नारी डेस्क : नवरात्रि का छठा दिन मां दुर्गा के छठे स्वरूप मां कात्यायनी की पूजा-अर्चना के लिए समर्पित है। मां कात्यायनी को शक्ति, साहस और धर्म की रक्षा करने वाली देवी माना जाता है। उनका स्वरूप अत्यंत दिव्य है। माता शेर पर सवार रहती हैं, उनकी चार भुजाएं हैं और सिर पर सुंदर मुकुट सुशोभित है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां कात्यायनी की सच्चे मन से पूजा करने से विवाह में आने वाली बाधाएं दूर होती हैं और जीवन में सुख-समृद्धि आती है।
मां कात्यायनी को प्रिय है शहद और पीला रंग
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां कात्यायनी को शहद का भोग लगाना शुभ माना जाता है। नवरात्रि के छठे दिन माता रानी को शहद अर्पित करने के साथ पीले रंग की मिठाइयां और अन्य सात्विक पकवान भी चढ़ाए जा सकते हैं। भक्त अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार माता को भोग अर्पित कर सकते हैं।
मां कात्यायनी को लगाएं इन चीजों का भोग
शहद: मां कात्यायनी को शहद अर्पित करना विशेष शुभ माना जाता है।
पीले फल: केले जैसे फल माता को भोग में चढ़ा सकते हैं।
सूजी का हलवा: घी और चीनी से बना हलवा प्रसाद के रूप में अर्पित किया जा सकता है।
पेड़ा: गाय के दूध से बने पेड़े भी भोग में शामिल कर सकते हैं।
पीली मिठाई: अपनी परंपरा और श्रद्धा के अनुसार पीले रंग की मिठाई चढ़ा सकते हैं।

हलवा बनाने की सामग्री
2 बड़े चम्मच गाय का घी
1 कप सूजी
1 कप पानी
2-3 बड़े चम्मच शहद (चीनी की जगह)
काजू, किशमिश, चिरौंजी
3-4 केसर के रेशे
इलायची पाउडर
बनाने की विधि
1. कड़ाही में घी गर्म करके सूजी को सुनहरा होने तक भूनें।
2. दूसरे बर्तन में पानी गरम करें और उसमें काजू, किशमिश, चिरौंजी डालें।
3. पानी उबलने पर उसमें भुनी हुई सूजी और केसर डालें।
4. हलवा गाढ़ा होने पर आंच बंद कर शहद और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें।
5. तैयार हलवे का भोग मां को चढ़ाएं।
6. यदि आप पेड़े बनाना चाहते हैं तो गाय के दूध से पेड़े बनाएं और केसर डालकर उन्हें पीला रंग दें।

मां कात्यायनी पूजा विधि
सुबह स्नान कर साफ व पीले वस्त्र पहनें।
पूजा का संकल्प लेकर मां कात्यायनी की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करें।
मां को अक्षत, रोली, कुमकुम, पीले फूल और तैयार भोग अर्पित करें।
मां का मंत्र जपें और आरती करें।
मां कात्यायनी पूजा मंत्र
"या देवी सर्वभूतेषु मां कात्यायनी रूपेण संस्थिता।
नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः।।"

छठे दिन पूजा का महत्व
मां कात्यायनी की पूजा करने से विवाह में आ रही अड़चनें दूर होती हैं। साथ ही व्यक्ति के जीवन में आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। यह दिन पीले रंग का वस्त्र पहनकर और मां को पीले भोग अर्पित कर मनाया जाए तो विशेष फलदायी माना जाता है।