
देशभर में कोरोना वायरस का खतरा थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। आम लोगों के साथ-साथ बाॅलीवुड और टीवी इंडस्ट्री में इस वायरस का असर देखने को मिल रहा है। बीते दिन एक टीवी सीरियल के तीन अहम भूमिका निभाने वाले कलाकारों समेत सात स्टाफ मेंबर्स कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। वहीं अब टीवी एक्टर राजेश कुमार भी कोरोना पाॅजिटिव पाए गए हैं।

'साराभाई वर्सेज साराभाई', 'शरारत', 'बा बहू और बेबी', 'खिचड़ी' जैसे फेमस टीवी सीरियल में काम कर चुके एक्टर राजेश कुमार की रिपोर्ट कोरोना पाॅजिटिव आई है। हालांकि राजेश में कोरोना के कोई लक्षण दिखाई नहीं दिए। वह टीवी सीरियल 'एक्सक्यूज मी मैडम' की शूटिंग कर रहे थे। इस बात की जानकारी खुद राजेश ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए दी है।

उन्होंने लिखा, 'मैं अपने प्रिय प्रशंसकों और शुभचिंतकों को सूचित करना चाहूंगा कि मेरा कोविड-19 टेस्ट पाॅजिटिव आया है। मैं घर पर क्वारंटाइन हूं। मेरा बहुत अच्छे से ख्याल रखा जा रहा है। आप सभी की प्रार्थनाओं और शुभकामनाओं के धन्यवाद। आपको जल्द ही स्टार भारत पर "एक्सक्यूज़ मी मैडम" के साथ मिलूंगा।' रिपोर्ट पाॅजिटिव आने के बाद राजेश कुमार को घर पर क्वारंटाइन कर दिया गया है।
