02 OCTFRIDAY2026 9:58:52 AM
Life Style

14 साल की उम्र में SAT में हासिल किए 1600 में 1600 अंक, भारतीय मूल के आश्रित तल्लूरी ने बनाया रिकॉर्ड

  • Edited By Monika,
  • Updated: 29 Sep, 2026 07:12 PM
14 साल की उम्र में SAT में हासिल किए 1600 में 1600 अंक, भारतीय मूल के आश्रित तल्लूरी ने बनाया रिकॉर्ड

नारी डेस्क : अमेरिका के जॉर्जिया में रहने वाले 14 वर्षीय भारतीय मूल के छात्र आश्रित तल्लूरी ने कम उम्र में ऐसी उपलब्धि हासिल की है, जिसने उन्हें चर्चा में ला दिया है। फुल्टन काउंटी के इस छात्र ने जून 2026 में SAT परीक्षा में 1600 में से 1600 अंक हासिल किए। उन्होंने गणित के साथ-साथ रीडिंग एंड राइटिंग सेक्शन में भी पूरे 800 अंक प्राप्त किए। खास बात यह है कि आमतौर पर छात्र SAT परीक्षा हाई स्कूल के अंतिम वर्षों में देते हैं, जबकि आश्रित ने महज 14 साल की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की।

5 महीने की तैयारी और तीन प्रैक्टिस टेस्ट में भी 1600

आश्रित ने जनवरी 2026 में SAT के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था। इसके बाद उन्होंने करीब पांच महीने तक परीक्षा की तैयारी की। इस दौरान उन्होंने ट्यूटर की मदद ली, YouTube वीडियो और ऑनलाइन स्टडी मटेरियल का इस्तेमाल किया और दो दर्जन से ज्यादा प्रैक्टिस टेस्ट दिए। दिलचस्प बात यह है कि असली परीक्षा से पहले ही आश्रित तीन प्रैक्टिस SAT टेस्ट में 1600 का परफेक्ट स्कोर हासिल कर चुके थे। हालांकि, वास्तविक परीक्षा के दिन उन्हें भी खासकर रीडिंग एंड राइटिंग सेक्शन को लेकर घबराहट हुई थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने खुद को शांत रखा और बिना जल्दबाजी के सवाल हल किए।

PunjabKesari

मिडिल स्कूल में ही पूरे कर लिए थे 14.5 हाई स्कूल क्रेडिट

आश्रित की पढ़ाई का सफर भी सामान्य स्कूल टाइमलाइन से काफी अलग रहा है। मिडिल स्कूल में रहते हुए उन्होंने करीब 14.5 हाई स्कूल क्रेडिट पूरे कर लिए थे। इसके बाद उन्होंने हार्वर्ड और राइस यूनिवर्सिटी से जुड़े कॉलेज-लेवल समर प्रोग्राम में भी हिस्सा लिया। फिलहाल वह फुल्टन काउंटी की Innovation Academy में 9वीं कक्षा के छात्र हैं और डुअल एनरोलमेंट के जरिए कॉलेज स्तर के दो कोर्स भी कर रहे हैं।

यें भी पढ़ें : सोने की कलम से लिखी होती है इस मूलांक वालों की किस्मत, धन-वैभव खुद आता है इनके पास

आंध्र प्रदेश से जुड़ी हैं परिवार की जड़ें

आश्रित तल्लूरी भारतीय मूल के हैं और उनकी पारिवारिक जड़ें आंध्र प्रदेश के तेनाली से जुड़ी बताई जाती हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, उनके माता-पिता 2008 में अमेरिका चले गए थे और बाद में जॉर्जिया में बस गए। आश्रित की रुचियां सिर्फ पढ़ाई तक सीमित नहीं हैं। उन्हें चेस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कंप्यूटर साइंस और एविएशन में भी दिलचस्पी है। वह हैकाथॉन और टेक्नोलॉजी से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेते हैं। उनके सार्वजनिक प्रोफाइल के मुताबिक, उन्होंने प्रोग्रामिंग और टेक्नोलॉजी से जुड़े कई प्रतियोगिताओं में भी उपलब्धियां हासिल की हैं और उन्हें Arena FIDE Master का खिताब भी मिला है।

PunjabKesari

बनना चाहते हैं न्यूरोसर्जन

आश्रित का सपना भविष्य में न्यूरोसर्जन बनने का है। उन्हें न्यूरोसाइंस, मेडिसिन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बीच काम करने में भी रुचि है। वह तकनीक का इस्तेमाल वास्तविक समस्याओं को हल करने और खासकर हेल्थकेयर के क्षेत्र में नए समाधान तलाशने में करना चाहते हैं। SAT में परफेक्ट स्कोर हासिल करने के बाद आश्रित ने अपनी तैयारी का अनुभव सिर्फ अपने तक सीमित नहीं रखा। वह दूसरे छात्रों की मदद के लिए SAT प्रैक्टिस प्रश्न और टेस्टिंग स्ट्रैटेजी तैयार कर रहे हैं। उनका कहना है कि जिस तरह किसी ने उनकी तैयारी में मदद की, उसी तरह वह भी दूसरे छात्रों की मदद करना चाहते हैं।

Related News