13 NOVFRIDAY2026 7:05:30 PM
Nari

अपने ये 4 फेमस गाने नहीं गा सकेंगे दिलजीत दोसांझ, अहमदाबाद कॉन्सर्ट से पहले लगी पाबंदी

  • Edited By vasudha,
  • Updated: 13 Nov, 2026 06:23 PM
अपने ये 4 फेमस गाने नहीं गा सकेंगे दिलजीत दोसांझ, अहमदाबाद कॉन्सर्ट से पहले लगी पाबंदी

नारी डेस्क:  21 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले पंजाबी गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर, चंडीगढ़ के एक एसोसिएट प्रोफेसर ने उनके चार गानों, बच्चों को मंच पर बुलाने और परफॉरमेंस के दौरान 'बुलेट-बेल्ट' (कारतूस वाली बेल्ट) पहनने पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने बच्चों पर नशीले पदार्थों और बंदूक संस्कृति के बुरे असर को लेकर चिंता जताई है। चंडीगढ़ के एक सरकारी कॉलेज में समाजशास्त्र के एसोसिएट प्रोफेसर पंडितराव धरेनावर ने अहमदाबाद जिला बाल संरक्षण अधिकारी (DCPO) को एक शिकायत सौंपी है। 


इन 5 गानों काे ना गाने की अपील

उन्होंने दोसांझ के 'रुपे ऑरा इंडिया टूर' (RuPay Aura India Tour) के तहत होने वाले इस कॉन्सर्ट में हस्तक्षेप करने की मांग की है। उनकी शिकायत के बाद, जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPU) ने शहर के पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत को पत्र लिखकर उठाए गए तीनों मुद्दों पर उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया है। जिला बाल संरक्षण अधिकारी (प्रभारी) शुभम ने धरेनावर की शिकायत पुलिस कमिश्नर को भेज दी। उन्होंने पुलिस से यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाने को कहा है कि शराब, नशीले पदार्थों और हथियारों को बढ़ावा देने वाले गाने न गाए जाएं, बच्चों को मंच पर न बुलाया जाए और गायक लाइव शो के दौरान 'बुलेट-बेल्ट' न पहनें। धरेनावर ने विशेष रूप से चार गानों  'पटियाला पैग', '5 तारा ठेके', 'जीभ विचों अफीम लभिया' और 'जट्ट उठे फायर करदा जिथे पाबंदी हथियारां दी'  पर रोक लगाने की मांग की है, भले ही परफॉरमेंस के दौरान इनके बोल बदल दिए जाएं।


बच्चों को स्टेज पर बुलाने का भी विरोध

धरेनावर ने IANS को बताया- "इन चार गानों को नहीं गाया जाना चाहिए क्योंकि ये शराब, नशीले पदार्थों और बंदूकों को बढ़ावा देते हैं। ऐसे गानों का बच्चों पर गलत असर पड़ता है।" उन्होंने कोर्ट के उस निर्देश का जिक्र किया, जिसमें कहा गया था कि ऐसे गानों को नहीं बजाया जाना चाहिए यहां तक कि लाइव परफॉरमेंस के दौरान भी नहीं। उनकी दूसरी मांग यह है कि परफॉरमेंस के दौरान बच्चों को मंच पर न बुलाया जाए। धरेनावर का तर्क है कि लाइव कॉन्सर्ट में बहुत तेज़ आवाज़ और तेज़ चमकने वाली लाइटें होती हैं, जो बच्चों की सेहत के लिए जोखिम पैदा कर सकती हैं। उन्होंने ध्वनि के संपर्क (sound exposure) को लेकर विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की गाइडलाइंस का हवाला देते हुए कहा कि बच्चों को 120 डेसिबल से ज़्यादा तेज़ आवाज़ के संपर्क में नहीं आना चाहिए। 


गन कल्चर को प्रमोट करने का आरोप 

तीसरी आपत्ति इस बात पर है कि परफॉरमेंस के दौरान दोसांझ अपनी छाती पर चांदी की गोलियों वाली दो बेल्ट (जिन्हें 'बैंडोलियर' कहा जाता है) या नकली धातु के कारतूस पहनते हैं। धरेनावर का कहना है कि ये चीज़ें 'गन कल्चर' (बंदूक संस्कृति) को दर्शाती हैं और दर्शकों, खासकर बच्चों के बीच हिंसा को बढ़ावा दे सकती हैं। पुलिस कमिश्नर को लिखे गए DCPO (ज़िला बाल संरक्षण अधिकारी) के पत्र में यह भी बताया गया है कि 5 साल और उससे ज़्यादा उम्र के बच्चों को कॉन्सर्ट में जाने की अनुमति होगी। 'बुकमायशो' (BookMyShow) की आधिकारिक लिस्टिंग में भी प्रवेश के लिए न्यूनतम उम्र 5 साल बताई गई है। यह कार्यक्रम 21 नवंबर को मोटेरा स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होना है, और परफॉरमेंस दोपहर 3 बजे शुरू होने वाली है।


पहले भी विवादों में रह चुका है दोसांझ के कार्यक्रम

यह पहली बार नहीं है जब धरेनावर ने दोसांझ के कार्यक्रमों को लेकर अधिकारियों से संपर्क किया है। उन्होंने बताया कि गायक के दिल्ली कॉन्सर्ट से पहले उन्होंने 'दिल्ली बाल अधिकार संरक्षण आयोग' को पत्र लिखा था, जिसके बाद आयोग ने एक नोटिस जारी किया था। हालांकि, उनका आरोप है कि दोसांझ ने फिर भी वे गाने गाए, जिसके बाद उन्होंने एक और शिकायत दर्ज कराई, जिस पर अभी जांच चल रही है। उन्होंने यह भी बताया कि 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले दोसांझ के कॉन्सर्ट से पहले उन्होंने वहां की पुलिस से भी संपर्क किया था। यह मामला मध्य प्रदेश में भी चर्चा में आ गया है, जहां उनकी शिकायत के बाद अधिकारियों ने उन चार गानों को लेकर निर्देश जारी किए हैं।

Related News