
नारी डेस्क: अभिनेता जूनियर एनटीआर इन दिनों एक वायरल हो रहे एआई-मॉर्फ्ड वीडियो को लेकर काफी नाराज हैं। यह वीडियो उनकी और जान्हवी कपूर की फिल्म ‘देवरा: पार्ट 1’ के चर्चित गाने ‘चुट्टामल्ले’ से जुड़ा है। सोशल मीडिया पर वायरल किए जा रहे इस छेड़छाड़ किए गए वीडियो में जान्हवी कपूर को आपत्तिजनक तरीके से दिखाया गया है। वीडियो सामने आने के बाद जूनियर एनटीआर ने इस पर कड़ी नाराजगी जताई और इसके पीछे शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।
जान्हवी के AI वीडियो पर क्या बोले जूनियर NTR?
जूनियर एनटीआर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस तरह के एआई के गलत इस्तेमाल को बेहद घटिया और शर्मनाक बताया। अभिनेता ने साफ कहा कि किसी महिला की तस्वीर या वीडियो के साथ इस तरह छेड़छाड़ करना बिल्कुल स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने अपने पोस्ट की शुरुआत “Disgusting, Sick and Shameless” यानी बेहद घिनौना, शर्मनाक और घटिया बताते हुए की। इसके बाद उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान करने की बात करने वाले समाज में कुछ लोग एआई जैसी तकनीक का इस्तेमाल किसी महिला को अपमानित करने के लिए कर रहे हैं।
'किसी को भी नहीं बख्शूंगा...'
जूनियर एनटीआर ने वीडियो बनाने और उसे फैलाने वालों को लेकर भी कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि इस मॉर्फ्ड वीडियो के पीछे जो लोग हैं, उन्हें वह नहीं छोड़ेंगे और इसे बनाने के साथ-साथ फैलाने वालों के खिलाफ हर संभव कानूनी कार्रवाई करेंगे। अभिनेता ने लोगों से भी अपील की कि वे ऐसे वीडियो को न देखें, न डाउनलोड करें, न शेयर करें और न ही उस पर किसी तरह का रिएक्शन दें। उनका कहना है कि आज अगर किसी और के साथ ऐसा हो रहा है, तो कल किसी के परिवार की महिला भी इस तरह के गलत एआई कंटेंट का निशाना बन सकती है।
सरकार से की AI के गलत इस्तेमाल पर सख्ती की मांग
जूनियर एनटीआर ने इस मामले को सिर्फ एक कलाकार से जुड़ा मामला नहीं बताया, बल्कि एआई के बढ़ते गलत इस्तेमाल को गंभीर समस्या बताया। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों से अपील की कि एआई के दुरुपयोग को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं और इस तरह के मामलों पर कार्रवाई के लिए मजबूत नियम बनाए जाएं।
'चुट्टामल्ले' से जुड़ा है मामला
बता दें कि ‘चुट्टामल्ले’ गाना 2024 में रिलीज हुई फिल्म ‘देवरा: पार्ट 1’ का है। इस फिल्म में जूनियर एनटीआर के साथ जान्हवी कपूर नजर आई थीं। गाने को दर्शकों के बीच काफी लोकप्रियता मिली थी और इसके वीडियो में दोनों कलाकारों की जोड़ी भी खूब चर्चा में रही थी। अब इसी गाने की फुटेज के साथ छेड़छाड़ कर बनाए गए एआई वीडियो ने विवाद खड़ा कर दिया है। जूनियर एनटीआर की प्रतिक्रिया के बाद एक बार फिर एआई डीपफेक और इसके गलत इस्तेमाल को लेकर बहस तेज हो गई है।