभिनेता ने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि फिल्म इंडस्ट्री के लिए उनके मन में बहुत सम्मान है।
रणवीर ने रखी अपनी बात
अपने आधिकारिक बयान में, वर्कर्स फेडरेशन ने दावा किया कि बॉयकॉट का फैसला लेने से पहले उन्होंने रणवीर को कई नोटिस भेजे थे। इस मामले से जुड़ी सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए, रणवीर के आधिकारिक प्रवक्ता ने एक बयान जारी किया, जिसमें कहा गया, "रणवीर सिंह के मन में फिल्म इंडस्ट्री और 'डॉन' फ्रेंचाइजी से जुड़े सभी लोगों के लिए बहुत सम्मान है। बयान में कहा गया- 'डॉन 3' से जुड़े हाल के घटनाक्रमों के दौरान, उन्होंने जान-बूझकर चुप्पी साधे रखने का फैसला किया, क्योंकि उनका मानना है कि पेशेवर चर्चाओं और निजी रिश्तों को गरिमा, परिपक्वता और आपसी सम्मान के साथ ही सुलझाना सबसे अच्छा होता है।"
फरहान अख्तर ने लगाए एक्टर पर आरोप
प्रवक्ता ने आगे कहा- "हालांकि समय-समय पर कई तरह की बातें और अटकलें सामने आती रही हैं, लेकिन रणवीर ने कभी भी सार्वजनिक रूप से उनका जवाब देना या उन अटकलों में शामिल होना ज़रूरी नहीं समझा। उनका पूरा ध्यान अपने काम और आगे की ज़िम्मेदारियों पर ही केंद्रित है। इस प्रोजेक्ट से जुड़े सभी लोगों के लिए उनके मन में आज भी गहरा सम्मान और सद्भावना है, और वह पूरी ईमानदारी से इस फ्रेंचाइजी की लगातार सफलता की कामना करते हैं।" फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी ने FWICE से शिकायत की थी कि उन्हें अपनी फिल्म "डॉन 3" के प्री-प्रोडक्शन में लगभग 45 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है, जिससे रणवीर ने आखिरी समय पर अपना नाम वापस ले लिया था।
रणवीर के खिलाफ निर्देश जारी
फेडरेशन द्वारा जारी बयान के अनुसार, रणवीर ने उनके कई संदेशों का जवाब देते हुए कहा कि "शिकायतकर्ताओं के लिए अपनी शिकायतें उठाने हेतु FWICE सही मंच नहीं है।" उन्होंने आगे कहा कि- "उठाए गए मुद्दे अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) से जुड़े हैं, और इसलिए उन्हें किसी उचित कानूनी मंच के समक्ष ही सुलझाया जाना चाहिए।" रणवीर के खिलाफ 'असहयोग निर्देश' (NCD) जारी करने के अपने फैसले की घोषणा करते हुए FWICE ने कहा, "फेडरेशन और इस प्रोजेक्ट से जुड़े अन्य हितधारकों के प्रति रणवीर सिंह के रवैये को देखते हुए, FWICE के पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से उनके खिलाफ 'असहयोग निर्देश' (NCD) जारी करने का फैसला किया है।" उन्होंने आगे कहा- "FWICE रणवीर सिंह से मुलाक़ात करने के लिए तैयार है, ताकि वे मामले पर उनका पक्ष सुन सकें और दोनों पक्षों के हित में, इस मुद्दे को एक सौहार्दपूर्ण और अंतिम समाधान की ओर आगे बढ़ा सकें।"