लड़कियां अक्सर बॉलीवुड सेलिब्रिटीज के फैशन और उनके लुक को कॉपी करती हैं। वहीं बात जब खूबसूरत दिखने की हो तो लड़कियां बॉलीवुड दीवाज के दिए ही टिप्स फॉलो करती हैं। इसमें कोई शक नहीं है कि बिना मेकअप खूबसूरत दिखने के लिए अभिनेत्रियां खास ब्यूटी रूटीन फॉलो करती हैं। कई बॉलीवुड एक्ट्रेस ऐसी भी हैं जो अपनी खूबसूरती को बरकरार रखने के लिए दादी-नानी के नुस्खों को फॉलो करती हैं। वहीं कुछ एक्ट्रेसेस इसके लिए प्रोफेशनल्स की मदद लेना ज्यादा पसंद करती हैं।
यह एक चीज है दीवाज की खूबसूरती का राज
सबसे पहले हम बात करते हैं एक ऐसी चीज की जो सभी बॉलीवुड दीवाज में कॉमन है, जो हर किसी के लिए जरूरी भी है। बता दें कि सभी बॉलीवुड सुंदरियां अपनी खूबसूरती को बरकरार रखने के लिए खून पानी पीती हैं। पानी पीने से सिर्फ बॉडी ही नहीं बल्कि त्वचा भी डिटॉक्स होती है। साथ ही इससे स्किन हाइड्रेटिड रहती है, जिससे ब्यूटी प्रॉब्लम्स नहीं होती और स्किन भी ग्लो करती है।
चलिए आज हम आपको बताते हैं कि बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस के ब्यूटी रिजीम आखिर क्या है....
एश्वर्या राय बच्चन
विश्व सुंदरी एश्वर्या राय बच्चन अपनी खूबसूरती को बरकरार रखने के लिए नेचुरल चीजों पर ज्यादा भरोसा करती हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने खुद बताया था कि वो दही, खीरा, बेसन जैसी चीजों से बना फेसपैक यूज करती हैं। इतना ही नहीं, बालों के लिए वह आयुर्वेदिक तेल का इस्तेमाल करती हैं। साथ ही ऐश्वर्या अपने डरमेटोलॉजिस्ट से भी सलाह लिए बिना किसी भी प्रॉडक्ट्स का यूज नहीं करती।
दीपिका पादुकोण
दीपिका अपने फिटनेस ही नहीं बल्कि खूबसूरती के लिए भी खास रिजीम को फॉलो करती हैं। दीपिका को सिर्फ आम लड़कियां ही नहीं बल्कि बी टाउन की हीरोइनें भी फॉलो करती हैं। बता दें कि वह अपनी खूबसूरती को बरकरार रखने के लिए हैल्दी डाइट लेती हैं। वह क्लीनजिंग, टोनिंग और मॉइस्चराइजिंग के साथ भी स्पा जाती हैं। ऑफ शूटिंग के दौरान वह मेकअप नहीं करती। नहाते समय वो लूफा यूज करती हैं। मेकअप रिमूवर और हेयर मसाज के लिए दीपिका नारियल तेल का यूज करती है।
करीना कपूर खान
करीना की खूबसूरती की आम लड़कियां ही नहीं बल्कि बॉलीवुड दीवाज भी दीवानी है। हालांकि उन्हें यह खूबसूरती विरासत में मिली है लेकिन इसे बरकरार रखने के लिए वह खास ब्यूटी रूटीन को फॉलो भी करती हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि वह कम से कम मेकअप प्रॉडक्ट्स का यूज करती हैं। वह शहद से चेहरे की मसाज करती हैं, ताकि त्वचा में नमी बरकरार रहे। साथ ही बालों के लिए वह हफ्ते में कम से कम 2 बार ऑयलिंग करती है और रेगुलर हेयर स्पा भी लेती हैं।
कैटरीना कैफ
बॉलीवुड की बार्बी डॉल यानि कैटरीना 36 साल की हो चुकी है लेकिन अपनी खूबसूरती को उन्होंने बखूबी बरकरार रखा है। बता दें कि वह स्किन प्रोटेक्शन के लिए सनस्क्रीन लगाना नहीं भूलती। खास बात तो यह है कि वह त्वचा पर क्रीम की बजाए ब्यूटी ऑयल और मिनरल क्ले फेसपैक का यूज करती हैं। साथ ही स्वस्थ बालों के लिए वह ऑलिव फ्रूट ऑयल से हेयर मसाज भी करती है।
अनुष्का शर्मा
अनुष्का अपने फेस को डिटॉक्सीफाई करने के लिए नीम फेस पैक का इस्तेमाल करती हैं। इसके लिए वे नीम पाउडर में दही, गुलाब जल और दूध मिलाकर इसे लगाती हैं। वह मेकअप रिमूवर के लिए क्रीम बेस्ड क्लींजर, स्किन मॉइश्चराइज के लिए कोकोआ बटर लोशन यूज करती हैं। बालों को स्वस्थ रखने के लिए वह ऑयलिंग करती हैं।
रेखा
बॉलीवुड की एवरग्रीन ब्यूटी कही जाने वाली एक्ट्रेस रेखा सिर्फ अपनी खूबसूरत स्किन ही नहीं बल्कि अपने काले घने और लंबे बालों के लिए खूब फेमस हैं। इतनी उम्र की होने के बाद भी उनके चेहरे पर एंटी-एजिंग की कोई निशानी नजर नहीं आती, जिसकी सबसे बड़ी वजह है उनका खास स्किन केयर रूटीन। वह समय-समय पर टोनिंग, क्लींजर, मॉइस्चंराइजिंग और फेशियल करवाती रहती हैं। साथ ही वह प्राचीन आयुर्वेद और अरोमाथेरेपी थेरेपी के सेशन लेती है। बालों की मजबूती व शाइन के लिए वह आंवला, शिकाकाई, मेथीदाना के अलावा नारियल तेल का यूज करती हैं। साथ ही वह हफ्ते में 2 बार शहद, दही और एग व्हाइट से बना मास्क लगाती हैं।
जैकलीन फर्नांडीज
'मिस श्रीलंका' का खिताब जीत चुकी एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडीज तो इंस्टाग्राम पर अक्सर अपने फैंस के साथ ब्यूटी सीक्रेट्स शेयर करती रहती हैं। उनका मानना है कि घरेलू नुस्खे हर किसी के लिए बेस्ट होते हैं। वह शहद और दही का फेसपैक लगाती है। वह लिप बाम की जगह भी शहद लगाना ही पसंद करती है। साथ ही वह टिशू पेपर या मलमल के कपड़े में आइस क्यूब डालकर आंखों और गालों को मसाज करती है। बालों की चमक और खूबसूरती को बरकरार रखने के लिए हफ्ते में 2-3 नारियल का तेल लगाकर सिर की मसाज जरूर करती है।
जाह्नवी कपूर
जाह्नवी अपनी मां यानि श्रीदेवी द्वारा बताए गए टिप्स को फॉलो करती हैं। वह बचे हुए फ्रूट्स स्क्रब और चंदन पाउडर से बना होममेड मास्क लगाती हैं। जाह्नवी ने बताया कि वह बालों में अंडा, बीयर और मेथी लगाती हैं। इससे न सिर्फ उनके बाल लंबे और मजबूत होते हैं बल्कि वह अन्य हेयर प्रॉब्लम्स से भी बची रहती हैं।
प्रियंका चोपड़ा
प्रियंका त्वचा की डेड स्किन को निकालने के लिए होममेड बॉडी स्क्रब का इस्तेमाल करती हैं। उन्होंने बताया कि वह बेसन, दही, नींबू का रस, दूध, चंदन पाउडर और हल्दी को मिलाकर टैनिंग वाले पार्ट्स पर स्क्रब करती हैं। बालों की शाइन और सॉफटनेस को बरकरार रखने के लिए वह दही, शहद और 1 अंडे को मिक्स करके स्कैलप पर लगाती हैं।
सोनम कपूर
वोग ब्यूटी अवार्ड में ब्यूटी ऑफ द ईयर अवार्ड जीतने वाली सोनम कपूर सनब्लॉक लगाए बिना घर से बाहर नहीं जाती। सोने से पहले वह मेकअप रिमूव करती हैं और फिर मॉइश्चराइजर व आई क्रीम भी लगाती हैं। कैमिकल्स वाले प्रॉडक्ट्स से दूर रहने वाली सोनम बेसन और दही का फेस पैक लगाती है। साथ ही महीने 2 बार बादाम या नारियल तेल से बालों की मसाज करती हैं।
माधुरी दीक्षित
बी-टाऊन की फेमस धक-धक गर्ल माधुरी 51 साल की उम्र पार कर चुकी हैं लेकिन उनकी खूबसूरत स्माइल की तरह उनके चेहरे का ग्लो वैसे ही बरकरार है। वह अंडे की जर्दी में आधा चम्मच कॉर्नस्टार्च और कुछ बूंदे एसेंशियल ऑयल की मिलाकर चेहरे पर लगाती हैं। डार्क सर्कल्स और सूजन को दूर रखने के लिए वो पुदीना और आलू यूज करती हैं। साथ ही अपनी मुस्कुराहट को बरकरार रखने के लिए वह स्ट्रॉबेरी व बेकिंड सोडे से टूथब्रश करती हैं। बालों की बात करें तो वह मेयोनीज-केला मास्क के साथ हफ्ते में एक बार हेयर मसाज जरूर करती हैं।
अदिति राव हैदरी
स्किन को ड्राइनेस से बचाने के लिए अदिति दूध से चेहरा धोती हैं। साथ ही वह इसके लिए ओट्स पाउडर में शहद और दूध मिलाकर भी लगाती हैं। इतना ही नहीं, स्किन ऑयली होने पर वह बेसन में हल्दी और दही मिलाकर चेहरे पर लगाती है। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि उन्हें बालों के लिए मोरक्कन ऑयल या कोकोनट ऑयल यूज करना हमेशा पसंद रहा है।