10 NOVTUESDAY2026 11:58:14 AM
Life Style

Nana Patekar को पुणे में राजकीय सम्मान के साथ दी जाएगी अंतिम विदाई

  • Edited By Monika,
  • Updated: 08 Oct, 2026 11:31 AM
Nana Patekar को पुणे में राजकीय सम्मान के साथ दी जाएगी अंतिम विदाई

नारी डेस्क : बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन की खबर ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को गहरे सदमे में डाल दिया है। 75 साल की उम्र में अभिनेता ने दुनिया को अलविदा कह दिया। नाना पाटेकर के निधन के बाद बॉलीवुड से लेकर राजनीति तक हर तरफ शोक की लहर है। फैंस के लिए भी इस खबर पर यकीन करना मुश्किल हो रहा है कि अपनी दमदार आवाज और बेहतरीन अदाकारी से लोगों के दिलों में जगह बनाने वाला यह कलाकार अब उनके बीच नहीं रहा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नाना पाटेकर गुरुवार सुबह गोवा स्थित अपने घर में बेहोश पाए गए थे। उन्हें तुरंत मणिपाल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने करीब 45 मिनट तक सीपीआर देकर उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनकी मौत कार्डियक अरेस्ट के बाद हुई।

PM मोदी ने दी नाना पाटेकर को श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नाना पाटेकर के निधन पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने अभिनेता को याद करते हुए कहा कि नाना पाटेकर जैसी तीव्रता, अलग पहचान और प्रभावशाली मौजूदगी वाले कलाकार बहुत कम हुए हैं। पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने अपनी हर भूमिका में शानदार बहुमुखी प्रतिभा और रचनात्मकता दिखाई और ऐसे किरदार निभाए जिन्हें पीढ़ियों तक याद किया जाएगा। प्रधानमंत्री ने नाना पाटेकर के परिवार, दोस्तों और उनके अनगिनत प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए 'ओम शांति' कहा।

राजकीय सम्मान के साथ दी जाएगी अंतिम विदाई

नाना पाटेकर को महाराष्ट्र सरकार की ओर से राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मामलों के मंत्री आशीष शेलार ने इसकी घोषणा की है। यह सम्मान मराठी थिएटर के साथ-साथ हिंदी और मराठी सिनेमा में नाना पाटेकर के लंबे और महत्वपूर्ण योगदान को देखते हुए दिया जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार पुणे के पास डोंजे गांव स्थित उनके फार्महाउस पर किया जाएगा।

नाना पाटेकर के निधन से फैंस को लगा गहरा झटका

नाना पाटेकर के अचानक निधन की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलियों का सिलसिला शुरू हो गया। फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों के साथ-साथ राजनेताओं और उनके चाहने वालों ने भी उन्हें याद किया। नाना पाटेकर अपनी बेबाक शख्सियत, दमदार संवाद अदायगी और किरदार में पूरी तरह उतर जाने वाली अदाकारी के लिए जाने जाते थे। गंभीर भूमिकाओं से लेकर कॉमेडी तक उन्होंने हर तरह के किरदार को अपनी अलग पहचान दी।

यें भी पढ़ें : 68 की उम्र में भी फिट और जवां दिखती हैं नीतू कपूर, ये 3 आदतें हैं उनकी फिटनेस का राज

राहुल गांधी ने भी जताया दुख

कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी नाना पाटेकर के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि अपने अभिनय और यादगार किरदारों के जरिए नाना पाटेकर ने भारतीय सिनेमा और दर्शकों के दिलों पर अमिट छाप छोड़ी। राहुल गांधी ने उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

अक्षय कुमार ने कहा- यकीन नहीं हो रहा कि आप चले गए

नाना पाटेकर के साथ 'वेलकम' और हालिया फिल्म 'हाउसफुल 5' में काम कर चुके अक्षय कुमार ने भी उन्हें भावुक अंदाज में याद किया। अक्षय ने कहा कि नाना उन चुनिंदा अभिनेताओं में थे जिन्हें दर्शकों को अपनी ओर खींचने के लिए ज्यादा कुछ करने की जरूरत नहीं पड़ती थी। उन्होंने नाना की आवाज, जोश और अभिनय की ईमानदारी को याद करते हुए कहा कि उनके साथ बिताई गई सेट की अनगिनत यादें हमेशा उनके साथ रहेंगी।

कंगना रनौत ने भी जताया दुख

अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ने भी नाना पाटेकर के निधन पर दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया स्टोरी के जरिए अभिनेता को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि यह बेहद दुखद और भयावह खबर है। कंगना ने नाना की फिटनेस का जिक्र करते हुए लिखा कि वह बेहद स्वस्थ और तंदुरुस्त नजर आते थे।

प्रकाश राज ने शेयर की पुरानी तस्वीर

अभिनेता प्रकाश राज ने भी नाना पाटेकर के साथ अपनी पुरानी तस्वीर शेयर कर उन्हें याद किया। उन्होंने नाना के साथ बिताए पलों, बातचीत, बहस और उनके हाथ के बने खाने तक को याद करते हुए भावुक श्रद्धांजलि दी। उनकी पोस्ट से साफ झलक रहा था कि नाना के जाने का गम सिर्फ एक सह-कलाकार को खोने का नहीं, बल्कि एक करीबी इंसान को खोने का भी है।

PunjabKesari

कौन थे नाना पाटेकर?

नाना पाटेकर का असली नाम विश्वनाथ पाटेकर था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मराठी थिएटर से की और बाद में हिंदी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई। उनकी अभिनय शैली बाकी कलाकारों से बिल्कुल अलग थी। संवाद बोलने का उनका अंदाज और स्क्रीन पर उनकी मौजूदगी दर्शकों को तुरंत अपनी ओर खींच लेती थी। 'परिंदा' के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला था। इसके अलावा वह 'क्रांतिवीर', 'प्रहार', 'अग्निसाक्षी', 'अब तक छप्पन', 'नटसम्राट', 'वेलकम', 'शक्ति: द पावर' और 'सलाम बॉम्बे!' जैसी फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभा चुके हैं।

परिवार में कौन-कौन है?

नाना पाटेकर ने 1978 में नीलकांति पाटेकर से शादी की थी। दोनों का रिश्ता बाद में अलग हो गया था। उनके बेटे का नाम मल्हार पाटेकर है। नाना अपने परिवार के साथ-साथ सामाजिक कार्यों के लिए भी जाने जाते थे। उन्होंने 'नाम फाउंडेशन' के जरिए किसानों और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए काम किया।

यें भी पढ़ें : मुस्लिम परिवार में जन्मीं  Actress ने बदला धर्म, पिता पर लगाया यौन शोषण का आरोप

आखिरी फिल्मों में भी दिखी वही दमदार अदाकारी

नाना पाटेकर उम्र के इस पड़ाव पर भी लगातार फिल्मों में सक्रिय थे। हाल के समय में वह 'हाउसफुल 5', 'ओ रोमियो' और 'सुबेदार' जैसी फिल्मों से दर्शकों के सामने आए। उनकी अचानक मौत ने उनके प्रशंसकों को इसलिए भी झकझोर दिया है क्योंकि वह अभी भी पर्दे पर अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहे थे। नाना पाटेकर का जाना सिर्फ एक अभिनेता का जाना नहीं है। हिंदी और मराठी सिनेमा ने एक ऐसा कलाकार खो दिया है, जिसकी आवाज, अंदाज और निभाए हुए किरदार लंबे समय तक दर्शकों की यादों में जिंदा रहेंगे।

Related News