नारी डेस्क : दिवाली का पावन पर्व आने वाला है। हिंदू धर्म में दीपावली का विशेष महत्व माना जाता है। यह केवल एक दिन का त्योहार नहीं, बल्कि कई दिनों तक चलने वाला उत्सव है। इसकी शुरुआत धनतेरस से होती है और समापन भाई दूज के साथ होता है। इन दिनों घरों की साफ-सफाई, सजावट, खरीदारी और पूजा-पाठ का खास महत्व होता है। इस बार साल 2026 में दिवाली की तारीखों को लेकर थोड़ा बदलाव है, क्योंकि नरक चतुर्दशी और लक्ष्मी पूजा एक ही दिन पड़ रही हैं। आइए जानते हैं धनतेरस से लेकर भाई दूज तक सभी त्योहारों की सही तारीखें और पूजा के शुभ मुहूर्त।
दिवाली कैलेंडर 2026: किस दिन कौन-सा त्योहार?
तारीख त्योहार
6 नवंबर 2026, शुक्रवार = धनतेरस, यम दीपदान
7 नवंबर 2026, शनिवार = काली चौदस
8 नवंबर 2026, रविवार = नरक चतुर्दशी, छोटी दिवाली, बड़ी दिवाली, लक्ष्मी पूजा, काली पूजा
9 नवंबर 2026, सोमवार = कार्तिक अमावस्या
10 नवंबर 2026, मंगलवार= गोवर्धन पूजा, अन्नकूट
11 नवंबर 2026, बुधवार= भाई दूज

धनतेरस पूजा मुहूर्त 2026
दिवाली उत्सव की शुरुआत धनतेरस से होती है। इसे धनत्रयोदशी के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन भगवान धन्वंतरि, माता लक्ष्मी और कुबेर देवता की पूजा की जाती है। मान्यता है कि इस दिन सोना, चांदी, बर्तन और अन्य शुभ वस्तुएं खरीदने से घर में सुख-समृद्धि आती है।
धनतेरस की तारीख: 6 नवंबर 2026, शुक्रवार
पूजा का शुभ मुहूर्त: शाम 6:02 बजे से 7:57 बजे तक
प्रदोष काल: शाम 5:32 बजे से रात 8:09 बजे तक
काली चौदस और हनुमान पूजा मुहूर्त 2026
दिवाली से एक दिन पहले काली चौदस मनाई जाती है। इसे नरक चतुर्दशी से अलग माना जाता है। इस दिन मां काली और भगवान हनुमान की पूजा का विशेष महत्व है। कई जगहों पर इसे रूप चौदस या छोटी दिवाली से भी जोड़कर देखा जाता है।
काली चौदस की तारीख: 7 नवंबर 2026, शनिवार
निशिता काल मुहूर्त: रात 11:39 बजे से 8 नवंबर की रात 12:31 बजे तक
नरक चतुर्दशी और छोटी दिवाली 2026
नरक चतुर्दशी को रूप चौदस और छोटी दिवाली भी कहा जाता है। इस दिन सुबह सूर्योदय से पहले अभ्यंग स्नान करने की परंपरा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन स्नान और पूजा करने से नकारात्मकता दूर होती है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है।
नरक चतुर्दशी की तारीख: 8 नवंबर 2026, रविवार
अभ्यंग स्नान का शुभ मुहूर्त: सुबह 5:41 बजे से 6:38 बजे तक

बड़ी दिवाली और लक्ष्मी पूजन मुहूर्त 2026
दिवाली का मुख्य पर्व कार्तिक अमावस्या को मनाया जाता है। इस दिन घरों में दीपक जलाए जाते हैं और माता लक्ष्मी तथा भगवान गणेश की पूजा की जाती है। मान्यता है कि प्रदोष काल में विधि-विधान से लक्ष्मी पूजन करने से घर में सुख, शांति और समृद्धि आती है।
दिवाली की तारीख: 8 नवंबर 2026, रविवार
लक्ष्मी पूजा का शुभ मुहूर्त: शाम 5:54 बजे से 7:50 बजे तक
प्रदोष काल: शाम 5:31 बजे से रात 8:08 बजे तक
दिवाली पर चोपड़ा पूजा के शुभ चौघड़िया मुहूर्त
व्यापारी वर्ग में दिवाली के दिन चोपड़ा पूजा यानी नए बही-खातों की पूजा करने की परंपरा है। इस दिन माता लक्ष्मी और भगवान गणेश का आशीर्वाद लेकर नए लेखा-जोखा की शुरुआत की जाती है।
प्रातः मुहूर्त (चर, लाभ, अमृत): सुबह 11:27 बजे से दोपहर 12:05 बजे तक
अपराह्न मुहूर्त (शुभ): दोपहर 1:27 बजे से 2:49 बजे तक
सायंकालीन मुहूर्त (शुभ, अमृत, चर): शाम 5:32 बजे से रात 10:27 बजे तक
रात्रि मुहूर्त (लाभ): 9 नवंबर को रात 1:44 बजे से 3:23 बजे तक
उषाकाल मुहूर्त (शुभ): 9 नवंबर को सुबह 5:01 बजे से 6:39 बजे तक

गोवर्धन पूजा मुहूर्त 2026
दिवाली के अगले प्रमुख पर्व के रूप में गोवर्धन पूजा मनाई जाती है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण की पूजा की जाती है और अन्नकूट का भोग लगाया जाता है। मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को इंद्र के प्रकोप से बचाने के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी उंगली पर उठा लिया था। इसी प्रसंग की याद में यह पर्व मनाया जाता है।
गोवर्धन पूजा की तारीख: 10 नवंबर 2026, मंगलवार
प्रातःकालीन पूजा मुहूर्त: सुबह 6:40 बजे से 8:50 बजे तक
भाई दूज मुहूर्त 2026
दिवाली उत्सव का समापन भाई दूज के साथ होता है। यह त्योहार भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का प्रतीक है। इस दिन बहनें अपने भाई के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुखी जीवन की कामना करती हैं। वहीं भाई अपनी बहनों की रक्षा का वचन देते हैं।
भाई दूज की तारीख: 11 नवंबर 2026, बुधवार
तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त: दोपहर 1:10 बजे से 3:20 बजे तक
नोट: ऊपर दिए गए पूजा मुहूर्त नई दिल्ली के पंचांग पर आधारित हैं। अलग-अलग शहरों और स्थानीय पंचांग के अनुसार समय में कुछ मिनटों का अंतर हो सकता है। पूजा करने से पहले अपने स्थानीय पंचांग या पंडित से समय की पुष्टि जरूर कर लें।