
नारी डेस्क : आलिया भट्ट और रणबीर कपूर की जोड़ी अक्सर सोशल मीडिया पर चर्चा में रहती है। कभी रणबीर के किसी बयान को लेकर सवाल उठते हैं तो कभी उनके रिश्ते को लेकर तरह-तरह की बातें की जाती हैं। यहां तक कि सोशल मीडिया पर रणबीर को कई बार 'रेड फ्लैग' तक कहा गया है। अब इन तमाम चर्चाओं और ट्रोलिंग पर आलिया भट्ट ने चुप्पी तोड़ी है। एक्ट्रेस ने अपनी शादी को लेकर किए जा रहे नेगेटिव कमेंट्स पर नाराजगी जताते हुए ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया है।
रणबीर कपूर को क्यों कहा जाता है 'रेड फ्लैग'?
आलिया भट्ट और रणबीर कपूर की शादी के बाद से ही उनके रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएं होती रही हैं। कुछ लोग इस जोड़ी को पसंद करते हैं तो कुछ उनके रिश्ते पर सवाल उठाते नजर आते हैं। कुछ समय पहले आलिया ने एक वीडियो में बताया था कि रणबीर को उनके होंठों का नेचुरल कलर पसंद है और वह नहीं चाहते कि वह लिपस्टिक लगाएं। इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर रणबीर को लेकर काफी आलोचना हुई थी और उन्हें 'रेड फ्लैग' तक कहा गया था।

आलिया भट्ट ने ट्रोलर्स को दिया जवाब
हाल ही में TIME मैगजीन के TIME100 Next India फीचर के लिए बातचीत के दौरान आलिया ने इस मुद्दे पर अपनी बात रखी। एक्ट्रेस ने कहा कि उन्हें इस बात से आपत्ति है कि उनकी शादी को ऐसे दिखाया जा रहा है, जैसे वह अपने रिश्ते में कई परेशानियों का सामना कर रही हों। उन्होंने इसे अनुचित बताते हुए कहा कि लोगों को उनकी निजी जिंदगी में दखल देना बंद करना चाहिए। आलिया के मुताबिक, किसी भी रिश्ते की असली सच्चाई सिर्फ उन दो लोगों को पता होती है जो उसमें साथ रह रहे होते हैं। बाहर बैठे लोग केवल बातें बना सकते हैं, लेकिन किसी रिश्ते की गहराई और उसकी मजबूती को नहीं समझ सकते।
बिना कहे एक-दूसरे को समझते हैं आलिया-रणबीर
अपने रिश्ते के बारे में बात करते हुए आलिया ने बताया कि किसी भी रिश्ते की सबसे मजबूत नींव एक-दूसरे को बिना कुछ कहे समझ पाना है। उन्होंने कहा कि वह और रणबीर एक-दूसरे की बातों और भावनाओं को बिना कहे समझ लेते हैं। यही समझ उनके रिश्ते को मजबूत बनाती है। आलिया के इस बयान से साफ है कि वह अपनी शादी को लेकर सोशल मीडिया पर होने वाली बेवजह की चर्चाओं से खुश नहीं हैं।