
नारी डेस्क: कार्तिक शुक्ल पक्ष की देवोत्थान एकादशी और तुलसी विवाह का पर्व शुक्रवार को श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में भगवान श्री विश्वेश्वर का भव्य एवं दिव्य श्रृंगार कर मंगला आरती की गई। इस दौरान बाबा विश्वनाथ को गन्ना और सिंघाड़ा अर्पित किया गया। देवोत्थान एकादशी को देवउठनी या प्रबोधिनी एकादशी भी कहा जाता है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में बदल गया है Wedding Trends, डेकोरेशन से ज्यादा एयर प्यूरीफायर की हो रही डिमांड
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा के बाद जागते हैं। इसके साथ ही चातुर्मास का समापन होता है और विवाह सहित अन्य मांगलिक आयोजनों की शुरुआत हो जाती है। इस पर्व पर काशी के विभिन्न विष्णु मंदिरों और अन्य देवालयों में भी विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं। गंगा घाटों पर स्नान और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। श्रद्धालु भगवान विष्णु को गन्ना, सिंघाड़ा, आंवला, पीले वस्त्र और पीले पुष्प अर्पित कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: देवउठनी एकादशी पर इन 3 राशि वालों को मिलेगा भाग्य का साथ, सम्मान के साथ मिलेगा धन भी
धार्मिक मान्यता है कि देवोत्थान एकादशी पर गन्ना अर्पित करने से धन-धान्य और सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। यह समय नई फसल के आगमन का भी होता है। ऐसे में कई स्थानों पर किसान अपनी पहली उपज भगवान को अर्पित करते हैं। इस अवसर पर जरूरतमंदों और ब्राह्मणों को गन्ना एवं गुड़ दान करने की भी परंपरा है।