नारी डेस्क: फूलों की सजावट तैयार है, खाने का मेन्यू तय हो चुका है और शादी के परिधान भी तैयार हैं। लेकिन दिल्ली में सर्दियों की शादी का मौसम और बिगड़ती वायु गुणवत्ता एक साथ दस्तक दे रहे हैं। ऐसे में परिवारों ने शादी की तैयारियों की सूची में एक और चीज जोड़ दी है और वह है प्रदूषण से बचाव का इंतजाम। दिल्ली के एक होटल में अक्टूबर के मध्य में शादी का जश्न पूरे जोर-शोर से चल रहा था। फूलों की सजावट, लजीज पकवान और उत्सव के माहौल के बीच एक परिवार ने अपनी तैयारियों की सूची में एक असामान्य चीज भी शामिल की थी और वह था एयर प्यूरीफायर।

मास्क भी बन गए हैं शादी का हिस्सा
वेडिंग प्लानर ने बताया कि कनाडा के वैंकूवर से आई दुल्हन के परिवार ने दिल्ली की खराब वायु गुणवत्ता को लेकर चिंता जताई थी और शादी के आयोजनकर्ताओं से आवासीय परिसर में एयर प्यूरीफायर लगाने की व्यवस्था करने को कहा था। उन्होंने कहा- शादी के इस मौसम में इस तरह की मांग अब आयोजकों के लिए असामान्य नहीं रह गई है। हालांकि, केवल आर्थिक रूप से संपन्न परिवार ही एयर प्यूरीफायर का खर्च उठा सकते हैं, लेकिन इनडोर समारोह, चेहरे पर मास्क और यहां तक कि शादी के परिधानों से मेल खाते मास्क भी राजधानी में शादी के आयोजनों का हिस्सा बनते जा रहे हैं। नवंबर और दिसंबर शादी के प्रमुख महीने होते हैं। ऐसे में वेडिंग प्लानर और बैंक्वेट हॉल संचालकों का कहना है कि परिवार अब आयोजन स्थल से लेकर खानपान की व्यवस्था और मेहमानों की सुविधा एवं सुरक्षा तक, हर पहलू पर नए सिरे से विचार कर रहे हैं।
एनआरआई कर रहे एयर प्यूरीफायर की मांग
वेडिंग प्लानर के अनुसार एयर प्यूरीफायर की ज्यादातर मांग प्रवासी भारतीय (एनआरआई) परिवारों की ओर से आती है। दूसरे परिवारों में बहुत कम लोग इसकी मांग करते हैं। कुछ परिवार खुले 'लॉन' के बजाय इनडोर बैंक्वेट हॉल में समारोह आयोजित कर रहे हैं, एयर प्यूरीफायर किराये पर ले रहे हैं और ढके हुए आयोजन स्थलों को प्राथमिकता दे रहे हैं। वहीं, कुछ परिवार शादी के आयोजन के लिए मसूरी, जिम कॉर्बेट, जयपुर और गोवा जैसे अपेक्षाकृत स्वच्छ हवा वाले स्थानों का रुख कर रहे हैं। वेडिंग प्लानर भी अब आयोजन की योजना बनाते समय वायु गुणवत्ता को ध्यान में रख रहे हैं। यह बदलाव मध्यमवर्गीय परिवारों में भी देखने को मिल रहा है, जो मेहमानों को प्रदूषित हवा से बचाने के लिए इनडोर आयोजन स्थलों को प्राथमिकता दे रहे हैं।

खाना भी बन गया है समस्या
पहले सर्दियों में ठंड से बचने के लिए लोग इनडोर समारोह पसंद करते थे, लेकिन अब प्रदूषण भी इसकी एक बड़ी वजह बन गया है। खासकर इसलिए क्योंकि शादियों में बच्चे, बुजुर्ग और अलग-अलग स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे लोग शामिल होते हैं। पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करने वाले परिवारों के लिए परेशानी मुख्य शादी समारोह से पहले ही शुरू हो जाती है। खासकर तब, जब सुबह-सुबह पूजा और अन्य रस्में निभानी होती हैं। परिवार अब वायु गुणवत्ता से जुड़े इंतजाम के लिए अलग से बजट भी निर्धारित कर रहे हैं। अब तो दुल्हनें भी समारोहों के दौरान अपने परिधान से मेल खाता मास्क पहन रही हैं। उसने दूल्हे के लिए भी इसी तरह के मास्क का इंतजाम किया था। मेहमान भी अब अपनी ओर से तैयारी करके पहुंच रहे हैं। हालांकि, खानपान की व्यवस्था अब भी चिंता का विषय है, क्योंकि भोजन तैयार करने का काम अक्सर बाहर किया जाता है, जबकि उसे बाद में अंदर परोसा जाता है।
खुले क्षेत्र में शादी करने से बच रहे लोग
बैंक्वेट हॉल संचालकों का कहना है कि बदलती प्राथमिकताओं ने शादी के अलग-अलग आयोजन स्थलों की सीमाओं को भी उजागर किया है। शहर में मुख्य रूप से तीन तरह के स्थानों पर शादियां आयोजित की जाती हैं- होटल, बैंक्वेट हॉल और फार्महाउस।बैंक्वेट हॉल मुख्य रूप से बंद परिसर होते हैं, जबकि फार्महाउस में बड़े खुले क्षेत्र होते हैं, जिससे वहां वायु गुणवत्ता को नियंत्रित करना विशेष रूप से मुश्किल हो जाता है। 'फार्महाउस में लोगों की अपेक्षा के मुताबिक वायु गुणवत्ता को नियंत्रित करना व्यावहारिक रूप से लगभग असंभव है। यह ऐसी अकेली समस्या नहीं है, जिसका आसानी से समाधान किया जा सके। हालांकि, होटलों में अपेक्षाकृत बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हैं। कई होटलों में पहले से ही वायु गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली लगी हुई है। कुछ होटलों में ऐसे डिस्प्ले बोर्ड भी हैं, जिन पर होटल के अंदर और बाहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) दिखाया जाता है, ताकि मेहमान दोनों के बीच अंतर देख सकें। एयर प्यूरीफायर और ढके हुए आयोजन स्थलों से लेकर सुबह की पूजा के लिए मास्क के डिब्बे तैयार रखने तक, दिल्ली का शादी उद्योग सर्दियों की उस हकीकत के अनुरूप खुद को ढाल रहा है, जिसे अब नजरअंदाज करना मुश्किल होता जा रहा है।