24 SEPTHURSDAY2026 6:32:51 AM
Nari

Yami Gautam को मिला पहला नेशनल अवॉर्ड, पत्नी को सम्मान मिलता देख गर्व से भर उठे Aditya Dhar

  • Edited By Priya Yadav,
  • Updated: 23 Sep, 2026 03:56 PM
Yami Gautam को मिला पहला नेशनल अवॉर्ड, पत्नी को सम्मान मिलता देख गर्व से भर उठे Aditya Dhar

 नारी  डेस्क:  यामी गौतम के लिए 72वां नेशनल फिल्म अवॉर्ड बेहद खास बन गया। फिल्म 'आर्टिकल 370' में शानदार अभिनय के लिए यामी गौतम को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। गुजरात के केवड़िया में आयोजित इस समारोह में जब यामी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों अपना अवॉर्ड लेने पहुंचीं, तो उनके पति और फिल्ममेकर आदित्य धर भी उनके साथ मौजूद थे। पत्नी को देश का प्रतिष्ठित सम्मान मिलता देख आदित्य के चेहरे की खुशी साफ नजर आई।

मैचिंग आउटफिट में पहुंचे यामी और आदित्य

अवॉर्ड समारोह में यामी और आदित्य का लुक भी लोगों का ध्यान खींच रहा था। यामी ब्लैक साड़ी में नजर आईं, जिस पर गोल्डन बॉर्डर उनके लुक को खास बना रहा था। वहीं आदित्य धर ब्लैक बंद गला सूट में दिखाई दिए। दोनों ने इस खास मौके के लिए एक-दूसरे से मैच करता हुआ ब्लैक लुक चुना था। जब यामी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार दिया गया, उस वक्त आदित्य धर उन्हें देखकर खुशी से तालियां बजाते नजर आए। कैमरे में कैद हुए इस पल में उनके चेहरे पर पत्नी की उपलब्धि का गर्व साफ दिखाई दे रहा था।

अवॉर्ड मिलने के बाद यामी ने क्या कहा

राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने के बाद यामी ने मीडिया से बातचीत में अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि वह अभी भी इस पल को महसूस करने की कोशिश कर रही हैं। उनके मुताबिक, किसी भी कलाकार के लिए यह गर्व की बात है, खासकर उन लोगों के लिए जिन्होंने अपनी पूरी जिंदगी मेहनत करते हुए अपने सपनों को पूरा करने में लगा दी। यामी ने कहा कि वह यह बात सिर्फ अपनी ओर से नहीं बल्कि उन सभी लोगों की तरफ से कह रही हैं, जो बड़े शहरों में ढेरों सपने लेकर आते हैं। उन्होंने अपनी जर्नी का जिक्र करते हुए कहा कि इंसान को हमेशा यह नहीं पता होता कि जिंदगी उसे कहां लेकर जाएगी।

ये भी पढ़ें:  तमन्ना भाटिया की साड़ी में बसी ‘छठ’ की कहानी, मधुबनी कला से सजा ‘द वन’ का खास प्रमोशनल लुक

'ईमानदारी से अपना काम करते रहिए'

यामी ने आगे कहा कि जिंदगी के अगले पड़ाव के बारे में पहले से कुछ पता नहीं होता। उनके मुताबिक, इंसान के हाथ में सिर्फ इतना है कि वह ईमानदारी से अपना काम करता रहे। उन्होंने भरोसा जताया कि मेहनत और ईमानदारी के साथ काम करते रहने पर एक दिन अपनी मंजिल तक पहुंचा जा सकता है। एक्ट्रेस ने यह भी कहा कि वह अभी भी जिंदगी में मिलने वाले नए अवसरों को तलाश रही हैं और उन्हें नहीं पता कि आगे का सफर उन्हें कहां लेकर जाएगा। हालांकि, राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना उनके लिए बहुत बड़ा सम्मान है और इस उपलब्धि को लेकर वह बेहद गर्व महसूस कर रही हैं।

'आर्टिकल 370' के लिए मिला सम्मान

यामी गौतम को यह सम्मान उनकी फिल्म 'आर्टिकल 370' के लिए मिला है। 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में इस फिल्म को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार भी दिया गया। फिल्म की कहानी जम्मू-कश्मीर से जुड़े संवेदनशील मुद्दे और आर्टिकल 370 को हटाए जाने के घटनाक्रम के इर्द-गिर्द बुनी गई थी। फिल्म में यामी ने मुख्य भूमिका निभाई थी और उनके अभिनय को इस राष्ट्रीय सम्मान के जरिए पहचान मिली। यह यामी का पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार है, इसलिए उनके लिए इस उपलब्धि की खुशी और भी खास है।

PunjabKesari

ममूटी और कार्तिक आर्यन भी हुए सम्मानित

72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में अभिनय की कैटेगरी में ममूटी और कार्तिक आर्यन को संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला। ममूटी को मलयालम फिल्म 'ब्रह्मयुगम' में उनके अभिनय के लिए सम्मानित किया गया, जबकि कार्तिक आर्यन को स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म 'चंदू चैंपियन' के लिए यह पुरस्कार दिया गया। इस तरह इस साल के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में अलग-अलग भाषाओं और इंडस्ट्री से जुड़े कलाकारों को उनके काम के लिए सम्मान मिला। वहीं यामी गौतम के लिए यह समारोह उनकी फिल्मी यात्रा का एक यादगार पड़ाव बन गया, जिसे उन्होंने पति आदित्य धर के साथ साझा किया।
 

Related News