29 NOVSUNDAY2026 11:45:24 PM
Nari

पति के निधन से गम में डूबीं मौसमी चटर्जी, पहली बार तोड़ी चुप्पी...

  • Edited By Monika,
  • Updated: 16 Nov, 2026 11:11 AM
पति के निधन से गम में डूबीं मौसमी चटर्जी, पहली बार तोड़ी चुप्पी...

नारी डेस्क : बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री मौसमी चटर्जी इन दिनों बेहद मुश्किल दौर से गुजर रही हैं। उनके पति और फिल्म-टीवी निर्माता जयंत मुखर्जी का 12 नवंबर 2026 को मुंबई में निधन हो गया था। पति को खोने के बाद अभिनेत्री ने पहली बार अपनी चुप्पी तोड़ी है और सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा किया है। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने फैंस और शुभचिंतकों से एक खास अपील भी की है। मौसमी ने लोगों से उन्हें और उनकी बेटी मेघा को इस दुख से उबरने के लिए थोड़ा समय और निजता देने की गुजारिश की है।

मौसमी चटर्जी ने पोस्ट में क्या लिखा?

मौसमी चटर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपना बयान साझा किया। उन्होंने पति जयंत को याद करते हुए लिखा कि जिन्हें सभी प्यार से 'बाबू' कहते थे, वे अब इस दुनिया में नहीं रहे और उन्हें छोड़कर स्वर्ग सिधार गए हैं। अभिनेत्री ने आगे लिखा कि इस कठिन समय से उबरने के लिए उन्हें और उनकी बेटी को थोड़ा समय और स्पेस दिया जाए। साथ ही उन्होंने सभी की प्रार्थनाओं और सहयोग के लिए आभार भी जताया।

बेटी मेघा ने दी प्रार्थना सभा की जानकारी

जयंत मुखर्जी के निधन के बाद उनकी बेटी मेघा ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा किया था। उन्होंने बताया कि उनके पिता का 12 नवंबर 2026 को निधन हो गया। उनकी याद में 15 नवंबर, रविवार को मुंबई के श्री खटवारी दरबार में प्रार्थना सभा रखी गई थी। यह सभा शाम 5:30 बजे से 7:30 बजे तक आयोजित की गई।

यें भी पढ़ें : सोते समय लार निकलना सिर्फ आदत नहीं, इन बीमारियों से भी हो सकता है संकेत

कौन थे जयंत मुखर्जी?

जयंत मुखर्जी मशहूर गायक और संगीतकार हेमंत कुमार के बेटे थे। वह फिल्म और टेलीविजन निर्माता के तौर पर काम करते थे। उनके प्रोडक्शन से जुड़ी फिल्मों में 'मज़ाक' और 'दो लड़के दोनों कड़के' शामिल हैं। इसके अलावा वह टीवी शो 'तलाश' से भी जुड़े रहे। जयंत और मौसमी चटर्जी की शादी को पांच दशक से ज्यादा समय हो चुका था। दोनों की दो बेटियां थीं, जिनमें से बड़ी बेटी पायल का पहले ही निधन हो गया था। अब जयंत के जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Related News