
नारी डेस्क : तमिल फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्ममेकर और सिनेमेटोग्राफर R Chezhiyan का शुक्रवार को 57 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे और चेन्नई के तारामणि स्थित एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन की खबर सामने आते ही पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई।
लंबे समय से थे बीमार
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, R Chezhiyan पिछले काफी समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। इलाज के दौरान शुक्रवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन पर तमिल सिनेमा के कई कलाकारों, फिल्मकारों और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इंजीनियरिंग छोड़ चुना फिल्मों का रास्ता
R Chezhiyan का जन्म तमिलनाडु के शिवगंगा जिले में हुआ था। उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी, लेकिन उनका मन हमेशा फोटोग्राफी और फिल्मों में रमता था। इसी जुनून ने उन्हें फिल्म इंडस्ट्री की ओर खींचा और उन्होंने सिनेमेटोग्राफी के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई।
पी.सी. श्रीराम के साथ की करियर की शुरुआत
R Chezhiyan ने अपने फिल्मी सफर की शुरुआत दिग्गज सिनेमेटोग्राफर पी.सी. श्रीराम के सहायक के रूप में की। यहां उन्होंने कैमरे की बारीकियां सीखीं और बाद में स्वतंत्र सिनेमेटोग्राफर के तौर पर अपनी पहचान बनाई।
'कलूरी' से मिली अलग पहचान
साल 2007 में रिलीज हुई तमिल फिल्म 'कलूरी' में उन्होंने स्वतंत्र सिनेमेटोग्राफर के रूप में काम किया। फिल्म की शानदार सिनेमेटोग्राफी को दर्शकों और समीक्षकों ने खूब सराहा। इसके बाद वह तमिल सिनेमा के चर्चित सिनेमेटोग्राफरों में शामिल हो गए।

इन फिल्मों में दिखाया अपना हुनर
R Chezhiyan ने अपने करियर में कई यादगार फिल्मों में कैमरे का जादू बिखेरा। इनमें 'रेट्टाइसुझी', 'मगीझची', 'थेनमेरकु' और 'परदेसी' जैसी फिल्में शामिल हैं। उनकी सिनेमेटोग्राफी ने इन फिल्मों को एक अलग पहचान दिलाई।
'परदेसी' के लिए मिला इंटरनेशनल सम्मान
साल 2013 में रिलीज हुई फिल्म 'परदेसी' में उनके शानदार काम के लिए उन्हें लंदन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में बेस्ट सिनेमेटोग्राफर का पुरस्कार मिला। यह उपलब्धि भारतीय सिनेमा के लिए भी गर्व का पल थी।
'To Let' के लिए जीता नेशनल अवॉर्ड
R Chezhiyan ने सिर्फ सिनेमेटोग्राफी ही नहीं, बल्कि निर्देशन में भी अपनी अलग पहचान बनाई। साल 2017 में उन्होंने फिल्म 'To Let' का निर्देशन किया। इस फिल्म को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली और इसे नेशनल फिल्म अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर
R Chezhiyan के निधन से तमिल फिल्म जगत ने एक प्रतिभाशाली फिल्मकार खो दिया है। उनकी सिनेमेटोग्राफी और निर्देशन को हमेशा याद किया जाएगा। उनके योगदान ने भारतीय सिनेमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।