
नारी डेस्क : एक्ट्रेस स्वरा भास्कर अपनी बेबाक राय और निजी जिंदगी से जुड़े अनुभवों को खुलकर साझा करने के लिए जानी जाती हैं। इन दिनों वह रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ में नजर आ रही हैं, जहां कंटेस्टेंट्स गेम के साथ अपनी जिंदगी के कई अनसुने किस्से भी शेयर कर रहे हैं। इसी दौरान स्वरा ने अपनी जिंदगी का एक ऐसा दौर याद किया, जब उन्हें लगा था कि शायद उनकी शादी कभी नहीं होगी। उस समय उन्होंने शादी के बिना मां बनने का फैसला कर लिया था और इसके लिए IVF का सहारा लेने की तैयारी की थी।
शादी की उम्मीद खत्म होने पर लिया था मां बनने का फैसला
शो में अपनी निजी जिंदगी के बारे में बात करते हुए स्वरा ने बताया कि एक समय उन्हें लगा था कि उनकी शादी नहीं होगी, लेकिन वह मां बनना चाहती थीं। ऐसे में उन्होंने अपने माता-पिता से इस बारे में बात की और IVF के जरिए बच्चा करने का फैसला लिया। स्वरा के मुताबिक, उनके माता-पिता ने उनके फैसले का समर्थन किया, लेकिन साथ ही उन्हें अकेले बच्चे की परवरिश से जुड़ी चुनौतियों के बारे में भी समझाया। एक्ट्रेस ने बताया कि उनके माता-पिता ने कहा था कि अकेले बच्चे को पालना आसान नहीं होगा, लेकिन अगर वह यही चाहती हैं तो वे उनके साथ हैं।

अनजान डोनर की मदद से कराए 2 IVF राउंड
स्वरा ने बताया कि वह बच्चा और परिवार दोनों चाहती थीं। इसी वजह से उन्होंने एक अनजान स्पर्म डोनर की मदद से IVF के दो राउंड करवाए। हालांकि, दोनों प्रयास सफल नहीं हुए। एक्ट्रेस ने शो में बताया कि वह IVF के जरिए मां बनने के लिए पूरी तरह तैयार थीं और उन्होंने अपने माता-पिता को भी इसके लिए मना लिया था। लेकिन उस समय उनकी जिंदगी में कुछ ऐसा हुआ, जिसकी उन्होंने शायद उम्मीद नहीं की थी।
CAA प्रोटेस्ट में हुई फहाद अहमद से मुलाकात
स्वरा ने बताया कि CAA प्रोटेस्ट के दौरान उनकी मुलाकात फहाद अहमद से हुई। दोनों की मुलाकात के बाद पहले दोस्ती हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता आगे बढ़ा। इसके बाद उनकी जिंदगी की दिशा भी बदल गई। स्वरा और फहाद ने फरवरी 2023 में मुंबई में अपनी शादी रजिस्टर करवाई। बाद में परिवार और दोस्तों के साथ शादी का जश्न भी मनाया। शादी के कुछ महीनों बाद सितंबर 2023 में स्वरा और फहाद माता-पिता बने। दोनों ने अपनी बेटी का स्वागत किया। इस तरह जिस समय स्वरा ने शादी से पहले IVF के जरिए मां बनने का फैसला किया था, बाद में उनकी जिंदगी में फहाद आए और उनकी कहानी ने एक अलग मोड़ ले लिया।