30 NOVMONDAY2026 12:39:19 AM
Nari

पुरुषों के लिए जरूरी हैं ये 5 मेडिकल टेस्ट, समय रहते चल जाएगा इन बीमारियों का पता

  • Edited By Priya Yadav,
  • Updated: 20 Nov, 2026 02:02 PM
पुरुषों के लिए जरूरी हैं ये 5 मेडिकल टेस्ट, समय रहते चल जाएगा इन बीमारियों का पता

 नारी डेस्क:  अक्सर पुरुष घर और ऑफिस की जिम्मेदारियों में इतने व्यस्त हो जाते हैं कि अपनी सेहत पर ध्यान देना ही भूल जाते हैं। कई बार शरीर में परेशानी होने के बावजूद वे डॉक्टर के पास जाने से बचते हैं। लेकिन सेहत को नजरअंदाज करना आगे चलकर भारी पड़ सकता है। दरअसल, हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और दिल से जुड़ी कई बीमारियां शुरुआत में बिना किसी खास लक्षण के शरीर में बढ़ती रहती हैं। ऐसे में समय-समय पर कुछ जरूरी मेडिकल टेस्ट कराना बेहद फायदेमंद हो सकता है। आइए जानते हैं ऐसे 5 टेस्ट के बारे में, जिन्हें पुरुषों को अपनी उम्र और सेहत के हिसाब से करवाना चाहिए।

ब्लड प्रेशर टेस्ट

पुरुषों के लिए ब्लड प्रेशर की जांच बेहद जरूरी है। हाई बीपी की सबसे बड़ी परेशानी यह है कि कई बार इसके शुरुआती लक्षण दिखाई नहीं देते। व्यक्ति खुद को बिल्कुल स्वस्थ महसूस करता है, लेकिन उसका ब्लड प्रेशर बढ़ा हुआ हो सकता है। लंबे समय तक बीपी बढ़ा रहने से दिल की बीमारी, स्ट्रोक और किडनी से जुड़ी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए समय-समय पर ब्लड प्रेशर जरूर चेक करवाएं। खासकर उन लोगों को ज्यादा ध्यान देना चाहिए, जिनके परिवार में पहले से हाई बीपी या दिल की बीमारी का इतिहास रहा है।

PunjabKesari

 ब्लड शुगर और HbA1c टेस्ट

डायबिटीज आजकल एक आम स्वास्थ्य समस्या बनती जा रही है। ब्लड शुगर और HbA1c टेस्ट की मदद से शरीर में शुगर का स्तर पता लगाया जा सकता है।
इन जांचों से प्रीडायबिटीज और डायबिटीज की पहचान करने में मदद मिलती है। प्रीडायबिटीज में ब्लड शुगर सामान्य से ज्यादा होता है, लेकिन अभी डायबिटीज की स्थिति नहीं होती। इस दौरान खानपान में सुधार और नियमित एक्सरसाइज से डायबिटीज के खतरे को कम करने में मदद मिल सकती है। वहीं, लंबे समय तक शुगर बढ़ी रहने से आंखों, दिल, नसों और किडनी पर बुरा असर पड़ सकता है।

 लिपिड प्रोफाइल टेस्ट

दिल की सेहत का ध्यान रखने के लिए लिपिड प्रोफाइल टेस्ट भी जरूरी है। इस जांच से खून में कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड्स की मात्रा का पता चलता है। अगर शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल बढ़ जाता है, तो धमनियों में फैट जमा होने लगता है। इससे दिल तक खून पहुंचने में परेशानी हो सकती है और हार्ट अटैक का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए डॉक्टर की सलाह के अनुसार समय-समय पर यह टेस्ट करवाना चाहिए।

PunjabKesari

ये भी पढ़ें:  सोते वक्त लार गिरने की वजह कोई आदत नहीं, हो सकती है इस Vitamin की कमी!

 किडनी फंक्शन टेस्ट (KFT)

किडनी हमारे शरीर से गंदगी और अतिरिक्त पानी बाहर निकालने का काम करती है। अगर किडनी ठीक से काम नहीं कर रही है, तो शरीर में कई तरह की परेशानियां हो सकती हैं। KFT यानी किडनी फंक्शन टेस्ट से किडनी की काम करने की क्षमता का पता चलता है। इसमें क्रिएटिनिन और यूरिया जैसे तत्वों की जांच की जाती है। इससे किडनी से जुड़ी समस्याओं के शुरुआती संकेत मिल सकते हैं। खासकर डायबिटीज और हाई बीपी से परेशान पुरुषों को डॉक्टर की सलाह पर किडनी की जांच करवानी चाहिए।

PunjabKesari

लिवर फंक्शन टेस्ट (LFT)

लिवर हमारे शरीर के जरूरी अंगों में से एक है। यह भोजन पचाने, शरीर से हानिकारक पदार्थों को बाहर निकालने और कई जरूरी प्रक्रियाओं में मदद करता है। LFT यानी लिवर फंक्शन टेस्ट से लिवर की सेहत के बारे में जानकारी मिलती है। इस टेस्ट में लिवर से जुड़े एंजाइम और अन्य तत्वों की जांच की जाती है। इससे फैटी लिवर और लिवर में सूजन जैसी समस्याओं के संकेत मिल सकते हैं। जो पुरुष शराब का सेवन करते हैं, मोटापे से परेशान हैं या जिन्हें लिवर से जुड़ी समस्या का खतरा है, उन्हें डॉक्टर की सलाह से यह जांच करवानी चाहिए।

सेहत को नजरअंदाज न करें

अच्छी सेहत के लिए सिर्फ पौष्टिक खाना खाना और एक्सरसाइज करना ही काफी नहीं है। समय-समय पर अपनी सेहत की जांच करवाना भी जरूरी है। इन टेस्ट की मदद से कई बीमारियों का शुरुआती दौर में पता लगाने में मदद मिल सकती है। हालांकि, हर व्यक्ति को सभी टेस्ट एक ही समय पर कराने की जरूरत नहीं होती। कौन-सी जांच कब करवानी है, यह आपकी उम्र, मेडिकल हिस्ट्री, जीवनशैली और जोखिम के आधार पर डॉक्टर तय करते हैं। इसलिए अपनी सेहत को प्राथमिकता दें और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से सलाह जरूर लें।   

 

Related News