
नारी डेस्क: लोकगायिका और बिहार की विधायक मैथिली ठाकुर इन दिनों मुंबई में हैं। गणेशोत्सव के मौके पर वह 15 सितंबर को मुंबई के मशहूर लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंचीं। इस दौरान उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मैथिली ठाकुर बेहद लग्जरी Rolls-Royce Cullinan की पिछली सीट पर बैठी नजर आ रही हैं। उनकी इस खास एंट्री ने पंडाल में मौजूद लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींच लिया।
भीड़ के बीच लग्जरी कार में पहुंचीं मैथिली
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि नीले रंग की Rolls-Royce Cullinan श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच धीरे-धीरे लालबागचा राजा पंडाल की तरफ बढ़ रही है। कार की पिछली सीट पर मैथिली ठाकुर बैठी हुई हैं। वह मुस्कुराते हुए बाहर मौजूद लोगों का अभिवादन करती नजर आती हैं। इस दौरान कई लोग उनकी तस्वीरें और वीडियो बनाने की कोशिश करते दिखे। मैथिली ने भी कार के अंदर से हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। जैसे ही कार पंडाल के मुख्य द्वार के पास पहुंची, वहां मौजूद श्रद्धालुओं की भीड़ देखकर वह काफी खुश नजर आईं।
क्या मैथिली ठाकुर की अपनी है Rolls-Royce
मैथिली जिस Rolls-Royce Cullinan में पहुंचीं, उसके नंबर प्लेट के मुताबिक यह गाड़ी मुंबई के पास वाशी RTO में रजिस्टर्ड है। हालांकि, अभी इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि यह कार मैथिली ठाकुर की अपनी है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि उन्होंने यह कार किराए पर ली थी या फिर आयोजकों या मेजबानों की ओर से उनके लिए इसकी व्यवस्था की गई थी। इसलिए कार को मैथिली की निजी गाड़ी बताना फिलहाल सही नहीं होगा।
लालबागचा राजा के सामने टेका माथा
Rolls-Royce में पहुंचने के बाद मैथिली ठाकुर ने लालबागचा राजा के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। दर्शन के दौरान का एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें वह भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा के सामने सिर झुकाकर आशीर्वाद लेती दिखाई दे रही हैं। इस दौरान उनके चेहरे पर श्रद्धा और भावुकता साफ नजर आई। दर्शन के बाद लालबागचा राजा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने पारंपरिक तरीके से मैथिली ठाकुर का स्वागत किया और उन्हें सम्मानित भी किया। पंडाल में मौजूद कई प्रशंसकों ने उनके साथ सेल्फी भी ली।

15 करोड़ तक पहुंच सकती है Rolls-Royce Cullinan की कीमत
मैथिली ठाकुर जिस Rolls-Royce Cullinan में नजर आईं, वह दुनिया की महंगी और लग्जरी SUVs में गिनी जाती है। भारत में इस कार की एक्स-शोरूम कीमत करीब 10.50 करोड़ रुपये से शुरू होती है। वहीं टैक्स, इंश्योरेंस और कार में किए गए कस्टमाइजेशन के आधार पर इसकी ऑन-रोड कीमत काफी बढ़ सकती है। मुंबई में इसके कुछ वेरिएंट की कीमत करीब 13 करोड़ रुपये से लेकर 15 करोड़ रुपये से ज्यादा तक पहुंच सकती है। Cullinan Series II और Black Badge Series II इसके प्रीमियम वेरिएंट्स में शामिल हैं।
अंबानी परिवार के गणेश उत्सव में भी पहुंची थीं मैथिली
लालबागचा राजा के दर्शन से एक दिन पहले मैथिली ठाकुर मुंबई में मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया में आयोजित गणेश चतुर्थी समारोह में भी शामिल हुई थीं। इस कार्यक्रम का एक वीडियो उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर शेयर किया था। वीडियो में मैथिली ठाकुर नीता अंबानी, ईशा अंबानी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बातचीत करती नजर आई थीं। बातचीत के दौरान ईशा अंबानी ने मैथिली की गायकी की तारीफ की और बताया कि उनका परिवार उनके भजनों और लोकगीतों को पसंद करता है। अंबानी परिवार से मिली इस तारीफ को मैथिली ने भी अपने लिए एक खास और यादगार 'फैन मोमेंट' बताया था। अब लालबागचा राजा के दर्शन के दौरान लग्जरी कार में उनकी एंट्री का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।