10 NOVTUESDAY2026 11:57:26 AM
Life Style

Nobel Peace Prize 2026: भारतीय मूल की नावी पिल्लै को मिला नोबेल शांति पुरस्कार

  • Edited By Monika,
  • Updated: 09 Oct, 2026 05:50 PM
Nobel Peace Prize 2026: भारतीय मूल की नावी पिल्लै को मिला नोबेल शांति पुरस्कार

नारी डेस्क : भारतीय मूल की दक्षिण अफ्रीकी न्यायविद नावी पिल्लै को वर्ष 2026 का नोबेल शांति पुरस्कार दिया गया है। उन्हें यह सम्मान अंतरराष्ट्रीय कानून को मजबूत करने और शांति को बढ़ावा देने में उनके योगदान के लिए मिला है। रंगभेद के दौर में राजनीतिक बंदियों के अधिकारों की पैरवी करने से लेकर अंतरराष्ट्रीय न्याय व्यवस्था में अहम भूमिका निभाने तक, उनका करियर न्याय और मानवाधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित रहा है। नॉर्वेजियन नोबेल समिति ने उनके लंबे कानूनी सफर और अंतरराष्ट्रीय न्याय के प्रति प्रतिबद्धता को सम्मानित किया है।

क्यों मिला नावी पिल्लै को नोबेल शांति पुरस्कार?

नावी पिल्लै ने अपने करियर में मानवाधिकारों की रक्षा और अंतरराष्ट्रीय कानून को मजबूत करने के लिए काम किया है। नोबेल समिति के मुताबिक, उनके शुरुआती कानूनी काम से लेकर अंतरराष्ट्रीय अदालतों में निभाई गई जिम्मेदारियों तक एक महत्वपूर्ण संदेश दिखाई देता है। रंगभेद के दौरान उन्होंने नेल्सन मंडेला समेत कई लोगों के अधिकारों की पैरवी की थी। उनके योगदान को अंतरराष्ट्रीय न्याय और शांति को बढ़ावा देने के प्रयासों के तौर पर देखा गया है।

PunjabKesari

कितनी मिलेगी प्राइज मनी?

नोबेल शांति पुरस्कार के साथ नावी पिल्लै को 1.2 करोड़ स्वीडिश क्रोना की पुरस्कार राशि मिलेगी। भारतीय मुद्रा में यह रकम लगभग 11 करोड़ रुपये से अधिक बैठती है, हालांकि वास्तविक राशि विनिमय दर के अनुसार बदल सकती है। पुरस्कार समारोह 10 दिसंबर को नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में आयोजित किया जाएगा।

यें भी पढ़ें : सोते समय अचानक शरीर में लगते हैं झटके, जानिए क्यों होता है Hypnic Jerk

भारतीय तमिल परिवार में हुआ था जन्म

नावी पिल्लै का जन्म दक्षिण अफ्रीका के डरबन में एक भारतीय तमिल परिवार में हुआ था। उन्होंने कानून के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई और रंगभेद के खिलाफ संघर्ष के दौरान राजनीतिक बंदियों के अधिकारों के लिए आवाज उठाई। वह दक्षिण अफ्रीका के उच्च न्यायालय में नियुक्त होने वाली पहली गैर-श्वेत महिला न्यायाधीश बनीं। उनका कानूनी करियर उस दौर में आगे बढ़ा, जब दक्षिण अफ्रीका में नस्लीय भेदभाव के खिलाफ लंबी लड़ाई चल रही थी।

PunjabKesari

संयुक्त राष्ट्र में भी निभाई अहम भूमिका

नावी पिल्लै ने वर्ष 2008 से 2014 तक संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार उच्चायुक्त के रूप में काम किया। इस भूमिका में उन्होंने दुनिया भर में मानवाधिकारों के संरक्षण और उल्लंघनों पर ध्यान दिलाने से जुड़े मुद्दों पर काम किया। अंतरराष्ट्रीय न्यायिक संस्थाओं में उनकी भूमिका और कानून के शासन को मजबूत करने के प्रयासों ने उन्हें वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई।

Related News