
नारी डेस्क : बेटे की मौत के बाद एक मां के लिए जैसे उसकी पूरी दुनिया ही उजड़ जाती है। जिस बच्चे को सालों तक अपनी आंखों के सामने बड़ा किया हो, उसे खोने का दर्द शायद शब्दों में बयां करना आसान नहीं होता। लेकिन मुंबई की एक मां ने इस असहनीय दुख के बीच ऐसा फैसला लिया, जिसने उनके बेटे को हमेशा के लिए दूसरों की जिंदगी का हिस्सा बना दिया। KEM Hospital की प्रोफेसर डॉ. करुणा नाडकर्णी ने अपने 18 वर्षीय बेटे सौमिल के ब्रेन डेड होने के बाद उसके अंगदान का फैसला किया। सौमिल के हार्ट, लिवर, किडनी और कॉर्निया से 7 लोगों को नई जिंदगी और उम्मीद मिली। मुंबई में इस साल यह 47वां कैडेवरिक ऑर्गन डोनेशन बताया जा रहा है।
सड़क हादसे ने बदल दी जिंदगी
सौमिल करीब तीन साल पहले एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। यह हादसा गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड पर हुआ था। उस समय सौमिल टू-व्हीलर पर पीछे बैठा था, तभी एक ऑटो रिक्शा से उसकी टक्कर हो गई। हादसे में उसके दिमाग को गंभीर चोट लगी और शरीर के दाहिने हिस्से में कमजोरी आ गई। हादसे के वक्त सौमिल 11वीं कक्षा में पढ़ रहा था और इंजीनियर बनने का सपना देखता था। गंभीर चोट के बावजूद उसने हार नहीं मानी। इलाज के दौरान उसकी हालत में कुछ सुधार भी हुआ और वह थोड़ा-बहुत चलने लगा था। उसका इलाज मुलुंड के फोर्टिस अस्पताल में चल रहा था। मां के मुताबिक, कई सर्जरी और मुश्किलों के बावजूद सौमिल हमेशा मुस्कुराता रहता था और परिवार को उसके ठीक होने की उम्मीद थी।

खोपड़ी की सर्जरी के बाद हुआ संक्रमण
शुरुआती इलाज के दौरान सौमिल की खोपड़ी के क्षतिग्रस्त हिस्से को दोबारा बनाने के लिए क्रैनियोप्लास्टी प्लेट लगाई गई थी। हालांकि, इस साल की शुरुआत में उसके दिमाग में संक्रमण हो गया। इसके बाद डॉक्टरों को यह प्लेट निकालनी पड़ी। प्लेट हटाए जाने के बाद करीब तीन महीने तक उसका एंटीबायोटिक्स से इलाज चला और फिर रिविजन सर्जरी की गई। परिवार को उम्मीद थी कि सर्जरी के बाद उसकी हालत में सुधार होगा, लेकिन इसके बाद गंभीर जटिलताएं सामने आईं।
सर्जरी के बाद ब्रेनस्टेम को पहुंचा नुकसान
डॉक्टर के मुताबिक, सर्जरी के बाद सौमिल के ब्रेनस्टेम को गंभीर नुकसान पहुंचा। इसके बाद डॉक्टरों ने उसे ब्रेन डेड घोषित किया। बताया गया कि प्रक्रिया के दौरान दिमाग में दबाव में बदलाव आया, जिसे उसका शरीर संभाल नहीं सका। बेटे को खोना परिवार के लिए बेहद मुश्किल था, लेकिन इसी दुख के बीच मां ने उसके अंगदान का फैसला लिया। उनका कहना था कि सौमिल उनके लिए बेहद अनमोल था और वह नहीं चाहती थीं कि उसकी जिंदगी का अंत पूरी तरह व्यर्थ चला जाए।

सौमिल के अंगों से 7 लोगों को मिली उम्मीद
ब्रेन डेथ के बाद सौमिल का हार्ट, लिवर, किडनी और कॉर्निया डोनेट किया गया। इन अंगों और ऊतकों से सात लोगों को उपचार का लाभ मिला। इस तरह सौमिल की जिंदगी भले ही खत्म हो गई, लेकिन उसके अंग दूसरे लोगों के लिए नई उम्मीद बन गए। डॉक्टर ने बताया कि किसी अपने को खोने के बाद अंगदान का फैसला लेना परिवार के लिए बेहद भावुक और मुश्किल होता है। लेकिन कई परिवारों को यह सोच एक तरह का सहारा देती है कि उनके अपने की जिंदगी का एक हिस्सा किसी दूसरे व्यक्ति को जीने का मौका दे रहा है।
इस साल 18 साल के युवक का दूसरा अंगदान
मुंबई में इस साल 18 वर्ष की उम्र में अंगदान का यह दूसरा मामला बताया गया है। इससे पहले इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे मेहरकृष्णा के परिवार ने भी उनकी मृत्यु के बाद अंगदान का फैसला लिया था। मेहरकृष्णा के पिता कोलेपारा चंद्रशेखर के मुताबिक, उनका बेटा पुणे में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। उसे अचानक दौरे पड़ने लगे और करीब एक महीने पहले मुलुंड के फोर्टिस अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिवार ने उसका लिवर, स्मॉल बॉवेल, कॉर्निया और स्किन डोनेट करने का फैसला किया। परिवार का कहना था कि उन्होंने अपने करीबी व्यक्ति को जिंदगी के लिए संघर्ष करते देखा था और वे नहीं चाहते थे कि किसी दूसरे परिवार को भी उसी तरह का दर्द झेलना पड़े। ऐसे में अंगदान का फैसला उनके लिए किसी और जिंदगी को बचाने की एक कोशिश बन गया।